संग्रहण केंद्र से 80 हजार क्विंटल धान गायब, DMO, संग्रहण केंद्र प्रभारी की भूमिका संदिग्ध, कलेक्टर ने दिए जुर्म दर्ज करने के निर्देश

सूरजपुर/बिश्रामपुर। सूरजपुर जिले के लोधिमा धान संग्रहण केंद्र से 80 हजार क्विंटल धान गायब है। जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपए है। बताया जा रहा है धान की ऑफर तफरी में जिले का DMO, संग्रहण केंद्र प्रभारी के साथ ट्रांसपोर्टर की भूमिका संदिग्ध है। जांच के बाद कलेक्टर ने सभी के खिलाफ थाने में जुर्म दर्ज करने के निर्देश दिए है। इसी तरह जिले के शिवप्रसादनगर खरीदी केंद्र से 27 लाख और जयनगर समिति से 80 लाख रुपए का धान गायब है।

कलेक्टर डा.गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के धान संग्रहण केंद्र, विभिन्न धान खरीदी केंद्रों की हुई जांच व भौतिक सत्यापन में करोड़ों रुपए के धान बोरा सहित गायब होने का मामला सामने आया है। कलेक्टर के निर्देश पर सहायक खाद्य अधिकारी संदीप कुमार भगत, जिला विपणन अधिकारी उपेंद्र कुमार, सहकारी निरीक्षक एके अंसारी, खाद्य निरीक्षक नीतिश कुमार एवं कमलेश पटेल द्वारा संयुक्त रूप से संग्रहण केंद्र लोधिमा में खरीफ वर्ष 2019-20 के संग्रहित धान में शार्टेज एवं नुकसान के संबंध में 18 एवं 19 मई को जांच की गई थी। संग्रहण केन्द्र में 6 लाख 26 हजार 997.41 क्विंटल धान का भंडारण किया गया था। जिसमें से 5 लाख 44 हजार 347.25 क्विंटल धान मिलिंग के लिए जारी किया गया। परिदान पश्चात संग्रहण केंद्र में आनलाइन रिर्पोट अनुसार 82 हजार 650.16 क्विंटल धान एवं 1 लाख 04 हजार 68 बोरा रहा है। संग्रहण केन्द्र में धान के भौतिक सत्यापन किए जाने पर कुल 12 हजार 900 बोरी धान संग्रहण केन्द्र में उपलब्ध मिला। जिसका अनुमानित वजन 3 हजार 225 क्विंटल होता है। इस प्रकार संग्रहण केन्द्र में 92 हजार 987 नग बारदाने और 79 हजार 425.16 क्विंटल धान संग्रहण केंद्र से गायब है।संग्रहण केन्द्र में कम पाए गए धान एवं बारदाने का अनुमानित कीमत ढाई हजार रुपए क्विंटल के हिसाब से 20 करोड़ 67 लाख 50 हजार 375 रूपये की क्षति शासन को हुई है। इसके लिए तत्कालीन जिला विपणन अधिकारी बुधमान सिंह टेकाम, संग्रहण केंद्र प्रभारी अर्पण तिर्की, और केंद्र में काम करने वाले सहायक जिम्मेदार हैं। जांच दल ने सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए राशि की वसूली किया जाना प्रस्तावित किया गया है।

00 समिति से भी धान गायब, होगा FIR

धान उपार्जन केंद्र जयनगर का निरीक्षण 19 मई को सहायक खाद्य अधिकारी संदीप कुमार भगत, सहकारी निरीक्षक एनपी बर्मन, खाद्य निरीक्षक नीतिश कुमार, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिश्रामपुर आरके खरे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। जांच में पाया गया कि खरीफ वर्ष 2020-21 में कुल 851 किसानों से 46 हजार 146 क्विंटल धान की खरीदी समिति जयनगर द्वारा की गई। इसमें 42 हजार 813.37 क्विंटल धान का परिवहन किया गया। जांच में आनलाइन रिर्पोट अनुसार 8046 बोरे 3350.63 क्विंटल धान शेष बता रहा है। उपार्जन केंद्र के भौतिक सत्यापन के पश्चात 3114.83 क्विंटल एवं 7459 बोरे धान कम पाया गया। इससे शासन को लगभग 61 लाख 12 हजार 624 रुपये की क्षति हुई है। इस अनियमितता के लिए समिति प्रबंधक श्यामलाल प्रजापती, समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह और कम्प्यूटर ऑपरेटर कमल कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही इनके विरुद्ध संबंधित पुलिस थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की अनुशंसा की गई है। इसी तरह खाद्य अधिकारी भैयाथान तथा खाद्य निरीक्षक सूरजपुर के द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार उपार्जन केंद्र शिवप्रसादनगर में 1391 क्विंटल धान की कमी पाई गई। इसके साथ ही 7 हजार 139 नग खाली बारदाने भी नहीं मिले। इसका मूल्य 27 लाख 96 हजार 263.73 रुपये है। उपार्जन केन्द्र शिवप्रसादनगर में धान की अफरा-तफरी करने में शामिल तत्कालीन खरीदी प्रभारी सोहराब अंसारी, पटवारी संतोष सिंह, कंप्यूटर आपरेटर राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सहायक प्रबंधक जीवतेश श्रीवास्तव, तत्कालीन सहायक प्रबंधक सत्तेशवर साहू एवं आवक प्रभारी मुर्शीद अंसारी के विरूद्ध जांच दल द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु निर्देश दिया गया है।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *