15 नवंबर से धान खरीदी होगी शुरू, तैयारी पूरी, जिले के 1 लाख 36 हजार किसानों ने कराया है पंजीयन

बिलासपुर। जिले के 154 धान खरीदी केंद्र में तैयारी पूरी हो चुकी है। 15 नवंबर से इन सभी केंद्रों में धान खरीदी शुरू हो जाएगी। दो माह तक चलने वाले इस सबसे बड़े अभियान में जिले के 1.36 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। आज कलेक्टर और एसएसपी ने सेंदरी केंद्र का किया निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अन्नदाताओं की उपज की खरीदी के लिए दो माह तक चलने वाले राज्य सरकार के सबसे बड़े अभियान का शुभारंभ 15 नवंबर से होगा। बिलासपुर जिले में धान खरीदी की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के सभी 154 उपार्जन केंद्र किसानों के स्वागत के लिए तैयार हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान बेचने के लिए जिले के लगभग 1 लाख 36 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारु खरीदी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केंद्रों में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सेंदरी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में धान खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाएं देखीं। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों ने भी अपने केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियां पूर्ण होने की रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। जिला प्रशासन द्वारा खाद्य एवं संबंधित विभागों के समन्वय से खरीदी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। उपार्जन केंद्रों में बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण और ऑनलाइन खरीदी प्रक्रिया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अपनी मेहनत की उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुविधाजनक ढंग से खरीदी संपन्न हो।

00 पहले दिन के लिए 151 टोकन जारी

15 नवंबर को धान विक्रय के लिए 14 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 95 उपार्जन केंद्रों के लिए कुल 151 टोकन जारी किए जा चुके हैं। इनमें 62 टोकन समितियों के माध्यम से और 89 टोकन मोबाइल एप से जारी हुए हैं। इन टोकनों के अनुसार कुल 504.18 मीट्रिक टन धान की आवक प्रस्तावित है। इसमें समितियों द्वारा जारी टोकन की मात्रा 159.38 मीट्रिक टन और मोबाइल एप से जारी टोकन की मात्रा 344.80 मीट्रिक टन है।

00 टोकन में निर्धारित तिथि पर धान लेकर पहुंचें किसान

धान खरीदी की व्यवस्था टोकन आधारित रहेगी। किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन अथवा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे टोकन में उल्लिखित तिथि पर संबंधित उपार्जन केंद्र में धान लेकर पहुंचें। धान विक्रय के समय अपना आधार कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। खरीदी एवं तौल के दौरान टोकन के आधार पर आधार सत्यापन किया जाएगा।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप किसानों की सुविधा और सहूलियत के साथ धान खरीदी संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। विभागीय अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों के समन्वय से जिले में व्यवस्थित एवं पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *