मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने बेहद सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया है। सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर सिंह राजपूत की हत्या उनके अपने ही सगे भाइयों, भतीजों और भांजे ने मिलकर किया है। आरोपियों ने 4 करोड़ की जमीन और 30 तोला सोना के लालच में करा दी हत्या। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में 4 नाबालिग भी शामिल है जिन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
घटना की शुरुआत 21 मार्च 2026 को हुई जब ग्राम मनोहरपुर राईस मिल के पास 62 वर्षीय दामोदर सिंह राजपूत (रिटायर्ड लेखापाल, शिक्षा विभाग) की मोटरसाइकिल लावारिश हालत में मिली। उनके भाई बलबीर सिंह ने लालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग और मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर और अति. पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुंगेली जिले के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स और सरहदी क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। ‘त्रिनयन एप’ के माध्यम से संदिग्धों का रूट चार्ट तैयार किया गया। जिसमें एक स्लेटी रंग की हुंडई ईयॉन कार (CG 10 AC 8986) मृतक का पीछा करती नजर आई। जांच में पता चला कि यह कार ग्राम झाफल के संजय यादव ने किराए पर ली है। जब संजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या की पूरी साजिश उगल दी।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक दामोदर सिंह के छोटे भाई रणजीत उर्फ मुन्ना राजपूत, साले पालेश्वर सिंह और चचेरे भाई रामपाल राजपूत ने मिलकर हत्या का ताना-बाना बुना था। आरोपियों की नजर दामोदर सिंह की 4 करोड़ रुपये की जमीन और 30 तोला सोने पर थी। उन्होंने संजय यादव को हत्या के लिए 10 लाख रुपये और 50 डिसमिल जमीन की सुपारी दी थी। 21 मार्च को जब दामोदर सिंह झाफल के लिए निकले तो रास्ते में संजय यादव और उसके साथियों ने गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। साक्ष्यों को छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को कवर्धा जिले के पंडरिया थाना अंतर्गत देवसरा के जंगलों में नदी के किनारे रेत में दफन कर दिया।
साजिश इतनी गहरी थी कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कई चालें चलीं। मृतक के अपने बेटे संजय राजपूत से संबंध खराब थे। आरोपियों ने एक फर्जी नोटरी तैयार करवाई जिसमें यह दिखाया गया कि दामोदर अपनी संपत्ति भाइयों को बेच रहे हैं और बेटे से कोई संबंध नहीं रखना चाहते। हत्या के बाद मृतक का मोबाइल फोन प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) भेजकर गंगा नदी में फिकवा दिया, ताकि पुलिस और परिजन यह समझें कि दामोदर सिंह संन्यासी बनकर कहीं चले गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पंडरिया के जंगल से शव को खोदकर बाहर निकाला और पोस्टमार्टम कराया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त टाटा स्पेशियों गोल्ड, ईयॉन कार, स्कूटी, मोटरसाइकिल और सुपारी की रकम के 96,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी 11 आरोपियों के विरुद्ध हत्या, अपहरण और षड्यंत्र की विभिन्न धाराओं (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
00 गिरफ्तार आरोपी :
1. रणजीत सिंह राजपूत पिता बारेलाल उम्र 55 वर्ष निवासी झाफल, थाना लोरमी (मृतक का भाई)
2. पालेश्वर राजपूत पिता स्व.रामधुन उम्र 50 वर्ष निवासी झाफल, थाना लोरमी (मृतक के भाई रणजीत का साला)
3. रामपाल सिंह राजपूत पिता आजुसिंह उम्र 53 वर्ष निवासी लोरमी, थाना लोरमी (मृतक का चचेरा भाई)
4. पराग सिंह राजपूत पिता बलवीर सिंह उम्र 49 वर्ष निवासी झाफल, थाना लोरमी (मृतक के भाई बलबीर का पुत्र)
5. हेमंत राजपूत पिता रणजीत उम्र 26 वर्ष निवासी झाफल,थाना लोरमी (मृतक के भाई रणजीत का पुत्र)
6. अजय राजपूत पिता भुनेश्वर सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी सारधा (मृतक का भांजा)
7. संजय यादव पिता लल्लुराम उम्र 37 वर्ष निवासी झाफल थाना लोरमी
8. श्रवण उर्फ प्रिंस गोई पिता श्याम उम्र 18 वर्ष निवासी जवाहर वार्ड मुंगेली
9. योगेश गंधर्व उर्फ योगेश्वर पिता राधेश्याम उम्र 18 वर्ष 10 माह निवासी कालीमाईवार्ड मुंगेली
10. देवराज साहू उर्फ दद्दु उर्फ देवकुमार पिता रामसहाय उम्र 23 वर्ष निवासी झझपुरीकला लोरमी
11. आशीष कारीकांत उर्फ धर्मेन्द्र उर्फ बाबु पिता धन्नू उम्र 20 वर्ष निवासी बस स्टैण्ड लोरमी
एवं 04 विधि से संघर्षरत बालक
Author Profile

Latest entries
UncategorizedMarch 31, 2026संपत्ति के लालच में सगे भाई, भतीजे, भांजे और साले ने करा दी लेखपाल की हत्या, पुलिस ने 11 आरोपियों और 4 नाबालिग को किया गिरफ्तार
बिलासपुरMarch 30, 2026जिले में पेट्रोल, डीजल और LPG पर्याप्त, भीषण गर्मी में स्टोर करने का खतरा न ले – कलेक्टर
शिवरीनारायणMarch 30, 2026विश्व में कोसला ऐसा एकमात्र पावन धाम जहां चैत्र शुक्ल नवमी को मनाया जाता है : माता कौसल्या, पुत्र राम लला और राजा दशरथ का भव्य जन्मोत्सव
बिलासपुरMarch 29, 2026इनामी नक्सली कमांडर ढेर, पांच लाख था इनाम, अब नक्सलियों के लिए बचा है दो दिन का समय
