महादेव सट्टा एप के तर्ज पर चल रहा था क्रिकेट का सट्टा, गोवा से सिंडिकेट के 6 सटोरिया गिरफ्तार, खरसिया से जुड़े है तार

बिलासपुर। रायगढ़ पुलिस ने मध्य भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह की टीम ने गोवा जाकर खाईवाल मन्नू नथानी गैंग के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोवा में एक विला किराए पर लेकर ऑन लाइन सट्टा को संचालित कर रहे थे। पुलिस को क्रिकेट के एक सीजन में करोड़ों रुपए के हवाला लेनदेन के सुराग मिले है।हवाला नेटवर्क, अभिनंदन बुक/लाइन, कॉलिंग ऐप, APK बेस्ड TV चैनल और बेटिंग आईडी के सबूत मिले है।

महादेव सट्टा का मामला भले ही अभी तक पेंडिंग हो लेकिन रायगढ़ पुलिस ने इसी तर्ज पर क्रिकेट सट्टा चलाने वाले एक बड़े सिंडिकेट को पकड़ा है। जो गोवा में बैठकर ऑन लाइन सट्टा चला रहे थे। रायगढ़ पुलिस ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के कुशल नेतृत्व में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। हाल ही में थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 एवं 218/2026 धारा 4, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत आरोपी करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल तथा सुनील अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया। पूछताछ में हवाला के माध्यम से पैसों के लेनदेन और खरसिया निवासी अमित मित्तल के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले। जिसके आधार पर साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया से जुड़े नेटवर्क के साथ हैदराबाद, मुंबई होते हुए गोवा में सक्रिय थे।

एसएसपी के निर्देशन पर सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना रायगढ़ की टीम गोवा पहुंची, जहां कैंडोलिम बीच क्षेत्र में किराए के विला में छापेमार कार्रवाई की गई। पुलिस दबिश के दौरान अमित मित्तल के साथ मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी फरार होने की तैयारी में थे और अपने कॉलिंग फोन, लैपटॉप, हिसाब-किताब की डायरी तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर चुके थे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त कर सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए रायगढ़ लाया गया। तकनीकी जांच और मोबाइल डाटा की पड़ताल में सामने आया कि आरोपी मध्य भारत के चर्चित सट्टा नेटवर्क संचालक मन्नू नथानी गिरोह से जुड़े हुए थे और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, मटका सट्टा तथा डिजिटल बेटिंग आईडी के जरिए संगठित अपराध को अंजाम दे रहे थे। जांच में पता चला है कि आरोपी ऊपर से बेटिंग आईडी लेकर अपने नीचे सक्रिय एजेंटों और प्लेयर्स को उपलब्ध कराते थे। हर लेनदेन पर कमीशन प्राप्त करते थे। प्रारंभिक जांच में एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये से अधिक के लेनदेन का हिसाब-किताब मिलने के संकेत मिले हैं। आरोपी अमित मित्तल पर थाना खरसिया कोतवाली रायगढ़, थाना चक्रधरनगर, घरघोड़ा में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का अपराध दर्ज है। अमित मित्तल के खरसिया, रायगढ़ और सक्ती के सट्टा खाईवालों से लिंक का पता चला है जिस पर जांच की जा रही है।आरोपी मोहित सोमानी इस गैंग का लीडर है, मोहित पर भी रायपुर के कई थानों में सट्टा का अपराध दर्ज है। आरोपी मोहित सोमानी, खाईवाल करण चौधरी से लिंक मिले हैं। मोहित सोमानी और उसका साथी प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, प्रकाश वाधवानी राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू, सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू सभी मन्नू नथानी गैंग से जुड़कर एजेंट के तौर पर अपना कार्य शुरू किए थे और अब यह एक बड़े सट्टा केवल के रूप में उभरे हैं । अब ये सीधे अपने अप लिंक से क्रिकेट आईडी लेकर नीचे अपने स्तर पर प्लेयर (सट्टा खेलने वाले) को उपलब्ध कराते थे जिनका 10% तक इन्हें कमीशन में रकम मिलता था।

00 हवाला नेटवर्क का भी खुलासा
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गैंग हवाला के माध्यम से रुपयों का लेनदेन करता था। आरोपियों के मोबाइल फोन में नोटों के सीरियल नंबर साझा कर भरोसे के आधार पर बड़ी रकम ट्रांसफर करने के सबूत मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी की जब्ती भी की जा चुकी है। गिरफ्तार सभी छह आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड मिला है और इनके रायगढ़, खरसिया, रायपुर तथा अन्य शहरों के सट्टा नेटवर्क से लिंक की जांच जारी है। पुलिस सभी आरोपियों को थाना कोतवाली के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। अब तक की जांच में पाया गया कि दुबाई से महादेव सट्टा ऐप की तरह क्रिकेट बेटिंग आईडी महानगरों में बैठे खाईवालों के जरिए इन्हें मिलती थी। जिसके बाद मध्य भारत के नागपुर, रायपुर जैसे शहरों में इन्हें उपलब्ध होता था। ये कमीशन पर छोटे खाईवालों और प्लेयर को क्रिकेट आईडी उपलब्ध कराते थे।

00 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश –
रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। जो भी व्यक्ति इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। तकनीक आधारित अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश और एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा तथा साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन पर कार्रवाई में प्रभारी साइबर पुलिस थाना निरीक्षक विजय चेलक, सहायक उप निरीक्षक नन्द कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह राणा, बृजलाल गुर्जर, करुणेश राय, रूप राम पटेल, आरक्षक प्रशांत पंडा, महेश पंडा, धनंजय कश्यप, पुष्पेंद्र जाटवर, जगमोहन ओगर, विकास प्रधान, रविन्द्र कुमार गुप्ता, नवीन शुक्ला, मनोज पटनायक, गोविंद पटेल, रोशन एक्का, महिला आरक्षक मेनका चौहान, नव आरक्षक उमेश सिदार की अहम भूमिका रही है।

00 ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के तीन तरीके – खाईवालों ने बताया कि ये तीन तरीको से IPL क्रिकेट मैच में सट्टा चलाते थे।
(I) सबसे पहले अभिनंदन बुक/लाइन के माध्यम से रायपुर से क्रिकेट सेशन का भाव लिया जाता था। भाव लेने के बाद APK बेस्ड zoom App में जुड़कर खाईवाल नीचे प्लेयर तक भाव डिस्टिब्युट किया जाता था।
(II) क्योंकि सटोरिए पिछले कई सालों से क्रिकेट सट्टा से जुड़े हैं, ये जुए में समय का एडवांटेज लेने APK फाइल से प्रगति टीवी ऐप/स्टार लाइव जैसे ऐप जिसे पहले से अपने मोबाइल पर डाउनलोड किया गया है जिसमें लगभग 7 सेकंड पहले के मैच प्रसारित होता था और जिसका एडवांटेज लेकर ये कॉलिंग वर्चुअल ऐप में पहले से जुड़े खाईवालों से बात करते और नीचे भाव बताते थे ।
(III) महादेव सट्टा की तर्ज पर क्रिकेट बैटिंग ऐप- All Panel Exchange, Taj 777, Diamond Exchange को उपलब्ध कराकर जुआ खेलाते थे।

00 गिरफ्तार आरोपी –  1. अमित मित्तल पिता अनूप मित्तल उम्र 30 साल स्टेशन रोड़ खरसिया
2. मोहित सोमानी पिता मुरलीधर सोमानी उम्र 38 साल निवासी समता कॉलोनी आजादचौंक रायुपर
3. प्रकाश वाधवानी पिता जगदीश वाधवानी उम्र 28 साल निवासी चौबे कॉलोनी आजाद चौंक रायपुर
4. आकाश मोटवानी पिता दीपक मोटवानी उम्र 31 साल निवासी कचहरी चौंक थाना मौदहापारा जिला रायपुर
5. राहुल खंडेलवाल पिता स्व0 विनोद खंडेलवाल 36 साल निवासी मेग्नेटो सिग्नेचर होम, तेलीबांधा रायपुर
6. सुलभ खंडेलवाल पिता सुनील खंडेलवाल उम्र 33 साल निवासी राम सागर पारा आजाद चौंक रायपुर

00 जप्त- 10 नग मोबाइल

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *