बिलासपुर। रेंज साइबर थाने की पुलिस ने किराए के बैंक खातों में 4 करोड़ रुपए से ज्यादा के लेनदेन का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों में साइबर ठगी के 50 से ज्यादा मामले दर्ज है। आरोपीगण कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किराए पर दे दिया था। ठग इन खातों का उपयोग साइबर ठगी में करते थे और खाते में पैसा आते ही अपने खाते में पैसा ट्रांसफर कर लेते थे।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण बैंक के मंगला शाखा में एक बैंक खाते में बड़ी मात्रा में संदिग्ध राशि के लेन-देन की जानकारी पुलिस को हुई तो अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। जांच में पाया गया कि अजय फार्म हाउस के नाम से संचालित एक बैंक खाते में दिनांक 18.05.2026 से 12.06.2026 के बीच मात्र 25 दिनों में कुल ₹2,20,68,443/- की संदिग्ध राशि का हस्तांतरण हुआ है। बैंक खाते के स्टेटमेंट, अकाउंट ओपनिंग फॉर्म, KYC दस्तावेज एवं अन्य बैंकिंग अभिलेखों के परीक्षण से खाते का साइबर वित्तीय अपराध में उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। बैंकिंग लेन-देन, तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल नंबर, विभिन्न बैंक खातों एवं आरोपियों के आपसी संपर्कों का विश्लेषण किया गया तो 06 लोगों की भूमिका संदिग्ध नजर आई। इनमें ….
1. आरोपी अजय कुमार सोनी
आरोपी अजय कुमार सोनी ने अजय फार्म हाउस के नाम से बैंक खाता खुलवाया। उसमें नेट बैंकिंग के लिए मोबाइल नंबर लिंक कराया। इसके बाद अभिलाष डेनियल उर्फ चिंटू के माध्यम से अजय सोनी का संपर्क बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों से हुआ। अजय सोनी ने अपना बैंक खाता एवं खाते से संबंधित जानकारी अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराई गई और इसके बदले कमीशन लिया। इसके बाद अजय सोनी के बैंक खाते में दिनांक 18.05.2026 से 12.06.2026 के मध्य ₹2.20 करोड़ से अधिक का लेन-देन किया गया। उनसे मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और कई बैंकों के एटीएम कार्ड जब्त की गई।
2. आरोपी अभिलाष कुमार डेनियल उर्फ चिंटू
अभिलाष कुमार डेनियल उर्फ चिंटू ने नरेन्द्र कुर्रे के माध्यम से बैंक खाता उपलब्ध कराने के बदले ₹20,000/- कमीशन प्राप्त होने की बात सामने आई। आरोपी ने अपने परिचित अजय कुमार सोनी को बैंक खाता खुलवाने के लिए तैयार किया। इसके बाद बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों से संपर्क स्थापित कराया।
विवेचना में आरोपी द्वारा बैंक खाता उपलब्ध कराने तथा उसके बदले कमीशन प्राप्त करने की भूमिका सामने आई है। आरोपी के मोबाइल फोन एवं अन्य बैंकिंग सामग्री को भी विवेचना में जब्त किया गया है।
3. आरोपी भास्कर कश्यप
आरोपी भास्कर कश्यप ने अजय कुमार सोनी के कहने पर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में अपना बैंक खाता खुलवाया। उसे बताया गया था कि उक्त बैंक खाते का उपयोग साइबर धोखाधड़ी से संबंधित लेन-देन के लिए किया जाएगा तथा इसके बदले ₹20,000/- कमीशन प्राप्त होगा। आरोपी द्वारा अपना बैंक खाता अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया गया। जांच में उसके बैंक खाते के विरुद्ध विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में साइबर अपराध संबंधी शिकायतें दर्ज होना पाया गया।
4. आरोपी नरेन्द्र कुर्रे
विवेचना में आरोपी नरेन्द्र कुर्रे की भूमिका बैंक खातों की व्यवस्था करने एवं खाताधारकों से संपर्क स्थापित करने वाले व्यक्ति के रूप में सामने आई है। आरोपी द्वारा बैंक खाते की आवश्यकता रखने वाले व्यक्तियों से संपर्क किया जाता था तथा खाताधारकों को उनके बैंक खाते से होने वाले लेन-देन के आधार पर लगभग 2.8 प्रतिशत कमीशन देने की बात कही जाती थी। आरोपी द्वारा स्वयं के बैंक खाते तथा अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों को ऑनलाइन फ्रॉड में उपयोग किए जाने हेतु उपलब्ध कराने की भूमिका सामने आई है। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर मोबाइल फोन एवं अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई है।
5. आरोपी आशीष तिवारी
आरोपी आशीष तिवारी द्वारा नरेन्द्र कुर्रे के कहने पर बैंक खाता खुलवाया और उसे ऑनलाइन फ्रॉड में उपयोग के लिए उपलब्ध कराया। विवेचना में सामने आया कि आरोपी देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन द्वारा उसके मोबाइल फोन में आवश्यक एप्लीकेशन डाउनलोड कर कुछ समय तक कार्य किया गया।
बैंक खाता उपलब्ध कराने के बदले आशीष तिवारी को ₹25,000/- कमीशन मिला।
6. आरोपी देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन
आरोपी देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन नरेन्द्र कुर्रे एवं अन्य आरोपियों के संपर्क में था। विवेचना में प्राप्त तथ्यों के अनुसार आरोपी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों की जानकारी लेकर उनमें आवश्यक एप्लीकेशन डाउनलोड कर ऑनलाइन फ्रॉड संबंधी गतिविधियों में उपयोग किया जाता था। आरोपी द्वारा आशीष तिवारी के बैंक खाते में भी एप्लीकेशन डाउनलोड कर ऑनलाइन गतिविधियों के लिए उपयोग किए जाने तथा इसके बदले आशीष तिवारी को ₹25,000/- कमीशन दिए जाने की भूमिका सामने आई है।
विभिन्न राज्यों से सामने आईं 50 साइबर अपराध संबंधी शिकायतें
मामले की तकनीकी एवं बैंकिंग जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों के संबंध में कई राज्यों में साइबर वित्तीय अपराध संबंधी शिकायतों की जानकारी हुई। जिसमें
* आरोपी अजय कुमार सोनी के बैंक खाते के विरुद्ध चंडीगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान एवं झारखंड में कुल 21 शिकायतें दर्ज है।
* आरोपी भास्कर कश्यप के बैंक खाते के विरुद्ध महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम, बिहार, दिल्ली, गोवा, गुजरात एवं तमिलनाडु में कुल 24 शिकायतें दर्ज है।
* आरोपी नरेन्द्र कुर्रे के बैंक खाते के संबंध में कर्नाटक एवं मध्यप्रदेश से 02 शिकायतें है।
* आरोपी आशीष तिवारी के बैंक खाते के संबंध में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल से 03 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इस प्रकार आरोपियों से संबंधित बैंक खातों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों से कुल 50 साइबर वित्तीय अपराध संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। शिकायतों में लगभग ₹4 करोड़ की वित्तीय धोखाधड़ी करने की जानकारी मिली है। जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर अपराधी अपने नेटवर्क में आम लोगों को कमीशन का लालच देकर बैंक खाते खुलवाते थे। इन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने एवं आगे अन्य खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता था। ऐसे बैंक खातों को सामान्यतः म्यूल बैंक अकाउंट कहा जाता है। प्रकरण में आरोपियों के बीच संपर्क, बैंक खातों के लेन-देन, मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। साइबर अपराध से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं खातों के संबंध में भी विवेचना को जा रही है।
मार्गदर्शन एवं नेतृत्व
समस्त कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) एवं पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन/मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई। प्रकरण की कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा, कामिल हक एवं रेंज साइबर थाना के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण
1. अजय कुमार सोनी पिता भागीरथी सोनी, उम्र 36 वर्ष, निवासी रामनगर टिकरीपारा, तखतपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
2. अभिलाष कुमार डेनियल उर्फ चिंटू पिता सुभाष डेनियल, उम्र 49 वर्ष, निवासी पटेलपारा भथरी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली (छ.ग.)
3. भास्कर कश्यप पिता जोगेन्द्र कश्यप, उम्र 42 वर्ष, निवासी मकान नंबर EWS-60, दीनदयाल कॉलोनी मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
4. नरेन्द्र कुर्रे पिता थनवार लाल कुर्रे, उम्र 35 वर्ष, निवासी बस्ती बाराद्वार, कमहा मोहल्ला, पुराना नौधा चौक के सामने, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती (छ.ग.)
5. आशीष तिवारी पिता गिरजा शंकर तिवारी, उम्र 36 वर्ष, निवासी मकान नं. M-29, पंप हाउस कॉलोनी, थाना सीएसईबी चौक, जिला कोरबा (छ.ग.)
6. देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन पिता कुंदन कुमार दास, उम्र 26 वर्ष, निवासी मकान नंबर 2/32, गिट्टी खदान रोड, कटोरा तालाब रोड, थाना सिविल लाइन, जिला रायपुर (छ.ग.)
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरSeptember 10, 2026किराए के बैंक खाते में 4 करोड़ का लेनदेन, 6 गिरफ्तार, कई राज्यों में दर्ज है साइबर ठगी के 50 मामले
बिलासपुरSeptember 10, 2026रविवार को भी ओपीडी से ऑपरेशन तक जारी रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं, छुट्टी के दिन भी डॉक्टर, जांच और सर्जरी की सुविधा – CEO APOLLO
बिलासपुरSeptember 9, 2026नवनियुक्त प्रदेश एनजीओ प्रभारी एस.एस.डी. बड़गैंया का बिलासपुर में किया गया सम्मान
बिलासपुरSeptember 9, 2026आधीरात शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, भाई ने पकड़ लिया…, फिर बाड़ी में मिला शव, 2 महीने बाद पकड़ाए आरोपी
