मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे : अरुण साव ने कहा – यह कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा, सेवा, सुरक्षा, संस्कृति और शिक्षा मोदी सरकार की पहली प्राथमिकता

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के गौरवशाली ग्यारह वर्ष पूरा करने के उपलक्ष्य में आज जिला भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर द्वारा आयोजित एक प्रेसवार्ता को छत्तीसगढ़ शासन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकसित भारत के अमृत काल में सेवा सुशासन और गरीब कल्याण की नई यात्रा तय की है। मोदी सरकार की हर योजना के केंद्र में जनकल्याण और आम नागरिक जीवन को आसान करने के साथ ही साथ देश को वैश्विक स्तर पर एक नया आयाम देने की भावना रही है। बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने सीमा सुरक्षित की, अर्थव्यवस्था को मजबूत किया और टेक्नोलॉजी को जन जन तक पहुंचाया। श्री साव ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए बताया कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों और एयरबेस को ध्वस्त कर यह दिखा दिया कि अब मोदी का यह नया भारत शांति की बातें नहीं बल्कि घर में घुसकर आतंक का सफाया करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान को स्पष्ट और सख्त संदेश भी दिया कि आतंक, पानी और व्यापार एक साथ नहीं चल सकती  खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता। पूरे विश्व को उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय धरती पर किसी भी हमले को युद्ध की कार्यवाही माना जाएगा। नए भारत में उभरता हुआ भारत आज स्वदेशी तकनीक के साथ अब न केवल आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति के रूप में उभर रहा है बल्कि रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है। एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम, ब्रह्मोस, आकाश मिसाइल, आईएनएस विक्रांत, तेजस और प्रचंड अटैक हेलीकॉप्टर जैसी स्वदेशी तकनीक इसके ज्वलंत उदाहरण हैं। आज भारत का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़कर 23622 करोड़ तक पहुंच गया है। यह प्रधानमंत्री के रणनीतिक दूरदर्शिता और कूटनीतिक तैयारी का नतीजा है। एक समय था जब देश के 96 जिले नक्सलवाद की चपेट में थे लेकिन प्रधानमंत्री की निर्णायक नीति, सुरक्षा बलों की सशक्त करवाई और विकास की डबल रणनीति के कारण अब नक्सल प्रभावित जिले घटकर गिनती के रह गए हैं। नक्सली घटनाओं में 70% की कमी आई है। आज भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। वैश्विक डिजिटल लेनदेन के 49 प्रतिशत लेनदेन भारत में होते हैं। देश का वस्तु और सेवन निर्यात 825 अरब डालर तक पहुंच गया है। सरकार के ई बाजार, जेम पोर्टल से खरीदी में भ्रष्टाचार पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। इस प्रणाली पर मार्च 2025 तक 13.41 लाख करोड़ से अधिक के 2.83 करोड़ आर्डर दिए गए हैं। मोदी सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की शुरुआत कर 44 लाख करोड रुपए सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचना शुरू कर दिया, जिससे दलालों की भूमिका खत्म हो गई और भ्रष्टाचार में कमी आई। आईएमएफ और यूएनडीपी जैसे वैश्विक संस्थाओं ने भारत में गरीबी उन्मूलन को लेकर मोदी सरकार के प्रयासों को सराहा है। जिसके परिणाम स्वरुप लगभग 25 करोड लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 55.22 करोड़ बैंक खाता खोलकर देश की आम जनता को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा है। प्रधानमंत्री ने ईजी आफ डूइंग बिजनेस को जमीन पर उतरते हुए भारत को 142 सी रैंक से 63 रैंक तक पहुंचा है। व्यापार को आसान बनाने वाली नीतियों के परिणाम स्वरूप 2023 24 में 1.80 लाख से अधिक नई कंपनियां भारत में रजिस्टर हुई है। 2024 में चंद्रयान-3 की सफलता और अब गगनयान की तैयारी इस बात का प्रमाण है कि मोदी का नया भारत केवल धरती पर ही नहीं बल्कि अंतरिक्ष में भी आगे बढ़ रहा है। यह मोदी सरकार में भारत के उत्कृष्ट वैज्ञानिकों को दिए गए महत्व उनके हुनर को दिए गए अवसर और उनकी प्रतिभा को दी गई पहचान से मुमकिन हुआ है। मोदी सरकार ने इंफ्रा निर्माण की रफ्तार को नई गति दी, चिनाब ब्रिज जिसे हाल ही में प्रधानमंत्री ने उद्घाटन किया विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज है। महाराष्ट्र में बढ़ावा पोर्ट परियोजना 7600 करोड़ के निवेश के साथ भारत के व्यापार और समुद्री बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखती है। भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल, ऐतिहासिक पंबन रेल पुल रामेश्वर से कनेक्टिविटी को बढ़ाएगा। राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम 2016 के तहत 111 जलमार्गों को राष्ट्रीय जलमार्ग घोषित किया गया और पिछले 5 वर्षों में 3600 किलोमीटर हाई स्पीड कॉरिडोर का निर्माण किया गया। मोदी सरकार में 99% गांव सड़क का कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। देश में प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। रेल बजट को 9 गुना बढ़ाया गया है। 136 बंदे भारत ट्रेन चल रही है। 103 अमृत भारत स्टेशन पुनर्निमित किए गए हैं। उड़ान योजना के तहत न सिर्फ हवाई अड्डों की संख्या 160 तक दोगुनी हुई बल्कि आम आदमी के लिए हवाई सफर संभव हुआ है। 2025 26 में कृषि बजट को रिकॉर्ड 5 गुना बढ़ाया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को 3.7 लाख करोड़ दिए गए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अब तक 1.75 लाख करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना ने 81 करोड लोगों को मुफ्त 5 किलो अन्न दिया का रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बने, जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुंचा और वही स्वच्छ भारत अभियान के तहत बनाए गए 12 करोड़ शौचायलयों ने हमारी माता बहनों को गरिमा पूर्ण जीवन दिया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 93 हजार करोड़ रुपए से 122 सिंचाई परियोजनाएं शुरू हुई। जिससे बारिश पर निर्भरता घट रही है। enam से 1473 मंदिरों को जोड़ा गया, जिससे व्यापार पारदर्शी हुआ है प्रधानमंत्री मोदी ने विकास भी और विरासत भी के सूत्र का पालन किया है। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना, विश्व स्तरीय काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल परियोजना और राम मंदिर अब सपना नहीं बल्कि असलियत है। स्टैचू ऑफ यूनिटी पंच तीर्थ नेशनल वॉर मेमोरियल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति इंडिया गेट पर अनावरण कर नायकों को सम्मानित किया है। कल की असली ताकत देश की युवा शक्ति है सरकार की नई शिक्षा नीति 2020 शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला रही है। आज एम्स की संख्या बढ़कर 23 हो गई, आठ नए आईआईएम के साथ सात नए आईआईटी और 490 यूनिवर्सिटी स्थापित की गई है। पीएम कौशल विकास योजना के तहत 1.6 करोड़ युवाओं को ट्रेनिंग मिली है। सरकार की स्टार्टअप इंडिया योजना ने भारत को दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनाया है और 1.6 लाख से ज्यादा स्टार्टअप में 17.6 लाख से अधिक नौकरियां दी। आज टायर 2 और टेयर 3 शहरों में 51% स्टार्टअप है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत 40.71 करोड़ स्वास्थ्य बीमा कार्ड जारी किए गए, जिनसे 9 करोड़ से अधिक अस्पताल में 1.3 लाख करोड रुपए से ज्यादा के मुफ्त इलाज दिए गए। 77 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट बनाए गए, 37 करोड़ से अधिक टैली कंसल्टेशन, ई संजीवनी के माध्यम से हुए सभी के लिए स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 10 उच्च फॉक्स वाले राज्यों में 17750 से अधिक ग्रामीण स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र और सभी राज्यों में 11000 से अधिक शहरी स्वास्थ्य और वैलनेस केंद्र स्थापित किए गए हैं। स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे पर 64180 करोड रुपए का निवेश किया जा रहा है। अरुण साव ने कहा कि देश के इतिहास में मोदी सरकार का यह कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह कार्यकाल विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प सिद्धि का स्वर्णिम काल बन रहा है। बीते 11 वर्षों की यह यात्रा मोदी ने अकेले नहीं बल्कि खुद को तपाकर 140 करोड़ देशवासियों के परिश्रम त्याग और सपनों को परवाज़ देते हुए की है। मोदी सरकार का कालखंड भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल है। उन्होंने कहा कि 11 साल के निरंतर जारी सफर को एक भाषण में या एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में समेटना उतना ही मुश्किल है जैसे पूरी जिंदगी को कुछ पन्नों में समेटना। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की सोच में जहां तकनीक है वही तरक्की है। जहां भाजपा सरकार है वहां गरीब का कल्याण है, शासन अब सेवा है, सरकार अब सहभागी है, सुशासन अब संस्कृति है। पिछले 11 वर्षों में भारत को विकसित बनाने का अमृतकाल की शुरुआत की गई 2014 से पहले हमारी सोच थी कि कैसे काम होगा, यह नहीं हो पाएगा, यह नहीं हो सकता। जबकि आज की सोच है यह होगा और जरूर होगा.. क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिल्हा के विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिलासपुर छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय उर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर दीपक सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत, जिला के कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया, के के शर्मा उपस्थित थे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *