

रायपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB/EOW) ने भारतीय स्टेट बैंक के सेवा निवृत्त मुख्य महाप्रबंधक को गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर बाल्को शाखा से लगभग एक करोड़ रुपए गबन करने का आरोप है जो जांच में स्पष्ट हो गया है। आरोपी ने बैंक का पैसा अपनी पत्नी और ड्राइवर के खाते में ट्रांसफर किया था।
मिली जानकारी के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने 2020 में ACB /EOW मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराया था। शिकायत में भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा में वित्तीय अनियमितताओं और बैंक की राशि के गबन का आरोप लगाया गया था। शिकायत के अनुसार सुनील कुमार झा एक जून 2018 से एक अगस्त 2019 तक भारतीय स्टेट बैंक की बाल्को शाखा, जिला कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। इस दौरान सुनील झा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के विभिन्न खातों से 93,60,797 रुपये अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और बैंक के अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर किया था। बैंक प्रबंधन की शिकायत के आधार पर ब्यूरो ने वर्ष 2020 मे सुनील कुमार झा के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान बैंक के वित्तीय लेनदेन से संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों को संकलित किया गया। ब्यूरो के अनुसार मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ होने के कारण सुनील कुमार झा को बैंक के वित्तीय हितों की रक्षा करने के साथ खाताधारकों और बैंक के स्वयं के खातों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोप है कि उसने बिना किसी विधिक अधिकार के बैंक की राशि अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों के खातों में स्थानांतरित किया गया। इस वित्तीय अनियमितता के कारण एसबीआई की बाल्को शाखा को 93 लाख 60 हजार 797 रुपये की हानि हुई। जांच में अधिकारियों ने एसबीआई की बाल्को शाखा के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते के स्टेटमेंट जब्त किए थे। इसके अलावा आरोपी की पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और बैंक के अन्य लोन खाताधारकों के बैंक खातों के स्टेटमेंट भी जांच के लिए जब्त किए गए थे। इन दस्तावेजों की जांच से बैंक के बीजीएल खातों से राशि डेबिट कर अन्य खातों में स्थानांतरित किए जाने की जानकारी सामने आई। सभी वाउचर आरोपी सुनील कुमार झा द्वारा तैयार किया गया था। विवेचना के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)ए और 13(2) के साथ भारतीय दंड विधान की धारा 420, 467, 468 एवं 471 को शामिल किया गया। ACB ने संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आपराधिक न्यास भंग, धोखाधड़ी और दस्तावेजों से संबंधित अपराधों के साक्ष्य मिलने की जानकारी दी है। प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसीबी बिलासपुर की टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच टीम ने 35 वर्षीय सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका जिले के राखाबानी, रसीकपुर में उसके निवास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दुमका के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद एसीबी की टीम आरोपी को छत्तीसगढ़ लेकर पहुंची। इसके बाद उसे कोरबा के न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने पूछताछ के लिए आरोपी का पुलिस रिमांड में दे दिया है।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरNovember 28, 2026स्टेट बैंक में 94 लाख रुपए का गबन, ACB ने मुख्य महाप्रबंधक को किया गिरफ्तार, पत्नी और ड्राइवर के खाते में ट्रांसफर किया था पैसा
बिलासपुरNovember 27, 2026ट्रेन की टिकट के लिए काउंटर पर खड़े होने की जरूरत नहीं, चलती – फिरती काउंटर से ले सकते है टिकट
बिलासपुरNovember 27, 2026तिरुपति बालाजी मंदिर में भक्त ने चढ़ाया 121 किलो सोने के गहने, कौन है वो भक्त… और क्या करते है … पढ़े खबर…
बिलासपुरNovember 27, 2026सिंदूर की मर्यादा, छठ पूजा की आस्था से खिलवाड़, कॉमेडियन पर कार्रवाई की मांग, सनातन संस्कृति एवं मातृशक्ति पर प्रहार बर्दाश्त नहीं
