बिलासपुर। मंगला स्थित दो हायरसेकेंडरी स्कूलों में पढ़ने वाले 300 से अधिक छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से उस समय खिल उठे, जब उनकी मांग पर मेयर रामशरण यादव ने मौके पर ही इंजीनियर को स्कूल के गेट तक सीसी रोड का विस्तार करने के निर्देश दिए।
मेयर श्री यादव व सभापति शेख नजीरुद्दीन शुक्रवार को जोन क्रमांक 1 के वार्ड क्रमांक 13 में 45.08 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करने गए थे। इसमें से 23.82 लाख रुपए से धूरीपारा मंगला से लोखंडी तक सीसी रोड बनाई जाएगी। रोड के किनारे स्थित तालाब को स्टील की ग्रिल से घेरा जाएगा। 13.26 लाख की लागत से गंगानगर फेस-1 और फेस-2 में नाला व 8 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर दो हायरसेकेंडरी स्कूल संचालित हैं। उत्सुकतावश स्कूली बच्चे भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। कुछ स्टूडेंट्स असमंजस में दिखाई दे रहे थे। मेयर श्री यादव के पूछने पर उन्होंने बताया कि यहां से करीब 25 मीटर दूर उनका स्कूल है। मुख्य मार्ग के बनने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन करीब 25 मीटर की दूरी उन्हें फिर वही कीचड़ और गड्ढों में भरे पानी के बीच से तय करनी पड़ेगी। मेयर श्री यादव ने बच्चों से कहा कि आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। 25 मीटर सड़क इसी सीसी रोड के साथ बना दी जाएगी। इतना सुनते ही बच्चों ने मेयर के साथ ही अन्य अतिथियों का तालियां बजाकर स्वागत किया। कुछ नागरिकों ने सड़क के किनारे नाली बनाने की मांग की, जिसे संज्ञान में लेते हुए मेयर श्री यादव ने इंजीनियर को सड़क के नीचे की जमीन का सर्वे कर इस्टीमेट बनाने निर्देशित किया है। मेयर श्री यादव व सभापति श्री नजीरुद्दीन ने वार्ड क्रमांक 29 में भी 10 लाख रुपए की लागत से बनने वाली नाली और सीसी रोड का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अजय यादव, पार्षद शेख असलम, पुरुषोत्तम पटेल, श्याम भाई पटेल, जोन कमिश्नर आरएस चौहान आदि मौजूद रहे।
पहली बार बनेगी सड़क: सरिता
हायर सेकेंडरी स्कूल की शिक्षिका सरिता कश्यप का कहना है कि सड़क बनने वाले नागरिकों के अलावा स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को ज्यादा सहूलियत मिलेगी, क्योंकि कई बार ज्यादा कीचड़ होने पर बच्चे आधे रास्ते से लौट जाते हैं। स्कूल के गेट तक सड़क का विस्तार करने की मांग को पूरा करने मेयर श्री यादव ने बच्चों के प्रति अपनी संवेदना का परिचय दिया है। यह सड़क पहली बार पक्की बनेगी।
Author Profile

Latest entries
UncategorizedOctober 27, 2026DGP ने किया CSP कार्यालय और पचपेड़ी थाना के नए भवन का लोकार्पण, रतनपुर में बना ई-मालखाना
बिलासपुरOctober 26, 2026सरकारी जमीन को बेचने का कर लिया सौदा, 45 लाख रुपए की ठगी, दो गिरफ्तार
बिलासपुरOctober 26, 2026सरकार और सड़क ठेकेदारों के बीच विवाद का खामियाजा बेलतरा की जनता क्यों भुगते – अंकित
UncategorizedOctober 26, 2026कलेक्टर ने ली राइस मिलर्स की बैठक, कहा – धान और चावल की रीसाइक्लिंग बर्दाश्त नहीं
