बिलासपुर। अपोलो अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी लगातार प्राप्त शिकायतों, मरीजों के उपचार में सामने आई कमियों तथा गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन की मध्यस्थता में कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल और अपोलो अस्पताल प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी एवं मरीज-केंद्रित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के प्रारंभ में बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि पिछले कुछ समय से अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अस्पताल की पहली जिम्मेदारी मरीज के जीवन की रक्षा और समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, उपचार प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए आयुष्मान भारत योजना का प्रभावी एवं व्यापक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग रखते हुए कहा कि कोई भी पात्र मरीज आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
विजय केशरवानी ने विशेष रूप से कहा कि गरीब मरीजों के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा सबसे पहले क्रिटिकल मरीजों के लिए शुरू की जानी चाहिए, जिनमें हार्ट, किडनी, लंग्स, ब्रेन और न्यूरो से संबंधित गंभीर बीमारियों के मरीज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों को समय पर उपचार मिलना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए अपोलो प्रबंधन को चाहिए कि वह इन गंभीर बीमारियों के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा शीघ्र प्रारंभ करे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत मिल सके।
इसके पश्चात जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने अस्पताल की आपातकालीन एम्बुलेंस व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 24 घंटे पूर्ण रूप से सुसज्जित एम्बुलेंस एवं प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी सीधे मरीजों के जीवन को प्रभावित करती है, इसलिए इस व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाना आवश्यक है।
इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी क्रमवार अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं में सामने आई कमियों, मरीजों एवं उनके परिजनों को होने वाली कठिनाइयों, आपातकालीन सेवाओं, उपचार व्यवस्था तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े विषयों को जिला प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन के समक्ष विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक मानवीय दायित्व है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती।
बैठक के दौरान अपोलो अस्पताल प्रबंधन की ओर से यूनिट हेड (सीईओ) अभय गुप्ता ने जिला प्रशासन एवं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल की एम्बुलेंस व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ किया जाएगा, आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थागत सुधार प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। साथ ही पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अभय गुप्ता ने यह भी बताया कि वर्तमान में कैंसर के मरीजों के लिए आयुष्मान कार्ड के तहत उपचार की सुविधा शुरू की जा चुकी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि हार्ट, किडनी, लंग्स, ब्रेन और न्यूरो जैसी गंभीर बीमारियों से संबंधित मरीजों के लिए भी आयुष्मान कार्ड की सुविधा शुरू करने के संबंध में वे अपने हेड प्रबंधन से चर्चा कर शीघ्र आवश्यक प्रयास करेंगे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि मरीजों के हितों की रक्षा और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि बैठक में दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और यदि भविष्य में भी मरीजों के हितों की अनदेखी या स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर कमी सामने आती है तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के रूप में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्ब ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, विजय पांडेय, प्रमोद नायक, राजेश पांडेय, महेश दुबे, शेख़ नजीरुद्दीन, नरेंद्र बोलर, राजेन्द्र साहू, देवेंद्र सिंह, समीर अहमद, लक्ष्मी साहू, मुकेश अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, हितेश देवांगन, महेश ठाकुर, गौरव ऐरी, कमल कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Author Profile

Latest entries
UncategorizedOctober 16, 2026वन विभाग ने पकड़ा सागौन का सीलपट, पेड़ किस जंगल से कटा बताएंगे वन विभाग के अधिकारी ?
बिलासपुरOctober 15, 2026सड़क हादसा : पूर्व मंत्री के भाई समेत 3 की मौत, मॉर्निंग वॉक में निकले थे तीनों
बिलासपुरOctober 15, 2026बेलतरा की ध्वजा यात्रा बनी जनआस्था और सामाजिक समरसता का महापर्व, गाँव-गाँव में गूँज रहा माँ महामाया का जयकारा
बिलासपुरOctober 14, 2026“रेरा” ने नमन गोयल के प्रोजेक्ट का पहले विकास अनुमति निरस्त किया अब पंजीयन भी कर दिया निरस्त
