रायपुर। ACB की टिम ने 3 लोगों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सक्ती जिले में शुक्रवार को 15 हजार की रिश्वत लेते BMO को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ही कर्मचारी से टीए (यात्रा भत्ता) पास करने के लिए घूस की डिमांड की थी। इसी तरह कोरिया जिले में ACB की टीम ने ASI और PLV (न्यायालय की ओर से नियुक्त विधिक सलाहकार) को 12 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। उन्होंने मोटर व्हीकल एक्ट के मामले में गाड़ी के मालिक से रिश्वत मांगी थी। मामला पटना थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक है। यहां बीएमओ डॉ. राजेंद्र कुमार पटेल ने अपने ही कार्यालय में कार्यरत सहायक ग्रेड-2 उमेश कुमार चंद्र से 81 हजार का यात्रा भत्ता (टीए) पास करने के बदले 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद उमेश ने मामले की शिकायत एसीबी की रायगढ़ कार्यालय में कर दी। शिकायत की जांच के बाद ACB की टीम ने BMO को ट्रैप किया और दफ्तर में रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी BMO के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। विभाग स्तर पर भी बीएमओ के खिलाफ विभागीय जांच की तैयारी की जा रही है।
दूसरा और तीसरा मामला कोरिया जिले का है। जिले के पटना थाने में पदस्थ ASI पोलीकार्प टोप्पो और PLV (न्यायालय की ओर से नियुक्त विधिक सलाहकार) राजू ने मोटर व्हीकल एक्ट के मामले में सोरगा के रहने वाले वाहन मालिक से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में उनके बीच सौदा 12 हजार में तय हुआ। लंबे समय से मामले को लेकर परेशान वाहन मालिक ने इसकी शिकायत सरगुजा ACB से की थी। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर सरगुजा ACB की टीम शुक्रवार (17) को पटना पहुंची।
टीम ने केमिकल लगे 12 हजार रुपए के नोट देकर शिकायतकर्ता को थाने में भेजा। उसने रिश्वत देने के बाद इशारा किया तो ACB की टीम ने थाने में पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई है।
ACB की टीम ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। आगे की कार्रवाई और पूछताछ के लिए बैकुंठपुर रेस्ट हाउस लेकर पहुंची है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ACB के TI ने बताया कि कार्रवाई के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरSeptember 17, 2026मुख्यमंत्री के क्षेत्र में भाजपा को बड़ा झटका, 8 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, कहा – बिजली, पानी, सड़क के लिए तरस गए
बिलासपुरSeptember 16, 2026ढाबा को बना लिया था बार, पुलिस ने किया संचालक को गिरफ्तार, जप्त की शराब की बोतलें
बिलासपुरSeptember 16, 2026झीरम कांड के 10 आरोपियों को मृत्यु दंड की सजा, कांग्रेस के 29 नेताओं की हुई थी हत्या, देखें आरोपियों की सूची…
बिलासपुरSeptember 14, 2026शादीशुदा गर्लफ्रेंड को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर लगा दी आग
