बृजमोहन ने मंत्री पद से भी दिया इस्तीफा, हुए भावुक, कहा – किसी को तकलीफ हुई हो तो क्षमा चाहता हूं…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर से सांसद चुनने के बाद बृजमोहन अग्रवाल ने पहले विधायकी से इस्तीफा दिया इसके बाद आज कैबिनेट मंत्री के पद से भी इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश सरकार में वे शिक्षा मंत्री थे। बुधवार को वे कैबिनेट की बैठक में शामिल होने गए थे और वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

दो दिन पहले ही (17 जून को) विधानसभा की सदस्यता से उन्होंने इस्तीफा दिया था। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को इस्तीफा सौंपते हुए कहा था कि केंद्रीय नेतृत्व ने सांसद का चुनाव लड़वाया है, तो सोच समझकर ही लड़ाया होगा। मुख्यमंत्री के अधिकारों में है कि वे 6 महीने तक मंत्री रख सकते हैं। बृजमोहन अग्रवाल के इस बयान के बाद ये कयास लगाया जा रहा था कि वो लगभग 6 महीने तक मंत्री बने रहेंगे। वो प्रदेश में 8 बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। 4 बार के मंत्री रह चुके है। मंत्री मंडल में सबसे ज्यादा अनुभवी नेताओं के रूप में बृजमोहन की गिनती होती है। इसके अलावा इस्तीफा देने से 24 घंटे पहले ही बृजमोहन अग्रवाल ने अपने विभाग की समीक्षा की थी। उन्होंने प्रदेश के स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम बनाने और वित्त मंत्री से स्वीकृति के बाद 33 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी। बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफा देने के बाद रायपुर दक्षिण सीट खाली हो गई है। साल के अंत में नगरीय निकाय के साथ-साथ विधानसभा उप चुनाव भी हो सकते हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में भाजपा – कांग्रेस के नेता अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ बनने के बाद से ही रायपुर दक्षिण में बृजमोहन अग्रवाल का एकछत्र राज रहा है। उनके रहते यहां से किसी और को कभी भाजपा से टिकट मिला ही नहीं। पहली बार उनके सांसद बनने के कारण अब दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं।

00 बृजमोहन हुए भावुक

इस्तीफा देने के बाद स्थानीय मीडिया से बात करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल भावुक हो गए और कहा ने कहा कि मैंने विधानसभा की सदस्यता एक दिन पहले त्यागी थी और आज मैंने अपना मंत्री पद त्यागा है। मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों ने आज मेरा लोकसभा चुनाव जीतने पर स्वागत किया है। मैं सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। मेरे कार्यकाल में अगर किसी को कोई तकलीफ हुई है तो उनसे मैं क्षमा चाहता हूं। जनता और कार्यकर्ताओं का लगाव और प्रेम अब तक जैसा मुझे मिला है, उम्मीद करता हूं आगे भी वैसा ही मिलता रहेगा। मैं जनता की आवाज पहले छत्तीसगढ़ में था अब संसद में बनूंगा। रायपुर दक्षिण सीट की जनता की बात करते हुए भावुक हुए बृजमोहन ने कहा कि जनता का मेरे ऊपर एहसान और ऋण है। किसी एक व्यक्ति को आठ बार और बिना गैप के लगातार विधायक बनाया। जब विधायक पद से विदाई दी तो इतिहास बना कर की। लोकसभा में भेजा तो इतिहास बनाया। मैं सबके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *