रायपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर संयुक्त परेड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर द्वारा सलामी दी गई। राज्यपाल ने इस अवसर पर जनता के नाम संदेश दिया और कहा- हमारा संविधान कहता है कि प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता है। सभी को प्रतिष्ठा और अवसर की समानता का अधिकार है। मैं बड़े ही गर्व के साथ यह कहती हूं कि हमारे संविधान की छत्र-छाया में हमने जिस तरह सात दशकों तक अपने हितों की सुरक्षा पाई, सर्वांगीण विकास किया, भविष्य में भी इसकी छत्र-छाया में हम निरंतर आगे बढ़ेंगे।

सुश्री उइके ने कहा कि मेरे प्रिय छत्तीसगढ़वासियों, मैं आप लोगों की प्रतिभा, लगन, निष्ठा, संघर्ष करने की क्षमता और विपरीत परिस्थितियों में भी जीतने की दृढ़ इच्छा-शक्ति से अभिभूत हूं। कोरोना महामारी के लंबे दौर में भी आप लोग मेरी सरकार के कदम से कदम मिलाकर चलते रहे और विश्वव्यापी निराशा के वक्त भी राज्य में आशा के दीपक जलाते रहे। ऐसे संकट के समय राहत और रोजगार के कारगर उपाय करना मेरी सरकार का सबसे बड़ा काम है और मुझे खुशी है कि मेरी सरकार ने अपनी भूमिका का निर्वाह पूरी संवेदनशीलता के साथ करने का प्रयास किया है।
संतोष का विषय है कि छत्तीसगढ़ में कृषि के साथ ग्रामीण और वन अंचलों में नए-नए रोजगार के अवसरों की अलख जगाई गई। मेरी सरकार की आकर्षक नीतियों और योजनाओं के कारण परम्परागत किसान और उनकी नई पीढ़ी अब फिर बड़े पैमाने पर खेती-किसानी के काम से जुड़े हैं। सरकारी, अर्द्धसरकारी, औद्योगिक तथा निजी क्षेत्र के दरवाजे नौकरी, रोजगार, स्वरोजगार के लिए खुले।
उन्होंने कहा कि उद्योग तथा कारोबार के क्षेत्र में भी अनेक रियायतें दी गईं। जन-सामान्य को भी अनेक तरह की आर्थिक राहत देकर उनकी क्रय शक्ति बढ़ाई गई। इस तरह से प्रदेश में अर्थव्यवस्था को संभाला गया जिसके कारण हर स्तर पर मनोबल मजबूत हुआ। इन प्रयासों के कारण छत्तीसगढ़ की बेरोजगारी दर तीन साल में दूसरी बार 2 प्रतिशत के निकट पहुंची है। पहले छत्तीसगढ़ की बेरोजगारी दर 22 प्रतिशत से अधिक थी जिसमें 20 प्रतिशत की गिरावट आना बहुत ही सुखद संकेत है।

उन्होंने कहा कि धान उत्पादक किसानों को संबल देकर छत्तीसगढ़ सरकार ने अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी निभाई है। विगत वर्ष 92 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का कीर्तिमान बनाया गया था। दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण, इस वर्ष फिर राज्य सरकार एक नया कीर्तिमान रचने की ओर बढ़ रही है। धान के समर्थन मूल्य के अलावा ‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ के तहत अनुदान सहायता का लाभ भी दो वर्षों से दिया जा रहा है। इस योजना के दायरे में धान, गन्ना, मक्का, दलहन, तिलहन, सुगंधित फोर्टिफाइड धान, उद्यानिकी के अलावा कोदो, कुटकी और रागी जैसी लघु धान्य फसलों को भी शामिल किया गया है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्यपाल की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों में नक्सलियों के विरूद्ध अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति का ‘पुलिस वीरता पदक‘ से अलंकृत किया गया। जिन अधिकारी-कर्मचारियों को अलंकृत किया गया उनमें कमलोचन कश्यप वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सुरेश लकड़ा उप पुलिस अधीक्षक, संजय पोटाम उपनिरीक्षक, लक्ष्मण केंवट निरीक्षक, ओंकार सिंह दीवान उपनिरीक्षक, बीजाराम तामो प्रधान आरक्षक, श्री उमाशंकर राठौर निरीक्षक, चेतन लाल बेलेन्द्र प्रधान आरक्षक, मानिक लाल कोरेटी प्रधान आरक्षक, मोहन लाल निषाद निरीक्षक, बृजलाल भारद्वाज निरीक्षक, कमलेश कुमार रात्रे सहायक प्लाटून कमाण्डर, सोमारू राम यादव आरक्षक, आशीष सिंह राजपूत उपनिरीक्षक, इन्द्र कुमार शिवानी कंपनी कमाण्डर, विन्टन कुमार साहू निरीक्षक, अश्वनी राठौर उपनिरीक्षक, जीतेन्द्र कुमार डहरिया उप निरीक्षक, दिनेश पुरेना उप निरीक्षक, विरासत कुजूर उप निरीक्षक एवं शहीद मुरली ताती सहायक उप निरीक्षक की पत्नी श्रीमती मैनू ताती शामिल है।
इसी तरह उत्कृष्ट सेवा लिए राष्ट्रपति का ‘विशिष्ट सेवा पदक‘ से उदयभान सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को अलंकृत किया गया। ‘सराहनीय सेवा पदक‘ से यदुराम तिर्की उप पुलिस अधीक्षक, मनीष परमानंद उप पुलिस अधीक्षक, श्रीराम वर्मा सहायक सेनानी, डिलेश्वर प्रसाद साहू उप निरीक्षक, अवधेश कुमार चौहान उप निरीक्षक, प्रेमसाय भगत सहायक उप निरीक्षक, दृगपाल प्रसाद तिवारी प्रधान आरक्षक, प्रहलाद सिंह गागड़ा प्रधान आरक्षक, मदन मोहन पटेल प्रधान आरक्षक, अवकाश राम नरेटी प्रधान आरक्षक को सम्मानित किया गया।
आपदा राहत एवं बचाव कार्य में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सुरेश प्रसाद गौतम मुख्य अनुदेशक, मोती लाल साहू सब इंस्पेक्टर (एम), भोगेन्द्र गोग कंपनी हवलदार नगर सेना, जोधन लाल साहू हवलदार नगर सेना, श्रीमती रेणु लोखण्डे लांस नायक नगर सेना, सुरेन्द्र कुमार देवांगन सैनिक नगर सेना को ‘गृह रक्षक नागरिक सुरक्षा पदक‘ से अलंकृत किया गया।
प्रशिक्षण कार्य में उल्लेखनीय कार्य करने वाले क्षीरोद्र कुमार साहू उप निरीक्षक, श्रीमती गंगा धुर्वे निरीक्षक, कन्हैया लाल यादव प्रधान आरक्षक, गंगा प्रसाद यादव प्रधान आरक्षक, कन्हैया लाल यादव प्रधान आरक्षक, श्री जीत कुमार देवांगन सूबेदार-(अ), कमलेश कुमार सोनबोईर उप निरीक्षक (अ) को ‘यूनियन होम मिनिस्टर मेडल‘ से अलंकृत किया गया। अनुकरणीय सेवाओं के लिए लेखराम धुरंधर प्रहरी एवं संतराम पुरेना प्रहरी को ‘सराहनीय सुधार सेवा पदक‘ से अलंकृत किया गया।
समारोह में बहादुरीपूर्ण कार्य करने के लिए कोरबा जिले के मास्टर अमन ज्योति जाहिरे तथा धमतरी जिला के मास्टर सौर्य प्रताप चंद्राकर को 15 हजार रूपए एवं प्रशंसा पत्र और वीरता पदक प्रदान किया गया।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरMay 18, 2026फार्म हाउस में पुलिस का छापा, फड़ संचालक समेत 8 जुआरी गिरफ्तार, लाखों के नगदी समेत चारपहिया जप्त
बिलासपुरMay 17, 20262 पत्थरबाज गिरफ्तार, सड़क में दौड़ने वाले वाहनों पर फेंकते थे ईंट और पत्थर
बिलासपुरMay 17, 2026बैंक अकाउंट किराए पर लेकर साइबर अपराध करने वाले 3 युवक अंबिकापुर से गिरफ्तार, बैंक खातों के खिलाफ अलग अलग राज्यों में दर्ज है 60 से ज्यादा जुर्म
बिलासपुरMay 16, 2026महादेव सट्टा एप के तर्ज पर चल रहा था क्रिकेट का सट्टा, गोवा से सिंडिकेट के 6 सटोरिया गिरफ्तार, खरसिया से जुड़े है तार
