बिलासपुर। सरगुजा के कलेक्टर अजीत वसंत ने कार्यालय में घुसकर पटवारी से मारपीट करने वाले भाजपा नेता और आदतन अपराधी जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर को जिलाबदर कर दिया है। कलेक्टर ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर राज्य सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 5 के तहत की है। इस आदेश के बाद आरोपी 10 सितंबर 2026 से एक वर्ष तक सरगुजा सहित छह पड़ोसी जिले की सीमाओं में भी नजर नहीं आएगा। निष्कासन की यह अवधि सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिलों पर लागू होगी।
जानकारी के अनुसार मामला 22 अप्रैल का है जब दरिमा भाजपा मंडल के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा के तत्कालीन अध्यक्ष जितेंद्र कुजूर ने कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में प्रवेश किया। वहां उसने पटवारी प्रकाश मंडल से राजस्व निरीक्षक अनिता राजवाड़े के संबंध में जानकारी मांगी। जब पटवारी ने बताया कि राजस्व निरीक्षक दोपहर के भोजन के लिए गई हैं, तो आरोपी ने फोन लगाने को कहा। पटवारी ने दीवार पर लिखे नंबर से खुद बात करने या न उठाने पर बात कराने की बात कही। इस बात से नाराज होकर जितेंद्र कुजूर ने पटवारी की पिटाई शुरू कर दी और बीच-बचाव करने आए कंप्यूटर ऑपरेटर को भी पीटा। पटवारी जब खुद को बचाने के लिए दफ्तर से बाहर भागा तो भाजपा नेता ने उसे बाहर भी लात-डंडे से पीटा। कई झापड भी मारे लेकिन पटवारी ने किसी तरह अपने कमरे में भागकर और अंदर से दरवाजा बंद करके जान बचाई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए जिलाबदर की कार्रवाई का प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया था। इस प्रतिवेदन के आधार पर जिला दंडाधिकारी और कलेक्टर ने यह आदेश जारी कर दिया है।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरSeptember 10, 2026भाजपा नेता को कलेक्टर ने किया जिलाबदर, पटवारी को मारा था लात घूंसों से
बिलासपुरSeptember 10, 2026किराए के बैंक खाते में 4 करोड़ का लेनदेन, 6 गिरफ्तार, कई राज्यों में दर्ज है साइबर ठगी के 50 मामले
बिलासपुरSeptember 10, 2026रविवार को भी ओपीडी से ऑपरेशन तक जारी रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं, छुट्टी के दिन भी डॉक्टर, जांच और सर्जरी की सुविधा – CEO APOLLO
बिलासपुरSeptember 9, 2026नवनियुक्त प्रदेश एनजीओ प्रभारी एस.एस.डी. बड़गैंया का बिलासपुर में किया गया सम्मान
