कोयला व्यापारी को लोहा व्यापारी ने लगाया ढाई करोड़ का चूना, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। जिले में पुलिस ने एक स्टील कारोबारी को गिरफ्तार किया है। उस पर 2 करोड़ 40 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप है। आरोपी ने अपना व्यापार बढ़ाने के लिए कोयला व्यापारी अपने परिचित से 4 करोड़ 80 लाख रुपए लिए थे। लेकिन 2 करोड़ लौटाने के बाद बाकी को लौटाने से मुकर गया।मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर निवासी राहुल गोयल जय हनुमान कोलडिपो, मारुति मिनरल्स और जय हनुमान रोड लाइंस के संचालक है। उसने अंबिकापुर के कोतवाली थाने में शिकायत की थी कि मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स के संचालक सुजीत जायसवाल से उनका पुराना परिचय था। सुजीत जायसवाल ने कारोबार में पैसों की तत्काल जरूरत बताते हुए पैसे मांग की थी। इसके बाद राहुल गोयल ने 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच अलग-अलग फर्मों से सुजीत जायसवाल को 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपए दिए थे। सुजीत जायसवाल ने कुछ दिन के बाद जय हनुमान कोलडिपो के खाते में 1 करोड़ 78 लाख रुपए और मारुति मिनरल्स के खाते में 94 लाख रुपए लौटाए। 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपए की रकम बकाया थी।
बकाया राशि के बदले सुजीत जायसवाल ने उत्तर प्रदेश के दुद्धी स्थित आश्रम मोड़ में जमीन खरीदने का सौदा होने की जानकारी दी थी। सुजीत जायसवाल ने जमीन की रजिस्ट्री राहुल गोयल के नाम कराने और वहां धर्मकांटा स्थापित करने का भरोसा दिया। इसके बड़े सुजीत के कहने पर 5 से 11 मार्च 2022 के बीच जमीन में आहाता और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के लिए करीब 26 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा 12 जुलाई 2022 को 5 लाख 48 हजार 700 रुपये में धर्मकांटा खरीदकर दिया।
शिकायतकर्ता ने बताया है कि तय समय तक बकाया राशि नहीं लौटाने पर जब राहुल गोयल ने रकम की मांग की तो सुजीत जायसवाल ने जमीन की रजिस्ट्री करने और धर्मकांटा वापस करने से भी इनकार कर दिया। रकम मांगने पर उसने गाल-गलौज की और 24 मार्च 2026 को फोन पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। राहुल गोयल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने 12 जून 2026 को धारा 318(4), 316(5), 296 और 351(3) के तहत सुजीत जायसवाल के खिलाफ केस दर्ज किया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार हो गया था।
सरगुजा SSP राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम ने आरोपी सुजीत जायसवाल को गुदरी चौक से गिरफ्तार किया और आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *