पुलिस पर पथराव और बस में आगजनी, स्टील प्लांट के 15 श्रमिक गिरफ्तार

रायपुर। सिलतरा में हड़ताली श्रमिकों को रोकने गई पुलिस पर पथराव करने और पुलिस बस आग लगाने के मामले में पुलिस ने 15 श्रमिकों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ पुलिस ने शासकीय काम में बाधा डालने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।

गुरुवार को सिलतरा स्थित SKS इस्पात के प्लांट में श्रमिकों ने वेतन वृद्धि समेत अनेक मामलों को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शन कारियों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई थी। श्रमिकों ने पुलिस वाहन को जलाने के अलावा जवानों पर पथराव भी किया था। जिस पर आरोपियों के खिलाफ थाना धरसीवां में धारा 186, 353, 332, 427, 435, 448, 147, 148, 149 और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस मामले में पुलिस ने अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि SKS इस्पात में पिछले माह भी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल की गई थी, लेकिन उस वक्त जल्द ही मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन कंपनी की तरफ से मांग पूरी नहीं किए जाने से कर्मचारियों का आक्रोश फिर से भड़क गया। नारेबाजी करते हुए श्रमिक कंपनी के कैंपस में घुस आए। कंपनी की तरफ से पुलिस को खबर दी गई। इस दौरान सिलतरा इलाके की पुलिस चौकी से जवानों की क्विक रिस्पांस टीम बस में सवार होकर आई। पुलिस को देख मजदूर और भड़क गए और अपनी मांगों को अनदेखा करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। श्रमिकों और पुलिस जवानों के बीच झूम झटकी शुरू हो गई। इस बीच कुछ मजदूरों ने पुलिस वाहन को ही आग के हवाले कर दिया।

श्रमिक वेतन वृद्धि, सुरक्षा उपकरण दिए जाने और बीमा समेत कई मांगों को लेकर 14 जुलाई से हड़ताल पर थे। इस दौरान तहसीलदार के सामने फैक्ट्री प्रबंधन ने मांगों को मानते हुए मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया था। फैक्ट्री प्रबंधन की तरफ से मिले आश्वासन के बाद श्रमिकों ने आंदोलन खत्म कर दिया था, लेकिन मांगे पूरी नहीं होने के बाद दोबारा प्रदर्शन शुरू कर दिया।

SKS इस्पात प्रबंधन का आरोप है कि ‘मजदूरों की मांग लगभग पूरी कर दी गई थी। 90 परसेंट मजदूर काम पर लौटने के लिए तैयार थे। लेकिन कुछ मजदूर शराब पीकर आए और हंगामा करने लगे। इसकी सूचना जब हमने पुलिस को दी तब मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की गई और पुलिस के वाहन को आग लगा दी गई। फैक्ट्री के अंदर कंप्यूटर और खिड़कियों पर भी तोड़फोड़ की गई है।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *