मुख्यमंत्री करेंगे डेढ़ सौ करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, ढाई सौ करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, विधायक और कलेक्टर लिया तैयारियों का जायजा

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 3 जनवरी को जिले के प्रवास पर आ रहे हैं। इस दौरान के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके पहले कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर और नगर विधायक शैलेश पांडे ने अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल 3 जनवरी को बिलासपुर जिले के प्रवास पर आ रहे हैं। वे यहां रात्रि विश्राम भी करेंगे। श्री बघेल यहां 6.59 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन उच्च विश्राम गृह, नूतन चौक सरकंडा में नवनिर्मित सेन्ट्रल लाइब्रेरी, मिट्टी तेल गली में नव निर्मित स्मार्ट सड़क का लोकार्पण तथा राजेन्द्र नगर चौक में पद्मश्री स्व. श्री श्यामलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वे तारबाहर स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का निरीक्षण करेंगे। श्री बघेल लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान पर आयोजित आमसभा के दौरान लगभग 143 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, लगभग 250 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन तथा हितग्राहियों को सामग्री का वितरण करेंगे। वे बिल्हा विकासखंड के ग्राम सेलर में गौठान का निरीक्षण भी करेंगे।
कलेक्टर डॉ. मित्तर ने आज इन सभी स्थानों पर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने शास्त्री मैदान में मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, वीआईपी, मीडिया एवं आम नागरिकों की प्रवेश व्यवस्था, बेरिकेडिंग के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने ग्राम सेलर में गौठान में चल रही विभिन्न गतिविधियों में संलग्न स्व-सहायता समूह की महिलाओं, गौठान समिति के सदस्यों तथा चरवाहों से चर्चा की। इस दौरान बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने नूतन चौक में नवनिर्मित सेंट्रल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ई लाइब्रेरी तथा किताबों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हर वर्ग के लिये किताबें रखने तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता देने कहा।
तारबाहर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल की लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स रूम, कम्प्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास का कलेक्टर ने निरीक्षण किया और स्टाफ को जरूरी निर्देश दिये। नवीन उच्च विश्राम गृह के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा भी उन्होंने लिया।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री बीएस उइके, नगर निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पांडेय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *