श्रमदान से चमका तोरवा छठ घाट, 1 किमी घाट पर गूंजी सेवा की झाड़ू, खरना कर व्रतियों ने शुरू की 36 घंटे का निर्जला व्रत

बिलासपुर। सूर्य उपासना का सबसे बड़ा पर्व छठ पूजा को लेकर अरपा तट सज चुका है। तोरवा छठ घाट पर शनिवार को छठ पूजा समिति के 50 से अधिक स्वयंसेवकों ने पांच घंटे तक श्रमदान कर एक किलोमीटर लंबे घाट की सफाई की। दूसरी ओर घरों में खरना का पारंपरिक प्रसाद तैयार हुआ। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प लिया।
संस्कारधानी की पहचान बन चुका छठ महापर्व इस वर्ष भी सामूहिकता, समर्पण और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश दे रहा है। पिछले 26 वर्षों से पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के सहयोग से अरपा तट पर सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। अब यह पर्व किसी एक समाज की परंपरा न रहकर पूरे शहर का उत्सव बन चुका है। शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक छठ पूजा समिति के सदस्यों ने श्रमदान किया। छठी मैया के जयकारों के बीच स्वयंसेवकों ने पूरे घाट में झाड़ू लगाकर सफाई की। घाट पर रंग-रोगन, पुल की पुताई, आकर्षक सजावट और विद्युत साज-सज्जा का काम भी कराया गया है। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी स्थानीय और बाहर से आने वाले व्रतियों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
इधर, घरों में खरना की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गई थीं। शाम को परंपरागत प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों ने निर्जला उपवास शुरू किया। अब रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। तोरवा छठ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रमदान में प्रमुख रूप से छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा,अभय नारायण राय, डॉ धर्मेंद्र दास, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा,रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, चंद्र किशोर प्रसाद,राजीव गिरी सतीश सिंह,प्रशांत सिंह,शशि मिश्रा,डीके सिंह,मुकेश झा, ललित झा, अमरकांत तिवारी, शौलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर, निर्भय चौधरी की सहभागिता रही।
00 26 साल में परंपरा ने बनाया शहर से रिश्ता
बिलासपुर में छठ महापर्व की सामूहिक शुरुआत को 26 वर्ष पूरे हो चुके हैं। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज ने मिलकर इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया है। शुरुआती दौर में यह आयोजन मुख्य रूप से बिहार और उत्तर भारत से जुड़े परिवारों तक सीमित था, लेकिन समय के साथ स्थानीय नागरिक भी इससे जुड़ते गए। आज छठ महापर्व शहर की साझा सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। यही वजह है कि इस आयोजन में भाषा, क्षेत्र और समाज की सीमाएं पीछे छूट जाती हैं।
00 एशिया के सबसे बड़े स्थायी छठ घाट की पहचान
अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित छठ घाट को एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान मिली है। पर्व के दौरान यहां हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी आयोजन को भव्य स्वरूप देती है। घाट पर एक साथ बड़ी संख्या में व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सजे हुए सूप, फल, दीप और पारंपरिक पूजा सामग्री से पूरा परिसर लोक संस्कृति की अनूठी तस्वीर प्रस्तुत करता है। इसकी विशालता और स्थायी स्वरूप बिलासपुर के छठ आयोजन को विशिष्ट बनाते हैं।
00 चार दिनों में पूरी होती है सूर्य आराधना
छठ महापर्व के चारों दिन अलग-अलग धार्मिक महत्व रखते हैं। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व शुरू हुआ और इसी दिन माता अरपा की महाआरती की गई। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान हुआ। 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। इन चार दिनों में शुद्धता, संयम, उपासना और पारिवारिक मंगलकामना का विशेष महत्व रहता है।
00 डूबते और उगते सूर्य की पूजा का अनूठा संदेश
छठ महापर्व की सबसे खास विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। संध्या अर्घ्य में अस्ताचलगामी सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है, जबकि सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर नई ऊर्जा और खुशहाली की कामना की जाती है। यह परंपरा जीवन के हर चरण को सम्मान देने का संदेश देती है। नदी, जल, सूर्य और प्रकृति को साक्षी मानकर होने वाली पूजा पर्यावरण के प्रति मनुष्य की जिम्मेदारी भी याद दिलाती है।
00 सेवा और समर्पण से ही भव्य बनता है छठ महापर्व : झा
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने भी स्वयंसेवकों के साथ श्रमदान कर घाट की सफाई में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना का पर्व नहीं, यह सेवा, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है। अरपा तट को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छठी मैया की सेवा का सबसे सुंदर स्वरूप यही है कि हम अपने घाट, नदी और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें। समिति के सभी सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था के लिए पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे पर्व की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें और घाट पर गंदगी न फैलाएं।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *