जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जगदलपुर पुलिस लाईन में बीजापुर नक्सली घटना में शहीद हुए जवानों को नम आंखो से श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारत सरकार के वरिष्ठ सुरक्षा सलाहकार के.विजय कुमार, केन्द्रीय गृह सचिव ए.के. भल्ला, छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक डी.एम.अवस्थी, सीआरपीएफ के डायरेक्टर जनरल कुलदीप सिंह, डायरेक्टर आईबी अरविंद कुमार, छत्तीसगढ़ के विशेष पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन अशोक जुनेजा उपस्थित थे।

नक्सली हमले में शहीद हुए 23 जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आईबी, सीआरपीएफ और पुलिस के अफसरों के साथ बैठक ली। बैठक के बाद अमित शाह ने कहा कि इस घटना के बाद नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को हम और तीव्र करेंगे और अंत तक जाएंगे। मैं शहीदों के परिजनों से यह कहना चाहता हूं कि आपके भाई, बेटे या पति ने देश के लिए जो बलिदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 5 से 6 सालों में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद से निपटने में हमें मदद मिली है। देश जवानों का बलिदान याद रखेगा। भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार ने जंगलों में अंदर जाने की गति बढ़ाई है और इसी झुंझलाहट में नक्सलियों ने यह हमला किया है। बैठक के बाद अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सीएम, सांसदों और आदिवासी प्रतिनिधियों की राय पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि हम विकास पर भी फोकस करेंगे और नक्सलियों से लड़ाई को भी आखिर तक ले जाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में पूरा देश आपके साथ खड़ा है। हम उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देंगे।


इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे जवानों ने बहुत साहस से नक्सलियों का सामना किया है, जिससे नक्सलियों की भारी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नये कैम्प स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे नक्सलियों की बौखलाहट दिख रही है। नक्सली सीमित दायरे में सिमट गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि हम नक्सलियों की मांद में घुसे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार क्षेत्र में विकास के कार्यों में तेजी लाते हुए मिलकर कार्य कर रहे हैं। सड़कों के निर्माण के साथ कनेक्टीविटी देने व योजनाओं का लाभ अंदरूनी क्षेत्रों में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में इस संबंध में सार्थक बातचीत हुई है और उन्हें उम्मीद है कि केन्द्र सरकार हमारी मांगों पर उचित कार्यवाही करेगी।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरSeptember 28, 2026गजब की ठगी है भाई, एक महिला ने युवक को झांसे में लेकर 83 लाख रुपए ठग लिए…, पढ़े मूर्खता की रोचक कहानी…
बिलासपुरSeptember 27, 2026मोबाईल चोरी किया, आधार रिसेटकर तीन लाख निकाल लिए, 4 शातिर चोर गिरफ्तार
बिलासपुरSeptember 27, 2026राजधानी रायपुर में ट्रिपल मर्डर, पति ने पत्नी और दो बच्चों को मारा चाकू, पति भी गंभीर…
बिलासपुरSeptember 26, 2026ट्रांसफार्मर फटा, 3 किसान झुलसे, पांच दिन चला इलाज, फिर भी नहीं बचा पाए
