छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में सुरक्षाबलों ने सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो नक्सलियों पर इनाम था। एक अन्य घटना में एक महिला नक्सली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को स्थानीय मीडिया को बताया कि बस्तर क्षेत्र के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने सात नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया और नारायणपुर जिले में एक महिला नक्सली ने आत्मसमर्पण कर दिया। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों की अलग-अलग कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने रामधर वेको (24), सोमलू उरसा (35), सुखराम कोवासी (30), साई वेको (31), लाल सिंह (25), रानू लेकाम (25) और सन्ना उरसा (34) को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि रामधर वेको और सोमलू उरसा जनताना सरकार के अध्यक्ष हैं। दोनों के सिर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम है। उन्होंने बताया कि भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में माओवादियों के द्वारा तेदुपत्ता की लेवी वसूलने के लिए अलग-अलग स्थानों पर बैठक करने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सुरक्षाबलों को केशकुतुल और तुरेनार गांव की ओर रवाना किया गया था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने केशकुतुल, सुराखाड़ा और तुरेनार गांव से सात नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों से विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है।नक्सलियों के खिलाफ आगजनी, पुलिस दल पर हमला करने समेत कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में राज्य प्रशासन की नक्सल उन्मूलन नीति और ‘नियद नेल्लानार’ योजना से प्रभावित होकर एक महिला नक्सली जयंती गोटा ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाली नक्सली मिलिशिया उप- कमांडर के पद पर कार्यरत थी तथा पिछले पांच वर्षों से माओवादी संगठन में थी। महिला नक्सली को राज्य प्रशासन की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गयी। छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के गांवों के लिए ‘नियद नेल्लानार योजना’ (आपका अच्छा गांव योजना) की शुरुआत की है। इस योजना के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शुरू किए गए 14 नए शिविरों की पांच किलोमीटर की परिधि के गांवों में 25 से अधिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरMay 3, 2026मोपका में युवक की हत्या, 3 आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार, क्या है हत्या का कारण…, पढ़े खबर…
बिलासपुरMay 3, 2026जेल जा सकते है चार अधिवक्ता, अग्रिम जमानत आवेदन खारिज, फर्जी दस्तावेज पेश कर मुआवजा के लिए लगा दिया था आवेदन
कांकेरMay 2, 2026IED ब्लास्ट में DRG के चार जवान शहीद, बारूदी सुरंग को कर रहे थे निष्क्रिय
बिलासपुरMay 2, 2026आयुक्त ने किया वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक को निलंबित, अवैध उगाही का वीडियो हुआ था वायरल, फोकट में कोल्ड ड्रिंक भी पिया
