बिलासपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को 33,700 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। इस दौरान बिल्हा के मोहभट्ठा में विशाल सभा होगी। जहां लाखों की संख्या में उन्हें सुनने पहुंच रहे है। सभा स्थल तैयारी पूरी हो चुकी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है।
कार्यक्रम के एक दिन पहले शनिवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभा स्थल का जायजा लिया। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुनियादी ढांचे के विकास और सतत आजीविका को बढ़ाने की बिलासपुर में 33,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बिजली, तेल तथा गैस, रेल, सड़क, शिक्षा और आवास क्षेत्रों से संबंधित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री देश भर में बिजली क्षेत्र में सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके अनुरूप सस्ती और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने और छत्तीसगढ़ को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए एनटीपीसी की सीपत में सुपर थर्मल पावर परियोजना चरण- III (1×800एमडब्ल्यू) की आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत 9,790 करोड़ रुपये से अधिक है। यह पिट हेड परियोजना उच्च बिजली उत्पादन दक्षता के साथ अत्याधुनिक अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित है। वह छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीजीसीएल) की 15,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पहली सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना (2X660एमडब्ल्यू) के कार्य की शुरुआत करेंगे। वह पश्चिमी क्षेत्र विस्तार योजना (डब्ल्यूआरईएस) के तहत 560 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पावरग्रिड की तीन विद्युत पारेषण परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
भारत के शुद्ध-शून्य कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य को प्राप्त करने, वायु प्रदूषण में कमी लाने और स्वच्छ ऊर्जा समाधान प्रदान करने के लिए कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिलों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की सिटी गैस वितरण (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसमें 200 किलोमीटर से अधिक हाई प्रेशर पाइपलाइन और 800 किलोमीटर से अधिक एमडीपीई (मीडियम डेंसिटी पॉलीइथिलीन) पाइपलाइन और 1,285 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई सीएनजी डिस्पेंसिंग आउटलेट आम जनता को समर्पित करेंगे। श्री साव ने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की 540 किलोमीटर लंबी विशाख-रायपुर पाइपलाइन (वीआरपीएल) परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे। जिसकी लागत 2210 करोड़ रुपये से अधिक होगी। इस बहुउत्पाद (पेट्रोल, डीजल, केरोसिन) पाइपलाइन की क्षमता 3 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष से अधिक होगी।
क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 108 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली सात रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और 2,690 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 111 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली तीन रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह मंदिर हसौद के माध्यम से अभनपुर-रायपुर खंड में मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। वह छत्तीसगढ़ में भारतीय रेलवे के रेल नेटवर्क के 100 प्रतिशत विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं भीड़भाड़ को कम करेंगी, कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी और पूरे क्षेत्र में सामाजिक तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा देंगी।
छत्तसीगढ़ में सड़क के बुनियादी ढांचे को बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री एनएच-930 (37 किलोमीटर) के झलमला से शेरपार खंड और एनएच-43 (75 किलोमीटर) के अंबिकापुर-पत्थलगांव खंड को 2 लेन में अपग्रेड करके राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री एनएच-130डी (47.5 किमी) के कोंडागांव-नारायणपुर खंड को 2 लेन में अपग्रेड करने की आधारशिला भी रखेंगे। 1,270 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली ये परियोजनाएं आदिवासी और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार लाएगी जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
सभी के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री दो प्रमुख शैक्षिक पहलों को समर्पित करेंगे। जिनमें राज्य के 29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूल और रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) शामिल हैं। पीएम स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया योजना के तहत 130 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा। ये स्कूल अच्छी तरह से संरचित बुनियादी ढांचे, स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने में मदद करेंगे। रायपुर में वीएसके विभिन्न शिक्षा संबंधी सरकारी योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी और डेटा विश्लेषण को सक्षम करेगा।
ग्रामीण परिवारों के लिए उचित आवास तक पहुंच सुनिश्चित करने और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार करने की प्रतिबद्धता को पूरा करते हुए, प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत 3 लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश होगा। प्रधानमंत्री इस योजना के तहत कुछ लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे।
00 मोहभट्टा मैदान में कुल 55 एकड़ क्षेत्र में कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है जिसमें 4.50 लाख स्क्वेयर फीट में पांच डोम तैयार किया गया है। जिसे 75 सेक्टर में बांटा गया है।
00 जनसभा में पहुंचने वाले हितग्राहियों की सुविधा के लिए सभी प्रकार के इंतजाम किए गए है ताकि उन्हें कोई समस्या ना हो। आपातकालीन स्थिति के लिए दवाई, जलपान, सुलभ समेत सभी प्रकार की व्यवस्था की गई है।
00 कार्यक्रम स्थल पर सभी सेक्टर, पार्किंग और अन्य आवश्यक स्थानों में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
00 50 एलईडी स्क्रीन की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों की उपस्थिति को देखते हुए कुल 100 एकड़ क्षेत्र में 9 अलग-अलग पार्किंग बनाया गया है, ताकि हितग्राहियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की कोई असुविधा ना हो।
Author Profile

Latest entries
राष्ट्रीयMarch 28, 2026IRCTC पर 60 लाख रुपए का जुर्माना, वंदेभारत में यात्रियों को परोसा गया था कीड़ा लगा दही
बिलासपुरMarch 27, 2026निगम ने जारी की बड़े बकायादारों की सूची, करोड़ो रुपए लेना है संपत्तिकर, निगम ने दी अंतिम चेतावनी
बिलासपुरMarch 26, 2026ACB की बड़ी कार्रवाई : ATR का रेंजर और डिप्टी रेंजर 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार, क्यों मांगे थे रिश्वत, पढ़े खबर…
बिलासपुरMarch 26, 2026विश्व में कोसला एकमात्र ऐसा पावन तीर्थ, जहां चैत्र शुक्ल नवमी को मानते हैं, माता कौसल्या-पुत्र राम लला-अयोध्यापति राजा दशरथ का भव्य जन्मोत्सव
