नई दिल्ली। बहुचर्चित 2200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने अनवर ढेबर को जमानत दे दी है। अनवर ढेबर रायपुर के पूर्व महापौर एजाज़ ढेबर के भाई हैं। अदालत ने लंबित ट्रायल, जांच की प्रगति में देरी और निरंतर हिरासत को अनुपयुक्त मानते हुए यह राहत दी है। हालांकि अनवर ढेबर अभी जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे क्योंकि वह EOW और ACB द्वारा दर्ज किए गए मूल अपराध के मामले में अब भी न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे, इस प्रकरण में उन्हें जमानत नहीं मिली है। आपको बता दे घोटाले के मास्टर माइंड अनिल टुटेजा को 15 दिन पहले ही जमानत मिली है।
सुनवाई के दौरान पीठ ने यह ध्यान दिलाया कि इससे पूर्व भी इसी विषय से संबंधित एक अन्य ECIR (प्रवर्तन केस सूचना रिपोर्ट) के तहत अनवर ढेबर ने लगभग 80 दिन की हिरासत भुगती है। वर्तमान मामले में उन्हें 8 अगस्त 2024 को गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने अब तक मूल शिकायत के साथ तीन पूरक आरोपपत्र दाखिल किए हैं, जिनमें 40 गवाहों को सूचीबद्ध किया गया है। इसके बावजूद सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि अब तक न तो कोई संज्ञान लिया गया है और न ही ट्रायल शुरू हुआ है, जिससे अनवर की निरंतर हिरासत को अनुचित ठहराया गया।
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अर्शदीप सिंह खुराना ने दलील दी कि राज्य की EOW-ACB द्वारा दर्ज मामले में 450 गवाहों को सूचीबद्ध किया गया है और जांच अभी भी प्रारंभिक चरण में है। “ऐसे में सुनवाई शुरू होने की कोई निकट भविष्य में संभावना नहीं है, और अधिकतम सजा सात साल की है,” खुराना ने कहा।
सुप्रीम कोर्ट ने उक्त तर्कों को स्वीकार करते हुए Senthil Balaji बनाम Deputy Director मामले में दिए गए अपने पूर्व निर्णय का हवाला दिया और कहा कि “संपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए अनवर ढेबर को जमानत दिया जाना उचित है।” पीठ ने आदेश दिया कि “अनवर ढेबर को एक सप्ताह के भीतर विशेष अदालत में प्रस्तुत किया जाए” और ईडी की सुनवाई के बाद उन्हें उपयुक्त एवं कठोर शर्तों पर जमानत दी जाए। साथ ही अदालत ने यह भी निर्देशित किया कि अनवर ढेबर अपना पासपोर्ट विशेष अदालत में जमा करें (यदि हो), नियमित रूप से अदालत में उपस्थित रहें और ट्रायल में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें।
यह निर्णय ऐसे समय आया है जब सुप्रीम कोर्ट ने इसी मामले में सह-आरोपी रहे पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा को भी 15 अप्रैल को जमानत दी थी। उस समय अदालत ने पाया था कि टुटेजा के खिलाफ संज्ञान आदेश को निरस्त कर दिया गया है, अतः उनकी रिहाई उचित है।
उल्लेखनीय है कि ईडी द्वारा दर्ज यह मनी लॉन्ड्रिंग मामला छत्तीसगढ़ में सामने आए कथित बहु-अरब रुपये के आबकारी घोटाले से जुड़ा है, जिसमें उच्च अधिकारियों, व्यापारियों और राजनीतिक हस्तियों पर षड्यंत्र रचने व अवैध लाभ कमाने के गंभीर आरोप हैं।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरMay 3, 2026मोपका में युवक की हत्या, 3 आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार, क्या है हत्या का कारण…, पढ़े खबर…
बिलासपुरMay 3, 2026जेल जा सकते है चार अधिवक्ता, अग्रिम जमानत आवेदन खारिज, फर्जी दस्तावेज पेश कर मुआवजा के लिए लगा दिया था आवेदन
कांकेरMay 2, 2026IED ब्लास्ट में DRG के चार जवान शहीद, बारूदी सुरंग को कर रहे थे निष्क्रिय
बिलासपुरMay 2, 2026आयुक्त ने किया वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक को निलंबित, अवैध उगाही का वीडियो हुआ था वायरल, फोकट में कोल्ड ड्रिंक भी पिया
