

बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में जनसमस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बिजली विभाग को टूटे एवं झूलते तारों, टेढ़े खम्भों और ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों का अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतें मैदानी समस्याओं का महत्वपूर्ण संकेतक हैं। इनके आधार पर समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान कर सुधार करें।
कलेक्टर ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारियों को उपार्जन केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केन्द्र में निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और फोन नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। जिले के जिन 22 केन्द्रों में अभी खरीदी शुरू नहीं हुई है, वहां खरीदी प्रारंभ कराएं, ताकि पूरी प्रक्रिया की जांच हो सके और सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। बैठक में पाइप्ड गैस कनेक्शन के विस्तार पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि जिले में इस वर्ष 75 हजार कनेक्शन का लक्ष्य है। बिलासपुर में 40 हजार कनेक्शनों को पाइप्ड गैस से जोड़ने की संभावना है, जबकि तखतपुर और रतनपुर में आठ-आठ हजार कनेक्शन दिए जाने हैं। शहर में अब तक 2,700 कनेक्शन हो चुके हैं। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों सहित सभी शासकीय संस्थानों को भी पाइप्ड गैस से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि इसके उपयोग से ईंधन की लागत में लगभग 30 प्रतिशत की बचत होती है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन जमीनों का अर्जन और मुआवजा भुगतान हो चुका है, उन्हें अभियान चलाकर संबंधित विभाग के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराया जाए। जिन प्रकरणों में विभागों से भू-अर्जन की राशि प्राप्त हो चुकी है, उनमें एसडीएम तत्काल भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने ई-ऑफिस के माध्यम से अधिकाधिक काम करने पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारियों के कामकाज के मूल्यांकन में ई-फाइलिंग की प्रगति को भी आधार बनाया जाएगा।
सड़कों की मरम्मत की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन में लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा आगामी मंगलवार को अपरान्ह में की जाएगी। उन्होंने फसल नुकसान का सर्वे करने तथा खड़ी फसल और कटाई के बाद हुई क्षति, दोनों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। फसल नुकसान की सूचना हेल्पलाइन नंबर 14447 पर देने की जानकारी भी दी गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को फसल क्षति के संबंध में प्रशिक्षण दिया। बैठक में विभागों के आपसी समन्वय से जुड़े विषयों और विभिन्न योजनाओं के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ आयोजित एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर ने स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं गतिविधियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल और अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरNovember 25, 2026टीएल की बैठक : कलेक्टर ने टेढ़े खम्भों, टूटे और झूलते तारों को जल्द सुधारने के दिए निर्देश
UncategorizedNovember 24, 2026SECL में 65 करोड़ का घोटाला हुआ है या अधिकारी नकारा साबित हुए है ? CAG रिपोर्ट से CMD समेत पूरा प्रबंधन कटघरे में
बिलासपुरNovember 24, 2026पुलिस पेट्रोल पंप ने बिक्री में रचा कीर्तिमान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्राप्त किया प्रथम स्थान
बिलासपुरNovember 23, 2026छत्तीसगढ़ी गीत से फेमिना मिस इंडिया ईस्ट और राज चंद्राकर की नई शुरुआत, का जादू डारे गोरी रे … ने मचाया धमाल
