कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री का लेटर बम, कहा पार्टी में दलालों और वामपंथियों का कब्जा, मंत्री हवा में उड़ते रहे…, पढ़े पूरा पत्र…,

रायपुर। प्रदेश में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में बवाल शुरू हो गया है। अब प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने हार की समीक्षा करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा है। अपने पत्र में ने उन्होंने साफ कहा है कि कांग्रेस पर दलालों और वामपंथियों का कब्जा हो गया है। पूरे पांच साल मंत्री हवा में उड़ते रहे।
चुनाव परिणाम की शीघ्र समीक्षा (चिन्तन/मनन) बैठक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक तत्काल आहुत किये जाने हेतु
श्री शुक्ला ने अपने पत्र में कहा है की विपरीत परिणाम आने से सभी कांग्रेस जन दुखी एवं विचलित हैं। इस हार के लिये जो प्रत्यक्ष तौर पर जवाबदार थे उनकी बैठक (लीपा-पोती) आप लोगों ने दिल्ली में कर ली। नेता प्रतिपक्ष के चयन की औपचारिकता भी आप लोगों ने कर लिया, किन्तु 75 पार की बातें करते-करते हम 35 में क्यों सिमट गये, इसकी समीक्षा आज 15 दिनों बाद भी करने की आवश्यकता महसूस नहीं की जा रही है।
1. हमारी योजनाएँ और प्लानिंग क्यों धरासायी हुई ?
2. हमारे सर्वे जो 7-7 बार हुआ, वह क्यों असफल हुआ ?
3. नेताओं को क्षेत्र बदलकर (महंत राम सुन्दर दास जी एवं छाया वर्मा जी) क्यों चुनाव लड़वाया गया ?
4. ब्लॉक एवं जिला कांग्रेस कमेटी से आये नामों पर, क्यों नहीं टिकिट बाटा गया ?

उन्होंने पत्र में लिखा है की दुख के साथ लिखना पड़ रहा है की छत्तीसगढ़ दिल्ली के नेताओं का राजनीतिक पर्यटन हब, मौज-मस्ती का केन्द्र बन गया है। एक-एक प्रकोष्ठ में 4-4 प्रदेश अध्यक्ष बनाये गये। पैसे लेकर नियुक्तियां की गई। जिस जोगी कांग्रेस को बामुश्किल हमनें संघर्ष कर बहार किया था उन्हें बुला-बुला कर उपकृत कर, राजनीतिक और शासकीय पदों से सम्मानित किया गया। जब आप जीत कि माला पहनने को तैयार हैं तो पराजय की हार भी स्वीकार करें।
पत्र में कहा है पराजय और संघर्ष- हम कांग्रेसीयों के लिये नया नहीं है, हम कांग्रेसजन रात-दिन मेहनत कर, खून पसीना, जलाकर (खासकर हमारे किसान कांग्रेस की अति महत्वपूर्ण भूमिका थी 2018 में) अपने ऊपर शासकीय धाराएं लगवाकर, सरकार बनाते हैं और हमारे आदरणीय माननीय अपने नीहित स्वार्थों में लड़-झगड़ कर सत्ता गंवातें हैं। इसके लिये कोई एक नहीं, सारे मंत्री जिम्मेदार हैं, जो हवा में उड़ रहे थे और पूरे 5 साल, पूरे तन-मन से कार्यकर्ताओं का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे थे।
हमारी सिर्फ राजीव गाँधी कृषि न्याय योजना अत्यंत असरकारी एवं लाभकारी थी, इसके अलावा गोठान, नरवा-गरवा-घुरवा-बाडी और राजीव युवा मितान, हाल बेहाल था तथा धरातल में साकार नहीं था। हम कलेक्टरों एवं शासकीय मिशनरियों के कार्यक्रमों में आयी भीड़ को देखकर सदैव गदगद रहते थे और समझ ही नहीं पा रहे थे कि प्रायोजित है।
कल हम सबके परम आदरणीय महंत राम सुन्दर दासजी ने व्यथीत होकर इस्तीफा दे दिया। इसके पूर्व सीतापुर सरगुजा के हमारे एक कार्यकर्ता भाई सुरेश अग्रवाल ने आत्महत्या कर लिया। भरे चुनाव में अम्बालिका साहू और तुलसी साहू जैसे सशक्त नेत्रीयों का पार्टी छोड़ना, हम इन सब चीजों को समझ ही नहीं पा रहे थे। अभी भी सालों से कांग्रेस के समर्पित निष्ठावान चार दर्जन से अधिक नेताओं को बिना कोई तथ्यात्मक प्रमाण के कारण बताओं नोटिस पकड़ा दिया गया। समन्वय और सामंजस जैसी शब्दों से पूरी तरह दरकिनार कर कार्यवाहियों की गई। चुनाव के दौरान बनाई गई समितियाँ ड्राईंग रूम के शोपीस बनकर रह गई। 2-2 पूर्व विधायकों को निष्कासित कर दिया गया। एक पूर्व मंत्री को भी नोटिस पकड़ा दिया।
पार्टी में अनुशासन के नाम पर आंतरिक लोकतंत्र को दबाया, कुचला जा रहा है। जिसकी वजह से लोग दिल्ली से लेकर चौराहों तक आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इन सभी पर व्यपाक विस्तार से चर्चा होनी चाहिये। चर्चाएँ और भी बहुत हैं और शिकायतें भी। यदि इन परिस्थितियों का हम सामना नहीं करेंगे तो हमारी स्थिति बद
से बदत्तर होती जायेगी। सामनें लोकसभा चुनाव है, विधानसभा चुनाव शुद्ध रूप से हमारे प्रदेश के नेताओं की गलतियों की वजह से हारे हैं। पूरे पांच साल संगठन और सरकार में समन्वय नहीं रहा और जिन दलालों को हटाने का सपना लिये स्व. राजीव गाँधी जी चले गये, उन्हीं दलालों और वामपंथियों ने पार्टी में कब्जा कर लिया है। जिसका दुष्परिणाम हम सभी झेल रहे हैं। आपसे निवेदन है जितने को भी नोटिस दिया गया है अथवा कार्यवाही की गई है, सभी को तत्काल निरस्त कर, सभी प्रकरणों को अनुशासन समिति में भेजें। तथा शीघ्रतिशीघ्र पार्टी की विस्तारित बैठक बुलाकर हार के कारणों की समीक्षा करें, तथा सुनिश्चित करें कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएँ न हो और भविष्य की रणनीति बनायें।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *