ACB की बड़ी कार्रवाई, डेढ़ लाख रिश्वत लेते हुए GST की महिला अधिकारी गिरफ्तार, नाले में फेंक दी नोट

रायपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने स्टेट GST की सहायक आयुक्त अंचला गिरी (अर्चना गिरी) और दलाल इमरान मेमन को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सहायक आयुक्त ने ई-वे बिल के मामले में रोके गए वाहन को छोड़ने और प्रकरण में राहत देने के बदले रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत किया था। शिकायत में बताया था कि कांकेर में पदस्थ स्टेट जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने ई-वे बिल से संबंधित मामले में उनका वाहन रोक लिया था। वाहन को रिलीज कराने और प्रकरण में राहत प्रदान करने के बदले में रिश्वत की मांग की जा रही है। कार्रवाई के निराकरण के लिए उनसे 1 लाख 50 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगी गई है। शोएब रंगरेज रिश्वत नहीं देना चाहते थे। उन्होंने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़वाने के उद्देश्य से एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि अर्चना गिरी ने गाड़ी रुकवाई और 10 लाख रुपए की पेनाल्टी मांगी। जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत ही 3 लाख रुपए थी। कारोबारी के अनुसार अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपए मांगी, फिर दलाल के माध्यम से डेढ़ लाख रुपए में सौदा हुआ। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के तौर पर कटाने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की बात तय हुई।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने पहले शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग से जुड़े तथ्य सही पाए गए। इसके बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने 21 नवंबर 2026 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। अधिकारी को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। ट्रैप कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त अंचला गिरी को उनके निवास पर 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ा गया। ACB के अनुसार रिश्वत की रकम अधिकारी ने एक दलाल के माध्यम से प्राप्त की थी।
एसीबी की कार्रवाई में इमरान मेमन की संलिप्तता भी सामने आई है। इमरान मेमन की पहचान इदरीश मेमन के 30 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। वह संजयनगर, कांकेर का निवासी है। एसीबी के अनुसार, सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने रिश्वत की राशि इमरान मेमन के माध्यम से प्राप्त की थी। इस आधार पर जांच में उसकी भूमिका भी सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने अधिकारी के साथ दलाल के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने सहायक आयुक्त अंचला गिरी और मध्यस्थ इमरान मेमन के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। इसके साथ ही आय से अधिक संपत्ति के संदेह में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। एसीबी के अनुसार, प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति और अन्य संबंधित पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में रिश्वत की मांग और रकम प्राप्त करने से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।
00 आय से अधिक संपत्ति के संदेह में घर की तलाशी
रिश्वत मामले में ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी ने सहायक आयुक्त अंचला गिरी के निवास पर तलाशी की कार्रवाई भी शुरू की है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में की जा रही है। एसीबी की टीम निवास पर संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच कर रही है। तलाशी के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आय से अधिक संपत्ति के संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। एसीबी द्वारा नियमानुसार जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर +919406157580

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *