बिलासपुर। सेंट पेलोटी स्कूल में हुए ब्लास्ट के मामले पुलिस ने आठवीं क्लास के दो छात्र और दो छात्राओं को जेजे एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। चारों को न्यायिक रिमांड में लेने के लिए बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
सिविल लाईन थाना क्षेत्र मंगला स्थित सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल में हुए ब्लास्ट में छात्रा के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद दोषी दो छात्र और दो छात्राओं को गिरफ्तार किया है। इस मामले में स्कूल के प्राचार्य ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। जांच के बाद आठवीं कक्षा के दो छात्र और दो छात्राओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र छात्राओं के निशाने में स्कूल की एक शिक्षिका थी। शिक्षिका को उड़ाने के लिए पटना से ऑनलाइन विस्फोटक पदार्थ मंगवा कर बाथरूम में लगाया गया था। लेकिन इसकी चपेट में चौथी क्लास की छात्रा आ गई। पुलिस हिरासत में लिए गए छात्र-छात्राओं को बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला की चौथी क्लास की घायल छात्रा स्तुति मिश्रा से पहले बाथरूम में आठवीं कक्षा की छात्रा गई थी। घायल छात्रा ने रोते हुए उस छात्रा की तरफ इशारा भी किया था। स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने जब उक्त संदेही छात्रा से पूछताछ की तब उसने अपने आठवीं कक्षा की एक अन्य छात्रा और दो छात्रों के साथ मिलकर पटना से ऑनलाइन विस्फोटक मंगवा धमाका करना स्वीकार कर लिया। दोषी विद्यार्थियों के अनुसार वे केवल शरारत के तौर पर ऐसा कर रहे थे। हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्कूल की एक शिक्षिका को टारगेट बनाने के लिए चारों विद्यार्थियों ने ऐसा किया था।
घटना इतनी गंभीर थी कि इसमें किसी की जान भी जा सकती थी। परिजनों के स्कूल में हंगामे और बढ़ते दबाव के चलते स्कूल के प्राचार्य ने सिविल लाईन थाने में अज्ञात दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 124 ए ( ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग कर किसी को आहत करना) के तहत अपराध दर्ज किया था। वहीं हादसे के बाद सिविल लाईन पुलिस सीएसपी निमितेश सिंह और टीआई एसआर साहू के नेतृत्व में डॉग स्क्वाड एवं फॉरेंसिक की टीम लेकर स्कूल पहुंची थी और जांच शुरू की थी। इसके अलावा कलेक्टर अवनीश शरण ने मामले में शिक्षा विभाग की टीम को भी स्कूल में भेज कर जांच करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर अवनीश शरण ने इसके अलावा प्रभारी डीईओ को निर्देशित कर शहर के चार अलग-अलग स्कूलों के प्राचार्यों की जांच कमेटी भी बनवाई है। टिम को जल्द से जल्द जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दूसरी तरफ पुलिस ने भी एसपी रजनेश सिंह के निर्देश के बाद जांच की गति बढ़ाई। प्रारंभिक तौर पर आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के द्वारा ऑनलाइन सोडियम मंगा स्कूल के महिला बाथरूम में रखने की जानकारी मिली। बाथरूम का फ्लश जैसे ही छात्रा ने ऑन किया वैसे ही पानी के संपर्क में आकर सोडियम में विस्फोट हो गया और छात्रा घायल हो गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम को घटनास्थल के निरीक्षण में सिल्वर पैकिंग का एक चिथडा भी मिला था। जिससे स्पष्ट हो गया था कि बाहर से मंगवा कर विस्फोटक बाथरूम में रखा गया था। शुक्रवार को सिविल लाईन थाना क्षेत्र के मंगला चौक से मंगल रोड की तरफ जाने वाले सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल में सुबह सवा दस बजे बाथरूम में धमाका हुआ था। स्कूल में परीक्षा चल रही थी। इस दौरान चौथी कक्षा में पढ़ने वाली दस वर्षीया छात्रा स्तुति मिश्रा बाथरूम गई थी। बाथरूम में हुए विस्फोट में छात्रा बुरी तरह घायल हो गई। उसे तत्काल बर्न केयर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वही विस्फोट के दूसरे दिन शनिवार को अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। अभिभावकों की मांग थी कि मामले में दोषियों को सामने लाया जाए और कड़ी कार्यवाही की जाए। अभिभावकों के अनुसार पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं स्कूल में हो चुकी है। लेकिन कड़ी कार्यवाही नहीं होने के कारण बच्चों के हौसले बढ़ गए। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के पीछे किसी बड़े स्तर की लापरवाही हो सकती है। घटना की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत अभिभावकों ने बताई थी। घटना में दोषी विद्यार्थियों को स्कूल से निष्कासित किए जाने की मांग भी की गई थी। पैरेंट्स का आरोप है कि पहले भी यहां विस्फोट जैसी घटनाएं हो चुकी है। लेकिन स्कूल प्रबंधन सख्त कार्रवाई की बजाय मामले को दबा दिया। इसके पहले भी बच्चे विस्फोटक और आपत्तिजनक पदार्थ मंगवाकर विस्फोट कर चुके हैं। पिकनिक में एक बच्चे के बाइक से बम मिला था पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्कूल प्रबंधन ऐसी घटनाओं को लगातार नजरअंदाज कर रहा है।
Author Profile

Latest entries
शिवरीनारायणMarch 28, 2026युवोजल-उत्सव का साप्ताहिक अभियान सफलतापूर्वक संपन्न, सोनाखान के युवाओं ने संभाली जल संरक्षण की जिम्मेदारी
बिलासपुरMarch 28, 2026रिसार्ट का मैनेजर पकवा रहा था चीतल का मांस, 6 गिरफ्तार, चीतल के मांस के लिए चर्चित है रिसॉर्ट
बिलासपुरMarch 28, 2026अब पेट्रोल-डीजल पर निगरानी, अनावश्यक वितरण पर लगी रोक, केवल वाहनों को ही मिलेगा
राष्ट्रीयMarch 28, 2026IRCTC पर 60 लाख रुपए का जुर्माना, वंदेभारत में यात्रियों को परोसा गया था कीड़ा लगा दही
