18 वर्ष से अधिक व 45 वर्ष से कम उम्र के आयु वर्ग के लोगों का कोविड टीकाकरण आज से

बिलासपुर। कोविड महामारी से निपटने के लिये तीसरे चरण का वैक्सीनेशन 1 मई से प्रारंभ हो रहा है। इसके तहत राज्य में 18 वर्ष से अधिक व 45 वर्ष से कम उम्र के अंत्योदय कार्डधारियों का टीकाकरण प्राथमिकता से किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिये गये के निर्देश के अनुरूप जिले में इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर के अंदर देवकीनंदन स्कूल और बालमुकुंद स्कूल में टीका लगाया जाएगा
कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने बताया कि इसके लिये जिले के 4 विकासखंडों में दो-दो टीकाकरण केन्द्र और नगर निगम बिलासपुर में दो टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं। प्रत्येक केन्द्र में प्रतिदिन 100 टीके लगाने के लक्ष्य के अनुरूप तैयारी करने का निर्देश उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। कल दोपहर तक जिले को 5500 वैक्सीन प्राप्त होंगे। इसके बाद कल ही दोपहर से टीकाकरण प्रारंभ हो जायेगा। राज्य में कोविड टीकाकरण निःशुल्क है।
इसके लिये वैक्सीनेटर एवं अन्य कर्मचारियों की 10 टीम बनाई गई है। ये टीकाकरण केन्द्र वर्तमान में चल रहे केन्द्रों से अलग बनाये गये हैं। टीकाकरण केन्द्र में टीका लगाने के लिये आने वाले को अपना अंत्योदय कार्ड एवं आधार कार्ड लेकर आना होगा। अंत्योदय कार्डधारी परिवार के 18 वर्ष से अधिक व 45 वर्ष से कम उम्र के सभी सदस्यों को एक साथ टीका लगाया जा सकेगा। जिले में 88 हजार 413 कार्डधारी हैं। इनमें 66 हजार 700 ग्रामीण व 21 हजार 713 शहरी क्षेत्र के हितग्राही हैं।
कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को अन्त्योदय कार्डधारियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने राशन दुकान संचालकों के माध्यम से अन्त्योदय हितग्राहियों को टीकाकरण के लिये प्रेरित करने कहा।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अति गरीब परिवार के 18 वर्ष से अधिक एवं 45 वर्ष से कम आयु के लोगों का टीकाकरण प्राथमिकता से किया जायेगा। इन परिवारों के ऐसे लोग जिनके पास मोबाइल फोन नहीं है वे भी टीकाकरण केन्द्र में आयें और टीका लगवायें।
00 10 केन्द्रों में होगा वैक्सीनेशन
जिले में 18 वर्ष से अधिक व 45 वर्ष से कम आयु के अंत्योदय कार्डधारियों का कोविड वैक्सीनेशन करने के लिये 10 केन्द्र बनाये गये हैं। बिल्हा विकासखंड में ग्राम सेंवार के हेल्थ वेलनेस सेंटर व बेलतरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ये टीके लगाये जायेंगे। इसी तरह तखतपुर विकासखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तखतपुर व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सकरी, कोटा विकासखंड में ग्राम अमने और करगीकला के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा मस्तूरी विकासखंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सीपत व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जयरामनगर में टीकाकरण केन्द्र बनाये गये हैं।
नगर निगम बिलासपुर में देवकीनंदन स्कूल व बालमुकुन्द स्कूल में इन आयु वर्ग के अंत्योदय कार्डधारियों को टीके लगाये जायेंगे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *