सदन की अव्यवस्था देख सभापति पर भड़के महापौर, कहा – अधिकारी को ही जवाब देना है तो मैं बाहर चला जाता हूं …, और किसने किसको पागल कहा ये भी पढ़े…

बिलासपुर। नगर निगम की सामान्य सभा में आज रह रह कर हंगामा होता रहा। कभी किसी सदस्य ने दूसरे सदस्य को पागल कह दिया तो हंगामा हो गया, कभी आयुक्त के बयान पर विपक्षी पार्षद हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए, इधर कई पार्षद सदन में महापौर या MIC सदस्य से सवाल पूछने के बजाए सीधे अधिकारियों से सवाल करते रहे। विडंबना तो ये रहा सभापति सदस्यों को सीधे अधिकारियों से सवाल करने की अनुमति भी देते रहे। जब सदन की अव्यवस्था बर्दास्त के बाहर होने लगी तो महापौर राम शरण यादव सभापति शेख नजीरुद्दीन पर भड़क गए। कहा जब अधिकारियों को ही जवाब देना है तो सामान्य सभा क्यों बुलाई गई है… मैं ही बाहर चला जाता हूं…। महापौर का तेवर देखकर कुछ देर के लिए सभापति भी सकते में आ गए और सदन 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
बुधवार को नगर निगम के सामान्य सभा की शुरुआत हंगामे के साथ शुरू हुआ। सामान्य सभा शुरू होने से पहले सभापति ने उपस्थित सभी पार्षदों को संबोधित किया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी, उपनेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह और महापौर ने सभी को संबोधित किया। 12:40 पर सामान्य सभा का प्रश्नकाल शुरू हुआ। सबसे पहले भाजपा पार्षद तिफरा स्थित वार्ड क्रमांक 6 में गंदा पानी सप्लाई होने की बात को लेकर हंगामा करना शुरू हो गया, सदन के अंदर पानी की बोतल लहराने लगे। बाद में पता चला कि पानी को बोतल लहराने वाला पार्षद नही है बल्कि विधायक प्रतिनिधि है तो भाजपा और कांग्रेस के पार्षद आपस में भिड़ गए। हो हंगामे के बाद पता चला कि जिस कालोनी में गंदा पानी आ रहा है वह निजी कालोनी और वह अभी निगम को नहीं सौंपा गया है। देखते ही देखते भाजपा के पार्षद सभापति के सामने प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। इसी बीच सभापति शेख नसरुद्दीन ने कहा कि जहां से पानी लाया गया है वह कॉलोनी निगम परीक्षेत्र में नहीं आता। यदि आता होगा तो मैं अपने पद से अभी इसी वक्त इस्तीफा दे दूंगा। इतना सुनते ही सदन में जमकर हंगामा हुआ। अंत में भाजपा पार्षदों ने ट्यूब भेंट किया और कहा कि पानी की व्यवस्था ठीक-ठाक किया जाए।
दुबारा प्रश्नकाल शुरू होने के बाद पूर्व मेयर विनोद सोनी ने सवाल जवाब करना शुरू कर दिया। इस दौरान विजय केशरवानी, महापौर रामशरण यादव और सभापति शेख नसरुद्दीन ने कहा कि सब बातें एक साथ कहीं जाए। जब भी प्रश्नकाल शुरू हुआ पूर्व मेयर विनोद सोनी ने उठकर सवाल दागना शुरू कर दिया।
इसी बीच सकरी क्षेत्र के कांग्रेस पार्षद अमित भारते ने भाजपा पार्षदों की तरफ उंगली दिखाते हुए पागल कह दिया। इस बात को सुनकर अशोक विधानी भड़क गए, उसे लगा उसे पागल कहा है.. लिहाजा विधानी की अगुवाई में सभी भाजपा पार्षदों ने चढ़ाई कर दी। दोनो दल के पार्षद आमने – सामने आकर खड़े हो गए, मामला हाथापाई तक पहुंच गई थी। मामले को किसी तरह कांग्रेस पार्षदों ने संभाला। सभापति शेख नसरुद्दीन ने कहा कि इस प्रकार की असंसदीय भाषा के लिए सदन में कोई जगह नहीं है। पिछली बार की तरह इस बार भी अमित भारती को सदन से निष्कासित कर दिया जाएगा। इसके बाद फिर से सदन का प्रश्नकाल शुरू हुआ। लेकिन भाजपा पार्षदों ने बीच-बीच में सवाल दागना शुरू कर दिया। इस बीच भाजपा के पार्षद सीधे अधिकारियों से सवाल पूछने लगे और सभापति अधिकारियों को जवाब देने के निर्देश देने लगे। महापौर राम शरण यादव चुपचाप देखते रहे। एक दो सवाल होने के बाद वो सभापति पर ही जमकर भड़क गए। सदन में हो रहे हंगामा, पार्षदों को सीधे अधिकारियों से सवाल पूछने की अनुमति देना और पार्षदों से ज्यादा और लगातार सभापति का ही बोलते रहना महापौर को बर्दास्त नहीं हुआ और वो सभापति पर भड़क गए, कहा- सदन को सदन की तरह चलाएं.., पार्षदों के सवाल का जवाब कौन देगा यह कौन तय करेगा ? जब अधिकारियों को ही जवाब देना है तो सामान्यसभा बुलाने का कोई मतलब नहीं है, मैं भी सदन से बाहर चला जाता हूं। महापौर का तेवर देखकर कुछ देर के लिए शेख नजीरुद्दीन भी हक्के बक्के रह गए। कुछ देर असहज महसूस करने के बाद हंगामे के बीच 15 मिनट के लिए सदन को स्थगित कर दिया। जब दुबारा सदन शुरू हुआ तो छिटपुट हंगामे के बीच प्रश्नकाल चलता रहा और पार्षदों के सवाल का जवाब कभी महापौर तो कभी MIC सदस्य देते रहे। इस बीच भाजपा के पार्षदों ने आयुक्त द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी पर भड़क गए और उनसे माफी मांगने के लिए दबाव बनाया। यही नहीं भाजपा के पार्षद तीसरी बार धरने पर बैठ गए। लेकिन लंच के बाद सभापति और महापौर की समझाइश पर वे सदन में सवाल जवाब के लिए तैयार हो गए।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *