कलेक्टर ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, कहा – सभी अधिकारी एक मई को खाएं बोरे – बासी

बिलासपुर। कलेक्टर सौरभ कुमार ने मंगलवार को साप्ताहिक बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की क्लास ली। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों से एक मई को बोरे बासी खाने के लिए कहा।
कलेक्टर सौरभ कुमार ने साप्ताहिक टीएल बैठक में आज साल के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए की जा रही प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान दलों के गठन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की सॉफ्टवेयर में सही एण्ट्री करने के निर्देश दिए। पुरानी सूची के आधार पर नहीं बल्कि अपडेट सूची के आधार पर नाम दर्ज कराएं। किसी दिवंगत अथवा स्थानांतरित कर्मचारियों का नाम किसी भी हालत में दर्ज न हो, इसे जरूर देखें। उन्होंने कार्यालय प्रमुख को सूची का सत्यापन कर एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने पिछले चुनावों के अनुभव के आधार पर मतदान केन्द्रों के संशोधन प्रस्ताव भी मंगाये हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदान केन्द्र में देर रात तक मतदान चला हो अथवा अन्य किसी भी प्रकार की दिक्क्त आई हो तो उसका उल्लेख करते हुए प्रस्ताव दिया जाए। प्रस्तावों को संकलित कर मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक में इस पर विचार-विमर्श कर संशोधन के लिए प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जायेगा।
कलेक्टर ने सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण एवं बेरोजगारी भत्ता योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। बेरोजगारी भत्ता के लिए प्राप्त आवेदनों की जल्द स्वीकृति के निर्देश जनपद सीईओ को दिये। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री जी राजधानी में आयोजित समारोह में बेरोजगारी भत्ते की प्रथम किश्त प्रदान करेंगे। बिलासपुर जिले से भी हितग्राहियों को शामिल कराने की जिम्मेदारी जिला रोजगार अधिकारी को सौंपी। सौरभ कुमार ने 1 मई को मजदूर दिवस के मौके पर बोरे बासी खाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का यह पारम्परिक भोजन है। विशेषकर गरमी में बोरे बासी खाकर मजदूर काम पर निकलते हैं। श्रमिक दिवस पर इसका स्वाद लेकर हम श्रम के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करें। कलेक्टर ने ध्वनि प्रदूषण एवं कोलाहल अधिनियमों के तहत अभियान और तेजी से चलाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षु आईपीएस एवं सीएसपी संदीप पटेल की अध्यक्षता में मामलों पर कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई है। बैठक में डीएफओ कुमार निशांत, एडीएम आर.ए.कुरूवंशी सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *