मुख्यमंत्री ने किसानों के खातों में डाला 10 हजार 324 करोड़ रूपए, 263.17 करोड़ के 89 कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आयोजित आदान सहायता राशि वितरण समारोह में बटन दबाकर 25.28 लाख किसानों के खाते में 10 हजार 324 करोड़ रूपए से अधिक की राशि का अंतरण किया। इनमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसान शामिल है। जिनके खाते में 494.38 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को नई गति देते हुए 15.99 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 7 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 247.18 करोड़ की लागत के 82 विकास कार्याें का शिलान्यास किया। मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का दिन किसान भाइयों के सम्मान का दिन है। प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों ने धान बेचा है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से आज 10 हजार करोड़ से अधिक की राशि किसानों के खाते में अंतरित की गई है। किसान भाई होली का त्योहार अच्छे से मनाएं इसलिए होली के पूर्व यह राशि प्रदान की जा रही है। हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है, हमारी सरकार ने किसानों की चिंता करते हुए उनके लिए प्रगतिशील योजनाएं लाई है। हमारी सरकार प्रदेश के किसानों को धान की सर्वाधिक कीमत दे रहे हैं ऐसी व्यवस्था कहीं नहीं है। सहकारिता का विस्तार करते हुए इसे लाभकारी बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को 6000 रुपए सम्मान निधि की राशि प्रदान की जा रही है। इस वर्ष के बजट में 13 हजार करोड़ से अधिक की राशि कृषि के लिए रखा गया है यह किसानों के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नक्सलवाद बस्तर क्षेत्र से समाप्ति की ओर है और इस दिशा में हम सफल हो रहे हैं। निश्चित रूप से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का संकल्प पूरा होगा। राज्य में पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए एनडीडीबी से समझौता किया गया है और अब छत्तीसगढ़ में भी दुग्ध की क्रांति आने वाली है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने चकरभाटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन करने, मंगला में माध्यमिक शाला का हाई स्कूल में उन्नयन एवं रहंगी के खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल एवं स्टेज निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सतनामी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रूपए, आदिवासी समाज के लिए पत्थरखान में सामुदायिक भवन हेतु 50 लाख रूपए देने की घोषणा की।
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि उन्नति योजना का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री जी किसानों के बीच आए हैं यह बहुत ही ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज 10 हजार 300 करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खाते में सीधे अंतरित किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हर साल किसानों के खाते में धान की राशि अंतरित की जा रही है। उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि धान से ज्यादा लाभकारी दलहन एवं तिलहन के फसलों के उत्पादन में होता है। उन्होंने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कृषि मंत्री ने कहा कि खेती किसानी में नवाचार और परिवर्तन से ही किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने किसानों का स्वागत अभिनंदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों के दर्द और मेहनत को समझते हैं और होली से पहले किसानों की मेहनत और पसीने का सौगात देने के लिए आज आपके बीच उपस्थित है। अन्नदाताओं और किसानों की मेहनत के कारण ही छत्तीसगढ़ खुशहाल है। विगत 3 साल में चार लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हुई है। 1 लाख 50 हजार करोड़ से अधिक की राशि किसानों के खाते में अंतरित की गई। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सड़क, सिंचाई सहित विकास के सभी आयामों में बेहतर कार्य हुआ है। विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना के साथ छत्तीसगढ़ में विकास की दशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शाहला निगार ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, छत्तीसगढ़ राज्य पाठय पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि उत्पादन आयुक्त शाहला निगार, संचालक कृषि राहुल देव, कमिश्नर सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान मौजूद रहे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *