विमान सेवा शुरू होने पर श्रेय लेने की होड़, गृहमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष को दिया जोर का झटका धीरे से

बिलासपुर। बिलासपुर से नियमित विमान सेवा शुरू होने को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं में श्रेय लेने की होड़ लगी रही। श्रेय लेने के चक्कर मे नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौसिक ने अपनी किरकिरी करा ली। श्रीकौसिक विमान सेवा शुरू करने के लिए शतप्रतिशत श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देने की कोशिश की तो गृहमंत्री ने भी उन्हें नसीहत देते हुए कह दिया कि एक समय ऐसा भी था जब राज्य और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार थी, ये विमान सेवा उस समय क्यों शुरू नही हो सका ?

विकास कार्य को लेकर हो या लोकार्पण-शिलान्यास का मामला क्यों न हो राजनैतिक पार्टियों और नेताओं में श्रेय लेने का प्रयास करना आम बात है। लेकिन श्रेय लेने की ये होड़ कभी-कभी मंहगा भी पड़ जाता है। विमान सेवा शुरू होने के कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौसिक के साथ यही हो गया। चारभाठा एयरपोर्ट के कार्यक्रम में जिला प्रसाशन ने भाजपा-कांग्रेस सभी दलों के नेताओ को आमंत्रित किया। क्योंकि नियमित विमान सेवा शुरू कराने के लिए सभी ने अपने अपने तरीके से प्रयास किया है। इसी का नतीजा है कि सोमवार को बिलासपुर से नियमित विमान सेवा शुरू हो गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जब नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौसिक को संबोधन के लिए बुलाया गया तो उन्होंने अपने उद्बोधन के माध्यम से पूरा का पूरा श्रेय केंद्र की भाजपा सरकार को और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जब बिलासपुर को रेलवे जोन की सौगात मिली तो देश मे भाजपा की सरकार थी और अटल बिहारी बाजपेयी प्रधानमंत्री थे, जब हाईकोर्ट ओर एनटीपीसी खुला तो भाजपा की सरकार थी, छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाने वाले भी भाजपा का प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी थे और आज बिलासपुर में जब नियमित विमान सेवा शुरू हो रही है तो फिर केंद्र में भाजपा की सरकार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। जिनकी उड़ान योजना के तहत बिलासपुर में नियमित विमान सेवा शुरू हो रही है। इतना कहने के बाद उन्होंने सामने बैठे लोगों को इशारा किया और मोदी..मोदी…मोदी…के नारे लगने शुरू हो गए। कुछ देर के लिए गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू समेत कांग्रेस के सभी नेता असहज महसूस करने लगे थे। हालांकि दर्शक दीर्घा से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी हूटिंग करते हुए पेट्रोल और गैस की कीमत कम करा देने की मांग कौसिक से करने लगे। उनके बाद उद्बोधन के लिए गृह, लोकनिर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू को उद्बोधन के लिए बुलाया गया। उन्होंने ठेठ छत्तीसगढ़ी लेकिन बेहद शालीन और मधुर भाषा मे नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौसिक को धोबी पछाड़ पटकनी दी और कहा कि कुछ साल पहले प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और रमन सिंग मुख्यमंत्री थे और केंद्र में भी भाजपा की सरकार थी और नरेंद्र मोदीजी प्रधानमंत्री थे। उस समय बिलासपुर से नियमित विमान सेवा क्यों शुरू नही हो सकी ? उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि ये अवसर श्रेय लेने का नही है बल्कि खुशी मनाने का है। उन्होंने कहा कि नियमित विमान सेवा शुरू करने के लिए कई लोगों ने प्रयास किए है। नागरिक संघर्ष समिति ने लंबा आंदोलन किया है। धर्मजीत सिंह के पहल पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक बार मे 27 करोड़ रुपए एयरपोर्ट निर्माण के लिए स्वीकृत किया। जब बजट मिला तभी एयरपोर्ट निर्माण में तेजी आई। नियमित विमानसेवा शुरू होने के लिए केंद्र और राज्य सरकार सभी का सहयोग है। इसलिए किसी एक ब्यक्ति को श्रेय देने का प्रयास नही करना चाहिए। ये उपलब्धि सभी की है और सबको खुशी मनाना चाहिए। इतना कहना था कि दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाह से गूंज उठा और जमकर हूटिंग करते हुए श्री साहू का लोगों ने समर्थन भी किया।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *