बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास को नई गति मिली है। राज्य शासन ने क्षेत्र के महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए कुल ₹10 करोड़ 81 लाख 68 हजार की नई स्वीकृति प्रदान की है। इसमें बेलतरा एवं अकलतरी के नवीन शासकीय महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए ₹9 करोड़ 31 लाख 68 हजार तथा मंगला में मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं उद्यान कार्य तथा सार्वजनिक सामुदायिक भवन के लिए ₹1.50 करोड़ शामिल हैं। इन स्वीकृतियों से एक ओर बेलतरा और अकलतरी के हजारों युवाओं को बेहतर उच्च शिक्षा के लिए स्थायी एवं आधुनिक अधोसंरचना मिलेगी, वहीं दूसरी ओर मंगला क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में घोषणाएं तो बहुत हुईं, लेकिन कई बार आवश्यक अधोसंरचना और बजट के अभाव में वे धरातल पर नहीं उतर सकीं। आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार घोषणा को बजट और स्वीकृति से जोड़कर विकास कार्यों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि “विकास केवल घोषणा करने से नहीं होता। विकास तब होता है, जब उसके लिए बजट स्वीकृत हो, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति मिले और काम धरातल पर दिखाई दे। बेलतरा-अकलतरी के महाविद्यालय भवनों के लिए लगभग ₹9.32 करोड़ और मंगला में ₹1.50 करोड़ की नई स्वीकृति इसी कार्यशैली का परिणाम है।
विधायक ने कहा कि बेलतरा और अकलतरी के महाविद्यालय भवनों के लिए स्वीकृत ₹9 करोड़ 31 लाख 68 हजार की राशि क्षेत्र के युवाओं के भविष्य में किया गया बड़ा निवेश है। दोनों महाविद्यालयों के लिए ₹4 करोड़ 65 लाख 84 हजार प्रति महाविद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर और स्थायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल महाविद्यालय खोलना नहीं, बल्कि ऐसे महाविद्यालय तैयार करना है जहां हमारे क्षेत्र के युवा बेहतर वातावरण में पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया प्रत्येक निवेश आने वाली पीढ़ी के भविष्य में निवेश है।
00 विधायक की मांग पर उपमुख्यमंत्री की घोषणा
मंगला के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि जून माह में मंगला में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उनकी मांग पर माननीय उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी ने मुक्तिधाम के विकास एवं सौंदर्यीकरण तथा सामुदायिक भवन के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। अब उस घोषणा के अनुरूप शासन द्वारा ₹1.50 करोड़ की नई स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें ₹50 लाख मंगला मुक्तिधाम में जीर्णोद्धार एवं उद्यान कार्य तथा ₹1 करोड़ सार्वजनिक सामुदायिक भवन के लिए स्वीकृत किए गए हैं। विधायक ने कहा कि मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए पूर्व में DMF मद से ₹50 लाख की राशि उनके प्रयासों से स्वीकृत हो चुकी है। अब शासन से ₹50 लाख की नई स्वीकृति मिलने के बाद मुक्तिधाम के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए अब तक कुल ₹1 करोड़ की राशि उपलब्ध होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में स्वीकृत DMF की ₹50 लाख राशि आज की ₹1.50 करोड़ की नई स्वीकृति में शामिल नहीं है। वर्तमान शासन स्वीकृति की राशि ₹1.50 करोड़ है, जिसमें ₹50 लाख मुक्तिधाम और ₹1 करोड़ सामुदायिक भवन के लिए हैं।
00 मंगला में सामुदायिक भवन से बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं
मंगला में ₹1 करोड़ की लागत से सार्वजनिक सामुदायिक भवन के निर्माण को मिली स्वीकृति को विधायक ने क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता की पूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सामुदायिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि “मंगला की जनता की आवश्यकता और मांग को ध्यान में रखते हुए हमने उपमुख्यमंत्री जी के समक्ष विषय रखा था। जून में घोषणा हुई और अब उसकी स्वीकृति भी मिल गई है। यह इस बात का प्रमाण है कि जनता की मांग को सरकार तक पहुंचाकर उसे स्वीकृति दिलाना और विकास को धरातल पर उतारना हमारी प्राथमिकता है।”
युवाओं से लेकर आम नागरिकों तक—हर क्षेत्र में विकास
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा में विकास की दिशा केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, नागरिक सुविधाओं, सिंचाई, अधोसंरचना और जनसुविधाओं को समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बेलतरा-अकलतरी में महाविद्यालय भवनों के लिए मिली ₹9.32 करोड़ की स्वीकृति युवाओं के भविष्य को मजबूत करेगी, जबकि मंगला में ₹1.50 करोड़ के नए विकास कार्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाएंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी एवं राज्य शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की विकासोन्मुखी कार्यशैली का लाभ लगातार बेलतरा विधानसभा क्षेत्र को मिल रहा है। बेलतरा में अब विकास केवल घोषणाओं की बात नहीं है। यहां घोषणा के बाद स्वीकृति, स्वीकृति के बाद निर्माण और निर्माण के बाद जनता को उसका लाभ मिले—इसी लक्ष्य के साथ हम लगातार काम कर रहे हैं। बेलतरा के युवाओं के भविष्य से लेकर आम नागरिकों की सुविधाओं तक, विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी।
Author Profile

Latest entries
UncategorizedAugust 19, 2026बेलतरा के विकास को मिली ₹10.82 करोड़ की सौगात, अकलतरी और बेलतरा में बनेगा ₹9.32 करोड़ में कॉलेज भवन
बिलासपुरAugust 19, 2026बस में झपटमारी करने वाली 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को किया गया गिरफ्तार, महिला यात्रियों को बनाते थे शिकार
बिलासपुरAugust 19, 2026ग्रामीण युवकों से कराया जा रहा 703 गांवों में डिजिटल क्रॉप सर्वे, 5 ग्रामों में सर्वे मैनुअल, धान खरीदी में उपयोग होगा आंकड़ा
बिलासपुरAugust 19, 2026जुआरियों के फड़ में पुलिस का छापा, जो भाग नहीं पाए वही 4 पकड़ाए, नगद, गाड़ी, मोबाइल जप्त
