11 लाख क्विंटल धान का फर्जी ट्रांसपोर्टिंग, 4 मिलर और समिति प्रबंधक गिरफ्तार, कई फरार

मुंगेली। जिले में धान खरीदी और परिवहन में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि कई मिलर, ट्रांसपोर्टर और समिति प्रबंधक फरार हो गए है। जांच में राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों और ट्रांसपोर्टरों ने मिलकर शासन को 8 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक का चुना लगाया है।
आईसीसीसी मार्कफेड रायपुर से मिली जानकारी के आधार पर की गई जांच में सामने आया कि धान उठाव करने वाले वाहनों द्वारा क्षमता से 200 से लेकर 1116 गुना अधिक ट्रांसपोर्टिंग किया गया है। कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच कर इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया है। जांच में पाया गया है कि राइस मिलरों और समिति प्रबंधकों ने जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए, पीडीएस चावल का वितरण नहीं किया और फर्जी वाहन नंबरों से धान का ट्रांसपोर्टिंग बताया है। वास्तविक मात्रा से कहीं अधिक धान का उठाव दिखाकर शासन को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। अभी तक जांच में जो गड़बड़ी सामने आई है उसके अनुसार 11 लाख क्विंटल से अधिक धान की फर्जी खरीदी और ट्रांसपोर्टिंग की गई है। राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों और ट्रांसपोर्टरों ने मिलकर शासन को 8 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस गंभीर मामले में अलग अलग थानों में FIR दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इन मामलों में उपलेटा एवं वर्धमान राइस मिल के संचालक, समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अब्दुल समद, ललित जैन, नवेन्द मेनन एवं अनिल जांगड़े फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
00 फर्जी दस्तावेज और फर्जी वाहनों से किया गया परिवहन
जांच में पाया गया कि राइस मिलरों और समिति प्रबंधकों ने जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए, पीडीएस चावल का वितरण नहीं किया और फर्जी वाहन नंबरों से धान का परिवहन दर्शाया। वास्तविक मात्रा से कहीं अधिक धान का उठाव दिखाकर शासन को भारी नुकसान पहुंचाया गया। कुल मिलाकर 11 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी और परिवहन में गड़बड़ी के प्रमाण मिले हैं।
00 इन उपार्जन केंद्रों और राइस मिलों पर कार्रवाई
नवागांव घुठेरा समिति द्वारा उपलेटा राइस मिल से मिलीभगत कर 74 जीपीएस युक्त एवं 40 से अधिक बिना जीपीएस वाहनों से धान का परिवहन किया है। सिंघनुपरी केंद्र द्वारा एसएस फूड के साथ मिलकर 4,542 क्विंटल धान का बिना जीपीएस लगे गाड़ियों से परिवहन किया गया है। इसी तरह छटन उपार्जन केंद्र द्वारा दीपक राइस मिल और नवकार मिल से मिलकर 3,589 क्विंटल धान का अवैध परिवहन किया गया है। झगरहट्टा उपार्जन केंद्र द्वारा वर्धमान राइस मिलर्स के साथ मिलकर गड़बड़ी की है। इन मामलों में उपलेटा एवं वर्धमान राइस मिल के संचालक, समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *