रायपुर। राजधानी रायपुर में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे 59 लाख 50 हजार रुपए नगद, सोने के आभूषण और रिज्ड एवं अल्टो कार जप्त की है। डकैती का मास्टर माइंड BSF का सूबेदार बताया जा रहा है।
प्रार्थी मनोहरण वेलू ने खम्हारडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह अनुपम नगर के नंबर डी-14 में किराये के मकान में अपनी बहन प्रेमा वेलू व रंजनी वेलू के साथ रहते है। 11.02.2025 को दोपहर लगभग 02ः30 वे अपनी दोनों बहनों के साथ घर में थे। उसी समय दो व्यक्ति फौजी वर्दी में घर अंदर आये। दोनों रूमाल से मुंह को ढके थे। आते ही बोले आपने कोई कम्प्लेन किया है क्या उसी की बातचीत करने आये है। बातचीत के दौरान बाहर से घर अंदर एक और व्यक्ति आया जो डार्क नीला रंग का पैंट पहना था। वह भी रूमाल से मुंह को ढका हुआ था। उसी बीच एक वर्दी वाला व्यक्ति डार्क नीला रंग का पैंट पहना व्यक्ति उसके साथ धक्का मुक्की किया और उसके हाथ और पैर को पकडकर जमीन में गिरा दिया। दूसरा वर्दी पहना व्यक्ति घर अंदर से सफेद रंग का टावेल लाकर उसके पैर को बांध दिया और बिना वर्दी वाला व्यक्ति अपने साथ लाये सफेद रंग के टेप से उसके हाथ को बांध दिया और मुंह में टेप लगा दिया। फिर वर्दी पहने एक व्यक्ति अपने पास रखें पिस्टल को निकाल कर आवाज करोगे तो जान से मार दूंगा बोला और एक आदमी उसके पास वहीं खडा हो गया। फिर बाहर से मुंह में रुमाल बांधे एक पुरूष व पीले रंग की सलवार पहनी महिला रूमाल से मुंह ढकी हुई अंदर आई और प्रेमा व रंजनी के रूम में चले गये। कुछ देर बाद पांचो व्यक्ति घर से चले गये। बाहर से दरवाजे की कुण्डी लगा दिया। उनके जाने के बाद वह अपने हाथ में बंधे टेप को किसी तरह निकाला फिर मुंह में लगे टेप व पैर मंे बंधे टावेल को खोला। फिर बगल के रूम रंजनी के कमरे में जाकर उसके मुंह व हाथ में लगे टेप को खोला। तब रंजनी बताई कि एक व्यक्ति पिस्टल से जान से मारने की धमकी देकर मुंह व हाथ में टेप लगाकर उसके बांये भुजा में एक इंजेक्शन लगाया है। इसके बाद बेड अंदर से एक गुलाबी रंग के बैग में रखें 60 लाख रूपये एवं काले रंग के बैग में रखें 05 लाख रूपये को ले गया। इसी तरह बहन प्रेमा ने बताया कि एक व्यक्ति उसका मुंह दबाकर जान से मार दूंगा कहकर पिस्टल दिखाया उसके दाहिना भुजा में दो बार इंजेक्शन लगाया। महिला ने उसके गले में पहने सोने की चैन को छीन लिये एवं आलमारी खोलकर उसमें रखें दो नग सोने के चैन व 25000/- रूपये नगद निकाल लिये। उसका एवं रंजनी का कुल 03 नग मोबाईल फोन को भी लूट कर ले गये। चार अज्ञात नकाबपोश पुरूष एवं एक अज्ञात नकाबपोश महिला ने जान से मारने की धमकी देकर कुल 65,25,000/- नगद रकम, तीन नग सोने की चैन करीबन 06 तोला व तीन नग मोबाईल फोन जुमला कीमती लगभग 66,00,000/- रूपये को लूट कर ले गये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में धारा 310(2), 331(5), 123, 351(3) बी.एन.एस. 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
डकैती की घटना को पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने गम्भीरता से लिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी खम्हारडीह निरीक्षक मनोज कुमार साहू को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया। इस निर्देश के बाद क्राईम ब्रांच की 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। टीम के सदस्यों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, प्रार्थी एवं उसकी बहन प्रेमा व रंजनी से पूछताछ की। तत्काल शहर के सभी थानों और सरहदी जिलों में नाकेबंदी की गयी। डॉग स्क्वाड, फोरेंसिक टीम एव क्राईम ब्रांच की टेक्निकल टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया। क्राईम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का बारिकी से अवलोकन करने पर पाया गया कि एक महिला जो पीले रंग की सलवार शूट पहनी है व मुंह में स्कार्फ बांधी है एवं 04 पुरूष जिसमें से 02 लोग काम्बेट ड्रेस पहने है एवं 02 लोग सामान्य कपड़े पहने है। सभी एक सफेद रंग की बिना नंबर की रिज्ड कार से आकर घटना स्थल पर रूके एवं बारी-बारी से प्रार्थी के घर अंदर प्रवेश किया और घटना को अंजाम देकर फरार हो गये। घटना के बाद से संदेही वाहन के आने-जाने वाले मार्गो में लगे हजारों सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों को खंगालने के साथ ही वाहन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर आरोपियों की पतासाजी की जा रहीं थी। इसी दौरान पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपियों के हुलिये एवं घटना में प्रयुक्त वाहन से मिलता-जुलता वाहन को देखा गया है। सूचना की तस्दीक करने के बाद सभी टीमों को उसी दिशा की ओर रवाना किया गया। जिसके बाद अमलेश्वर, मोतीपुर, पहंदा, महोदा, परसदा, पाटन, उतई, फुण्डा आदि स्थानों पर टीमों को भेजकर मुखबीर एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किये गये। सी.सी.टी.व्ही. फुटेज को देखने के दौरान यह ज्ञात हुआ कि घटना के बाद एक अल्टो कार आरोपियों द्वारा उपयोग किये गये कार का पायलेटिंग कर रही है। जिसमें संदेही महिला दिखायी दे रहीं है। उस वाहन वाहन का राजनांदगांव तक पीछा करने पर पता चला कि वाहन राहुल त्रिपाठी निवासी मनकी का है। जिसके बाद से ही आरोपियों के दिनचर्या एवं दोस्तों के संबंध में जानकारी एकत्र कर उन पर निगाह रखीं गयी और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार सुनियोजित योजना बनाकर एक साथ राजनांदगांव, दुर्ग, बिलासपुर, नागपुर, बलौदा बाजार एवं रायपुर में दबिश देकर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर घटना करना स्वीकार किया और रकम को सूनसान बांटना स्वीकार किया। साथ ही डकैती के मोबाईल फोन और घटना के समय पहने हुये कपड़ो को रास्ते में फेंकना बताया है।
विवेचना के दौरान यह ज्ञात हुआ कि ए.सोम शेखर बी.एस.एफ. से सूबेदार के पद से वर्ष 2011 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लिया है तथा वर्तमान में रियल हेल्प नामक एन.जी.ओ. से जुड़ा है। साथ ही जमीन दलाली का भी कार्य करता है। इसका प्रार्थी के परिवार से घरेलू संबंध था व इसे पैसे रखें होने की जानकारी थी। आरोपी ए.सोम शेखर ने ही डकैती की योजना बनायी और योजना की जानकारी साथी देवलाल वर्मा जो बिजली मिस्त्री है एवं कमलेश वर्मा जो ड्रायवर है एवं जमीन दलाली का भी कार्य करते है को शामिल किया। योजना के मुताबिक अपने साथी देवलाल वर्मा एवं कमलेश वर्मा को जमीन खरीददार बताकर प्रार्थी के घर को दिखाया था और उन्हें घर में रखें नगदी रकम एवं रकम रखने के स्थान की जानकारी दी थी। योजना में और व्यक्तियों की जरूरत होने पर देवलाल वर्मा एवं कमलेश वर्मा ने अपने परिचित पुरूषोत्तम देवांगन को योजना के बारे में बताया। इसके बाद अन्य आरोपियों अजय ठाकुर, राहुल त्रिपाठी, नेहा त्रिपाठी, नागपुर महाराष्ट्र निवासी शाहिद पठान एवं पिंटू सारवान तथा बिलासपुर निवासी मनुराज मौर्य को अपने साथ शामिल कर लिया। योजना के अनुसार डकैती के पहले पुरूषोत्तम देवांगन ने अजय ठाकुर, राहुल त्रिपाठी एवं नेहा त्रिपाठी को प्रार्थी का मकान दिखाया। उसके पश्चात घटना की तिथि तय करने के बाद बिलासपुर एवं नागपुर से आरोपियों को रायपुर बुलाकर योजना के अनुसार अगले दिन 11.02.25 को राहुल त्रिपाठी एवं नेहा त्रिपाठी अपने अल्टो कार से झीठ आये। राहुल त्रिपाठी को एवं अल्टो कार को वही पर छोड़ दिये अपने सभी मोबाईल फोन को स्वीच ऑफ करके वही रख दिये। इसके बाद बिना नंबर की रिज्ड कार में पांचो आरोपी रायपुर आकर डकैती की घटना को अंजाम दिया।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डकैती की नगदी रकम 59,50,000/- (उनसठ लाख पचास हजार रूपये), सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त रिज्ड कार एवं अल्टो कार जुमला कीमती लगभग 70 लाख रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
00 गिरफ्तार आरोपी
01. अजय ठाकुर पिता नकुल ठाकुर उम्र 38 साल निवासी ग्राम व पोस्ट मर्रा, तहसील व थाना पाटन जिला दुर्ग। हाल पता – मकान नंबर 18/ए रिसाली सेक्टर थाना सेक्टर 06 भिलाई जिला दुर्ग।
02. राहुल त्रिपाठी पिता शशिभूषण त्रिपाठी उम्र 43 साल निवासी ग्राम व पोस्ट टाडा बडहलगंज थाना बडहलगंज जिला गोरखपुर (उ.प्र.)। हाल पता – एल आई जी 95 फेस 01 दीनदयाल आवास मनकी थाना सोमनी जिला राजनांदगांव।
03. नेहा त्रिपाठी पति राहुल त्रिपाठी उम्र 41 साल निवासी ग्राम व पोस्ट टाडा बडहलगंज थाना डहलगंज जिला गोरखपुर (उ.प्र.)। हाल पता – एल आई जी 95 फेस 01 दीनदयाल आवास मनकी थाना सोमनी जिला राजनांदगांव।
04. देवलाल वर्मा पिता स्व. नरेश कुमार वर्मा उम्र 45 साल निवासी राज वाटिका बी-01 सेमरिया थाना विधानसभा रायपुर।
05. पुरूषोत्तम देवांगन पिता विश्वनाथ देवांगन उम्र 33 साल निवासी टोडोपार चौक आरामील के सामने ग्राम अमेरा थाना पलारी जिला बलौदा बाजार।
06. ए. सोम शेखर पिता स्व. काली प्रसाद उम्र 56 साल निवासी एल.आई.जी. 197 जनता कालोनी सेवा सदन वृद्ध आश्रम के पास गुढियारी थाना गुढियारी रायपुर। हाल पता – अवंति विहार विजय नगर चौक मकान नंबर/ प्लाट नंबर 1284 थाना खम्हारडीह रायपुर।
07. शाहिद पठान पिता ताज पठान उम़्र 36 साल निवासी मोहम्मद अली चौक भल्दरपुरा थाना गणेश पेट नागपुर महाराष्ट्र। हाल पता – कलमना बेले नगर पेट्रोल पम्प के पीछे थाना कलमना महाराष्ट्र।
08. पिंटू सारवान पिता आत्मा राम उम्र 23 साल निवासी देवकर बस स्टैंड के पास थाना देवकर जिला बेमेतरा छत्तीसगढ़। हाल पता – पेट्रोल पम्प के पीछे बेले नगर थाना कलमना महाराष्ट्र।
09. मनुराज मौर्य पिता श्री देस राज मौर्य उम्र – 31 साल निवासी उपासना ऑटो पाटर््स, मौया काम्प्लेक्स, गुरुनानक चौक तोरवा थाना तोरवा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़।
10. कमलेश वर्मा पिता स्व. अशोक वर्मा उम्र 31 साल निवासी ग्राम बडगांव थाना मंदिर हसौद जिला रायपुर। हाल पता – कबीर नगर तिरंगा चौक थाना कबीर नगर रायपुर।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरFebruary 3, 20262.50 लाख को 02 करोड बनाने का दिया गया झांसा, 3 महिला दो पुरुष गिरफ्तार
बिलासपुरFebruary 2, 20266000 करोड़ महादेव सट्टा कांड की परछाईं फिर लौटी, कांकेर का हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड, DGP ने दो जिलों के SP को निगरानी बढ़ाने और सतर्कता बढ़ाने दिए निर्देश
बिलासपुरFebruary 2, 2026नेशनल हाईवे में लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 कार, 7 मोबाईल और 8000 रू नगद जप्त, पीड़ित के खिलाफ भी होगा जुर्म दर्ज…
बिलासपुरFebruary 1, 2026माघी पूर्णिमा स्नान के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का सबसे बड़ा मेला शुरू, रात भर चला भजन- कीर्तन
