

बिलासपुर। अनिश्चित कालीन हड़ताल में गए 229 पटवारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने हड़ताल अवधि को ‘ब्रेक इन सर्विस’ करने का आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश के बाद इन पटवारियों की सीनियरिटी खत्म हो जाएगी। यही नहीं वेतन वृद्धि और प्रमोशन पर भी असर पड़ेगा।
जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए पटवारियों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हड़ताल पर चल रहे 229 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ‘ब्रेक इन सर्विस’ किया गया है। सभी 229 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिया गया हैं। इसके अलावा 8 पटवारियों को निलंबित किया गया है। एक पटवारी के विरुद्ध विभागीय जांच की कार्रवाई की गई है। ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ के आधार पर 102 पटवारियों का वेतन रोका गया है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के पटवारी प्रांतीय आह्वान पर 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिले में पटवारियों के कुल 248 पद स्वीकृत हैं और सभी पद भरे हुए हैं। इनमें कोई प्रशिक्षु पटवारी नहीं है। 12 नवंबर की स्थिति में 229 पटवारी हड़ताल पर हैं, जबकि 4 पटवारी कार्यरत हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल की ओर से जिले में की गई कार्रवाई का विवरण आयुक्त भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़ को भेजा गया है। इसमें हड़ताल की अद्यतन स्थिति, कारण बताओ नोटिस, निलंबन, विभागीय जांच, ब्रेक इन सर्विस तथा वेतन रोकने संबंधी जानकारी दी गई है।पटवारियों की लंबी हड़ताल के बीच राजस्व सेवाओं की निरंतरता किसानों और आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से धान खरीदी शुरू होने के मद्देनजर भूमि अभिलेख संबंधी कार्यों का समय पर निराकरण आवश्यक है, ताकि किसानों को अपने जरूरी कामों के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
• सीनियरिटी (Seniority) पर असर: आपकी पुरानी वरिष्ठता खत्म हो सकती है और नए कर्मचारी की तरह गिनती हो सकती है।
• लाभ और पेंशन: पिछली सेवा के आधार पर मिलने वाले लाभ, वेतन वृद्धि (Increment), प्रमोशन, या पेंशन पर असर पड़ सकता है।
• विभागीय परीक्षा: कई बार लगातार सेवा के नियम (जैसे न्यूनतम 3 वर्ष) पूरे न होने पर आप विभागीय परीक्षाओं के लिए अयोग्य हो सकते हैं।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरNovember 12, 2026हड़ताल पर गए 229 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस, सीनियरिटी खत्म, 102 का वेतन रोका, 8 निलंबित
बिलासपुरNovember 12, 2026रकम दुगना करने का झांसा देकर 24 लाख की ठगी, 4 गिरफ्तार, अपने ही रिश्तेदारों को बनाया शिकार
बिलासपुरNovember 12, 2026धान खरीदी से पहले प्रशासन की सख्ती, सात ठिकानों से 200 क्विंटल धान जब्त, राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई
बिलासपुरNovember 12, 2026बलवा और जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 साल से थे फरार, गोपनीय सूचना पर पकड़ा गया
