25 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में पटवारी निलंबित, कलेक्टर की कार्रवाई, 25 हजार रिश्वत लेते हुए वीडियो हुआ था वायरल

बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पटवारी ने बंटवारा के लिए 50 हजार रुपए का रिश्वत मांगा था। पहली किस्त की राशि लेते हुए सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद यह कार्रवाई हुई है।

श्री गोस्वामी पूर्व में पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे तथा वर्तमान में तहसील पचपेड़ी के पटवारी हल्का नंबर 05 में कार्यरत हैं। तहसीलदार पचपेड़ी ने 28 अक्टूबर 2026 को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। आदेश में पटवारी के कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत एवं गंभीर कदाचरण की श्रेणी में मानते हुए शासन की छवि धूमिल करने वाला बताया गया है। निलंबन अवधि में श्री गोस्वामी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। कलेक्टर ने तहसीलदार पचपेड़ी को संबंधित पटवारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं। बता दें ग्राम लोहर्सी-सोन में पदस्थ रहे पटवारी ऋषि गोस्वामी पर आरोप है कि उन्होंने जमीन बंटवारे के एवज में 50,000 रुपए की मांग की थी। इस सौदे के तहत जमीन मालिक से 25,000 रुपए की नोटों की गड्डी लेते हुए उनका वीडियो बना लिया गया। वीडियो में पटवारी यह कहते भी नजर आ रहे हैं कि इतने रुपए से काम नहीं चलेगा, आगे के खर्च के लिए कम से कम 20 तो अलग से समझो।  वीडियो वायरल होने के बाद मस्तूरी एसडीएम बजरंग वर्मा ने तहसीलदार प्रकाश साहू को जांच के निर्देश दिए थे। तहसीलदार ने पटवारी का बयान दर्ज करने के बाद अपना रिपोर्ट सौंप दिया था।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *