विकसित भारत की ओर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट, चौथी से शीर्ष अर्थव्यवस्था बनेगा देश : साव

बिलासपुर। देश के वित्तमंत्री सीतारमण ने आज संसद में बजट पेश किया। इसके बाद बिलासपुर के भाजपा कार्यालय में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय बजट के प्रदेश संयोजक अमर अग्रवाल प्रेसवार्ता लेकर बजट की जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बजट का स्वागत करते हुए इसे “विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट” बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम नागरिक के जीवन को सरल और सुगम बनाने वाला है। देश के हर क्षेत्र और हर वर्ग की जरूरतों को धरातल पर जाकर समझते हुए बजट बनाया गया हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए आर्थिक सुधारों की श्रृंखला को यह बजट और मजबूती देता है। योजनाबद्ध तरीके से देश की ताकत और क्षमताओं के अनुरूप अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का जो क्रम शुरू हुआ, उसी का परिणाम है कि वैश्विक महामारी जैसी कठिन चुनौतियों के बावजूद भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह बजट उसी मजबूत नींव पर भविष्य की तेज रफ्तार तय करने वाला है। श्री साव ने बताया कि बजट में मछली पालन, पशुपालन, लघु व सीमांत किसानों, छोटे व्यापारियों और श्रमिक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। बजट में लघु उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जिससे औद्योगिक क्लस्टरों को पुनर्जीवित करने का कार्य किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बजट में रेल, सड़क, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही दवाइयों की कीमतें कम करने, खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, तथा निर्यात को प्रोत्साहित कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का रोडमैप भी इसमें शामिल है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक सुधारों का सीधा लाभ आम जनता को मिला है। करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का आवास, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना, बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार, उत्पादन बढ़ाकर निर्यात को प्रोत्साहन किया गया है। ये सभी प्रयास देश की अर्थव्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहे हैं। आज प्रस्तुत बजट इन सभी पहलों को आगे बढ़ाने वाला है।
श्री साव ने कहा कि माइनिंग कॉरिडोर, अधोसंरचना विकास और निर्यात बढ़ाने वाले प्रावधान देश की आर्थिक गति को और तेज करेंगे। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी अभियान और महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को सी-मार्ट के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने की पहल से आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना साकार होगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट जनोन्मुखी, विकासपरक और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने वाला है। 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह बजट देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला सिद्ध होगा। प्रेसवार्ता में विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि यह बजट देश को चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से ऊपर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट है। बजट में विदेशी निवेश को आकर्षित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे भारत को विश्व का आर्थिक हब बनाने की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।  छत्तीसगढ़ को माइनिंग सेक्टर का मजबूत केंद्र बनाने का लक्ष्य भी इस बजट में रखा गया है जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। इस प्रेस वार्ता मे महापौर पूजा विधानी, जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, सभापति विनोद सोनी, गुलशन ऋषि सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *