दुर्ग। कलेक्टर के औचक निरीक्षण ने तहसील कार्यालय के दो रीडर की बलि ले ली है। जबकि तीन तहसीलदार और एक रीडर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि कई केस ऐसे है जिनको ऑन लाइन रजिस्टर नहीं किया गया है और बार – बार पेशी दी जा रही है।
कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा बुधवार को अचानक दुर्ग तहसील कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंच गए। यहां पर उन्होंने फाइलें निकालकर सभी लंबित प्रकरण देखें। कुछ प्रकरणों को काफी समय से आनलाइन रजिस्टर नहीं किया गया था। इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने रीडर तनसुख देशमुख और सुरेखा तिवारी को निलंबित कर दिया। तहसील न्यायालयों में कुछ केस काफी समय पहले के थे और बार-बार पेशी दी जा रही थी। जिसके कारण से प्रकरणों के निराकरण में विलंब हो रहा था। इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने नायब तहसीलदार ढाल सिंह बिसेन, प्रीतम सिंह चैहान और सत्येंद्र शुक्ला को शोकाज नोटिस जारी किया। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में रीडर मोहम्मद कादिर को भी शो काज नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर ने अनुविभागीय परिसर में स्थित सभी तहसील न्यायालयों की फाइलें देखीं। वे तहसील परिसर में आये आवेदकों से भी मिले और उनके आने का कारण पूछा। कुछ आवेदक राजस्व प्रकरणों को लेकर आये थे और कुछ पेशी में। कुछ आवेदक चिटफंड कंपनियों से संबंधित जानकारी के लिए आये थे।
कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई लगातार जारी है और निवेशकों की राशि लौटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। कलेक्टर ने तहसील कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि किसी भी प्रकरण में पटवारी और आरआई के प्रतिवेदन में विलंब नहीं होना चाहिए। यदि विलंब हो रहा है तो इसका स्पष्ट कारण होना चाहिए। सीमांकन के लिए तय की गई तिथि में टीम पहुंचना चाहिए और आवेदकों को इसकी पूरी जानकारी होनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि इस बात की लगातार मानिटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के समयसीमा पर पूरा होने की जिम्मेदारी तहसीलदारों की है और वे इसे सुनिश्चित करें।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरAugust 9, 2026रोटरी क्लब ने बांटे 1500 मच्छरदानी और 500 बोतल क्लोरीन
बिलासपुरAugust 9, 2026कमल सोनी ने दिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा, क्या कहा… पढ़े खबर…
बिलासपुरAugust 8, 2026उप मुख्यमंत्री की बैठक में चार अधिकारी नदारत, शो-कॉज नोटिस, सड़क के बीच में बिजली का खंभा, भड़के मंत्री
बिलासपुरAugust 8, 2026पहले का टू लेन सड़क 138 करोड़ में बनेगा, 2 लेन का एक्सटेंशन 21 करोड़ में बनेगा, गजब का गुणा – भाग है मंत्री जी
