दावा था एक लाख का, पर महतारी हुंकार रैली में महिला – पुरुष मिलाकर 20 हजार से ज्यादा लोग नहीं जुटा सके भाजपाई, मंहगाई को लेकर किसी ने कुछ नहीं कहा, क्या – क्या कहा स्मृति ईरानी ने पढ़े खबर.…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने आज यहां कांग्रेस सरकार के राज में महिला उत्पीड़न के खिलाफ महतारी हुंकार रैली से चुनावी शंखनाद कर दिया है। जगमल चौक से नेहरूनगर चौक तक निकाली गई रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्वमंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्वमंत्री अमर अग्रवाल, राष्ट्रीय मंत्री राज्यसभा सांसद संगीता यादव, छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला मोर्चा प्रभारी निशा सिंग, गोमती साय, सांसद संतोष पांडेय, कार्यक्रम प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, किरण देव, भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी, विजय शर्मा, लता उसेंडी, चंपादेवी पावले, मीनल चौबे, सहित कोर कमेटी के सभी सदस्य, सांसद, विधायक प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष, भाजपा नेताओं के साथ प्रदेश के कोने कोने से आईं हज़ारों हज़ार महिलाओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
भाजपा महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली जगमल चौक से गांधी चौक होते हुए नेहरुचौक में आमसभा में परिवर्तित हुई। महिला मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का तलवार भेंटकर व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। गांधी चौक से इस रैली का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया। महतारी हुंकार रैली का जगह जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। रैली में बहुत बड़ी संख्या में आम महिलाओं ने भी भागीदारी की। महतारी हुंकार रैली में सभा का संचालन महिला मोर्चा महामंत्री विभा अवस्थी ने व आभार जयश्री चौकसे ने किया।
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित महतारी हुंकार रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि जनता की तिजोरी लूटकर कांग्रेस का खजाना भरा जा रहा है।
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं ये पूछना चाहती हूं कि कांग्रेस के राज में छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर 6 हजार बहनों की इज्जत क्यों लूटी गई? क्यों हजारों महिलाओं का अपहरण हुआ? केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि विपदा की घड़ी कोरोनाकाल में मोदी जी घर-घर अनाज पहुंचा रहे थे। भाजपा ने जिंदगी का सामान बांटा और कांग्रेस ने मौत का। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता का पैसा जनता के पास क्यों नहीं पहुंच रहा है? कांग्रेस के नेतृत्व ने बच्चों के शरीर से प्राण छीन लिए। मुंह से निवाला छीना और गरीबों के सिर से छत छीन ली। उन्होंने कहा कि भूपेश जी धर्म का उपहास उड़ने पर भी सत्ता के लालच में आप मौन रहते हैं। आपके राज में क्यों नारे लग रहे हैं कि हम गौरी गणेश की पूजा नहीं करेंगे। इंसान से नहीं तो भगवान से तो डरो। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पूछा कि पोस्टर में भगवान राम के फोटो के साथ हाथ जोड़कर खड़े रहते हो लेकिन भगवान का अपमान होने पर चुप क्यों रहते हो ?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने विशाल हुंकार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुना कि उनके राहुल गांधी को अमेठी जाकर हराने वाली स्मृति ईरानी आ रही हैं, तब से वे डरने लगे हैं। उन्हें डरना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से आई महिला और बहनों का यह महासमुद्र अपने खिलाफ हुए अत्याचार के विरुद्ध भुपेश सरकार के खिलाफ दहाड़ में परिवर्तित हो चुका है। अब भूपेश बघेल सरकार की आज से उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महतारी हुंकार रैली में छत्तीसगढ़ के चप्पे-चप्पे से आयी माता बहनों ने बिलासपुर में ताकत दिखा दी है। इसके साथ ही भूपेश बघेल की नींद उड़ गई है। अब उन्हें रात में नींद नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के राज में प्रदेश में हर तरफ माफियाओं का राज चल रहा है। सभा को केन्द्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता व विधायक रंजना साहू, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने भी संबोधित किया।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
Latest entries

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *