यूनिवर्सिटी कैंपस में मुख्यमंत्री ने किया भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, कहा – जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के थे महानायक

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस पर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर परिसर में स्थापित महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जनजातीय समाज के गौरव भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय साहस, त्याग, बलिदान तथा देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष को स्मरण किया गया। श्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया।

भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान जननायक थे, जिन्होंने अल्पायु में ही ब्रिटिश शासन की शोषणकारी नीतियों के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण का संदेश दिया।उनके नेतृत्व में प्रारंभ हुआ ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक बना। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन देशभक्ति, साहस, सामाजिक एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता की प्रेरणा देता है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय जनजातीय नायकों के जीवन, संघर्ष, वीरता एवं देश की स्वतंत्रता में उनके योगदान पर आधारित गैलरी का अवलोकन कर प्रदर्शित जानकारियों की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनजातीय महापुरुषों का त्याग, बलिदान एवं संघर्ष हमारी गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा है। जनजातीय वीथिका के माध्यम से युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं महान नायकों के योगदान से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
गुरु घासीदास विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की स्थापना से विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं युवा पीढ़ी को उनके महान व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा प्राप्त होगी। यह प्रतिमा जनजातीय समाज की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, जी जी यू विवि कुलपति आलोक अग्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी,सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह सही प्रोफेसर, विद्वान और छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *