इंजीनियरिंग कालेज के सिविल एवं मेकेनिकल विभाग को पुनः दो वर्षों के लिए NBA की मिली मान्यता

बिलासपुर। शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय के सिविल एवं मेकेनिकल विभाग को पुनः दो वर्षों के लिए नेशनल बोर्ड ऑफ़ एक्रेडिटेशन (एन. बी. ए.) की मान्यता प्राप्त हो गई है। दोनों विभागों को एन. बी. ए. की मान्यता सर्वप्रथम सत्र 2019 -2020 एवं 2020 -2021 कुल दो वर्षों के लिए प्राप्त हुई थी। अब इन दोनों विभागों को सत्र 2022 -2023 एवं 2023 -2024 कुल दो वर्षों के लिए पुनः मान्यता प्राप्त हो गई है। एन. बी. ए. की मान्यता पुनः प्राप्त होने से शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय के सिविल एवं मेकेनिकल विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत ऐसे पहले विभाग बन गए हैं जिन्हे लगातार चार वर्षों के लिए एन. बी. ए. की मान्यता प्राप्त हुई है।
एन. बी. ए.की मान्यता किसी तकनीकी संस्थान एवं सम्बंधित विभाग की गुणवत्ता को दर्शाने वाली एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर की गौरवशाली मान्यता होती है जिसे एन. बी. ए. निरीक्षण टीम द्वारा संस्था एवं विभाग के प्रत्येक गतिविधि के सूक्ष्म निरीक्षण के उपरांत ही प्रदान किया जाता है ।
महाविद्यालय में एन. बी. ए. की टीम ने 11 -13 नवंबर 2022 को उक्त विभागों का निरिक्षण किया। जिसमे उन्होंने संस्था एवं विभाग के विज़न , मिशन, प्रोग्राम आउटकम, छात्रों का परीक्षाफल एवं नियोजन में प्रदर्शन, शिक्षक-छात्र अनुपात, शिक्षकों द्वारा पढ़ाने में किया जाने वाला नवाचार, अनुशंधान सम्बन्धी कार्य, सम्बंधित विभाग में उपलब्ध प्रयोगशालाएँ एवं सुविधाएँ इत्यादि का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने संस्था में उपलब्ध सुविधाओं जैसे कम्प्यूटर लैब, वर्कशॉप, छात्रावास, कैंटीन, पुस्तकालय, चिकित्सालय इत्यादि का भी गहन निरीक्षण करते हुए संस्था के सिविल एवं मैकेनिकल विभाग को पुनः दो वर्षों हेतु एन. बी. ए. की मान्यता प्रदान की है। इस एन. बी. ए. मान्यता के उपरांत संस्था के सिविल एवं मैकेनिकल विभागों से उत्तीर्ण छात्र छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उच्च अध्ययन एवं रोजगार में प्राथमिकता प्राप्त होगी।
इस गौरवशाली उपलब्धि पर संस्था के प्राचार्य डॉ बी. एस. चावला ने समस्त महाविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि ये सफलता संस्था के समस्त शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कठिन एवं सामूहिक मेहनत का परिणाम है। साथ ही उन्होंने इस सफलता के लिए विशेष रूप से मैकेनिकल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ जी. के. अग्रवाल, सिविल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ सीमा चौहान, संस्था के एन. बी. ए. समन्वयक डॉ के. के. सक्सेना, अकादमिक अधिष्ठाता डॉ ए. के. शुक्ला तथा प्रथम वर्ष प्रभारी डॉ जी. एस. सिंह एवं डॉ अवनीश उपाध्याय को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *