मैडम जज की प्रताड़ना से नौकरानी थी परेशान, पति के साथ मिलकर कर ली कार की चोरी, बाइक चोरी करना भी कबूले

बिलासपुर। महिला जज की कार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कार चोरी करने के मामले में जज की नौकरानी को पति के साथ गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में नौकरानी ने पुलिस को बताया है कि मैडम जज आए दिन उसे डांटती और प्रताड़ित करती थी। इसलिए उसने चोरी की योजना बनाई थी।

कुछ दिन पहले कोर्ट परिसर से चोरी हुई कार को पुलिस ने सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम के पास जब्त किया था। कार मिलने के बाद पुलिस को CCTV फुटेज मिला था, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। फुटेज में एक युवक कार छोड़कर जाता दिख रहा था। वहीं, थोड़ी दूर जाने के बाद युवक एक युवती के साथ एक्टिवा पर नजर आ रहा है। इस दौरान पुलिस को युवक-युवती के एक्टिवा का नंबर पता चला। इसके जरिए पुलिस आरोपियों तक आसानी से पहुंच गई। पुलिस के अनुसार उसलापुर निवासी कमल साहू व पूजा साहू दोनों ने मिलकर जज की कार चोरी की थी।दोनों पति-पत्नी हैं। पूजा जज के यहां नौकरानी थी। तब जज उसे आए डांटती व प्रताड़ित करती थी। इसके चलते उसे काम छोडना पड़ा। यही वजह है कि उन्हें परेशान करने के लिए उसने अपने वाहन चालक पति के साथ मिलकर चोरी थी।

जिला न्यायालय में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्वेता श्रीवास्तव मंगलवार को अपनी कार से कोर्ट पहुंची थी। उन्होंने पार्किंग में अपनी कार खड़ी कर दी। इसके बाद न्यायालय चली गईं। दोपहर को वे घर जाने के लिए बाहर निकली, लेकिन पार्किंग में कार नहीं मिली। उन्होंने आस-पास पता लगवाया, लेकिन कार का पता नहीं चला। तब उन्होंने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की थी।

गुरुवार को पुलिस के पास खबर आई कि गोकुलनगर में एक कार लावारिस खड़ी है। इस पर पुलिस ने कार का नंबर के आधार पर मालिक की तलाश की। इसमें कार का नंबर फर्जी निकला। चेचिस नंबर से पता चला कि कार मैजिस्ट्रेट श्वेता श्रीवास्तव की है। पुलिस आस-पास के CCTV फुटेज लेकर जानकारी जुटानी शुरू की तो पता चला कि एक युवक कार को गोकुल नगर तक लेकर आया। उसके पीछे एक्टिवा सवार एक युवती भी आई। युवक कार छोड़कर युवती के साथ एक्टिवा से चला गया। फिर CCTV फुटेज के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कार चोरी करने के बाद नंबर बदल दिया था। जिससे पुलिस को चकमा दिया जा सके। आरोपी पति-पत्नी से पूछताछ में पता चला कि पेशे से ड्राइवर है। इससे पहले भी उन्होंने मिलकर एक चोरी की थी। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के आधार पर अब तक पांच बाइक बरामद की है। जिसे पति पत्नी ने मिलकर चोरी किया था। दोनों ने बताया कि कवर्धा, मुंगेली व पथरिया सहित कई इलाकों से उन्होंने आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी की है। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस चोरी की अन्य बाइक को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *