बिरनपुर हत्या कांड : CBI के चार्जशीट ने खोला राज, अरुण साव ने दिए भड़काऊ भाषण, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा

बिलासपुर। बिरनपुर कांड पर सीबीआई की चार्जशीट दाखिल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष थानेश्वर साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडे ने कांग्रेस भवन में संयुक्त पत्रकारवार्ता कर कहा कि सीबीआई की रिपोर्ट से साफ हो गया है कि भाजपा ने इस घटना को सांप्रदायिक और जातीय रंग देकर राजनीतिक फायदा उठाने की साजिश रची थी।
थानेश्वर साहू ने कहा कि सीबीआई ने विशेष अदालत में जो चार्जशीट पेश किया है उससे स्पष्ट हो गया है कि बिरनपुर की घटना दो बच्चों के झगड़े से शुरू होकर दो परिवारों तक सीमित थी। लेकिन बाद में इसे दो समुदायों के संघर्ष के रूप में भड़काया गया। सीबीआई की जांच में यह भी सामने आया है कि यह कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं था, बल्कि एक मामूली विवाद था जो हिंसा में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सीबीआई जांच के बिंदु इस तरह तय किए कि घटना के बाद हुए राजनीतिक षड्यंत्र की जांच ही न हो, क्योंकि ऐसा होता तो भाजपा की भूमिका उजागर हो जाती।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सीबीआई चार्जशीट ने भाजपा के झूठ और साजिश को सामने ला दिया है। “भाजपा ने उस समय कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगाए और पूरे राज्य में जातीय और सांप्रदायिक तनाव फैलाने का षड्यंत्र किया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने घटना स्थल पर पहुंचकर भड़काऊ भाषण दिए, जिससे माहौल बिगड़ा और आगजनी की घटनाएं हुईं। उनके अनुसार भाजपा ने इस घटना को चुनावी एजेंडा बना लिया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपनी चुनावी सभाओं में इस घटना को धार्मिक झगड़े के रूप में प्रस्तुत किया।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा ने मृतक भुनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को टिकट देकर सहानुभूति वोट हासिल करने की भी साजिश की। सीबीआई रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट हुआ है कि कांग्रेस सरकार की कार्रवाई सही थी। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, वे घटना में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे। भाजपा ने उस समय कांग्रेस पर तुष्टिकरण और पक्षपात के झूठे आरोप लगाकर राजनीतिक ध्रुवीकरण का प्रयास किया। रिपोर्ट में अंजोर यदु का नाम कहीं नहीं है, जबकि भाजपा नेताओं ने उसे बलि का बकरा बनाकर समुदाय विशेष को भड़काया था।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के षड्यंत्र से कांग्रेस को राजनीतिक नुकसान हुआ, लेकिन अब सच सामने आ गया है। “अगर अरुण साव में नैतिकता है तो उन्हें उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर जनता से माफी मांगनी चाहिए,” कांग्रेस नेताओं ने कहा। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह से भी अपने “गैर जिम्मेदाराना और भड़काऊ भाषणों” के लिए छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगने की मांग की गई।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *