1 मई को जिले में उत्साह से मनाया जाएगा बोरे-बासी तिहार, कलेक्टर और महापौर ने लोगों से की अपील

बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर 1 मई को पूरे राज्य में बोरे-बासी त्योहार मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की संस्कृति, रीति रिवाज और खानपान को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में मेहनतकश श्रमवीरों के सम्मान में 1 मई को जिले में भी बोरे-बासी त्योहार मनाया जा रहा है। कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने बोरे-बासी त्योहार की तैयारी के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए है। जिले में बृहस्पति बाजार में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बोरे-बासी खाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महापौर श्री रामशरण यादव सफाई कामगार मजदूरों के साथ बोरे-बासी खाएंगे। इस अवसर पर निगम प्रशासन के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के निर्देश पर बृहस्पति बाजार श्रमिक सदन में श्रमिकों के बोरे-बासी खाने की तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी बोरे-बासी खाएंगे। रीपा गोठानों में भी 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर बोरे-बासी खाने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जनपद पंचायत बिल्हा के धौरामुड़ा गोठान में सवेरे 11 बजे से, कोटा ब्लॉक के करगीकला में सवेरे 11 बजे से, मस्तूरी ब्लॉक के बेलटुकरी में दोपहर 12 बजे और तखतपुर ब्लॉक के बेलपान में सवेरे 10 बजे से बोरे-बासी खाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण एक साथ बोरे-बासी खाएंगे।
00 महापौर में की अपील
रामशरण यादव ने जिलेवासियों से 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर मेहनतकश श्रमवीरों के सम्मान में बोरे-बासी खाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परम्परा, तीज-त्योहार के संरक्षण और संवर्धन का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में हमारे प्रदेश में छत्तीसगढ़ के पारम्परिक व्यंजन और खान-पान को भी आगे बढ़ाने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोरे-बासी हमारे खान-पान का एक अहम हिस्सा है। बोरे-बासी पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्द्धक आहार है। आज के इस आधुनिक युग में लोग जंकफूड खाकर बीमार हो रहे है, लेकिन बोरे-बासी खाने वाले गांव के लोग कभी बीमार नहीं पड़ते। उन्होंने सभी से अपील की है इस दिन लोग उत्साह के साथ बोरे-बासी का सेवन करें।
00 कलेक्टर ने कहा श्रमिकों का सम्मान करें
कलेक्टर सौरभ कुमार ने 1 मई को श्रमिक दिवस के अवसर पर जिलेवासियों से बोरे-बासी खाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में 1 मई को श्रमिक दिवस मनाया जाता है। छत्तीसगढ़ किसानों और मेहनतकश लोगों का प्रदेश हैं, इसलिए हमारे लिए यह तारीख किसी त्योहार से कम नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस दिन सभी बोरे-बासी खाकर श्रमिकों के प्रति सम्मान प्रकट करें।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *