17 लाख का राशन घोटाला : महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष और विक्रेता गिरफ्तार, 7 साल बाद हुई कार्रवाई, समूह की सचिव फरार

शिवरीनारायण। 17 लाख रुपए का चावल, शक्कर, नमक और केरोसिन डकारने वाली महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष और दुकान के विक्रेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। समूह की एक अन्य पदाधिकारी फरार है जिसे पुलिस तलाश कर रही है। समूह के पदाधिकारियों ने सुनियोजित तरीके से एक गिरोह बनाकर गरीबों के राशन पर डाका डाल रहे थे।

भवतरा ग्राम पंचायत के शासकीय उचित मूल्य दुकान में सात साल पहले राशन घोटाला सामने आया था। समूह के खिलाफ शिकायत करते हुए ग्रामीणों ने लाखों रुपए के चांवल, शक्कर, नमक  और केरोसिन के गबन करने का आरोप लगाया था। शिकायत में सीधे सीधे महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष, सचिव और विक्रेता पर गबन करने का आरोप था। तत्कालीन खाद्य निरीक्षक ज्योति मिश्रा ने वर्ष 2018 में शिकायत की जांच की। रिपोर्ट में साफ बताया गया था कि दुकान से 478.54 क्विंटल चावल, 16.27 क्विंटल शक्कर, 29.04 क्विंटल नमक और 1357 लीटर केरोसिन का गबन किया गया है। जिसकी कुल कीमत 17 लाख 37 हजार 619 रुपये है। लेकिन जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद अधिकारियों ने तो महिला स्व सहायता समूह के पदाधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया, न ही कोई गिरफ्तारी हुई, न वसूली की गई और न ही मामला न्यायालय पहुंचा। पूरी जांच रिपोर्ट पर विभाग के अधिकारी कुंडली मारकर बैठे रहे। जब नवंबर 2024 में नए खाद्य निरीक्षक ने पदभार संभाला तो वर्षों पुरानी जांच रिपोर्ट की फाइल फिर खुली और SDM पामगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। थाने में FIR पंजीबद्ध की गई और समूह की केशर बाई (अध्यक्ष), संगीता साहू (सचिव) और लालाराम कश्यप (विक्रेता) के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया। तीनों के खिलाफ धारा 408, 34 IPC और 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम तहत जुर्म दर्ज कर शिकंजा कसा गया है। मामले में समूह की अध्यक्ष केसर बाई और विक्रेता लाला राम कश्यप को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी संगीता साहू फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। बताया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया था। लेकिन समूह की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। विक्रेता ने राशन लौटाने का नाटक किया लेकिन कोई वसूली नहीं हुई। लाखों रुपए का राशन डकारने के बाद भी महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं और पदाधिकारी खुलेआम घूमते रहे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *