बिलासपुर। प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित द्वारा विभिन्न मदों से किए गए करीब 42 लाख रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। पत्रकार कॉलोनी बिरकोना में आयोजित लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राज्य पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव शामिल हुए। उनके अलावा बतौर विशिष्ट अतिथि बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, बिलासपुर महापौर रामशरण यादव, राज्य आवास संघ के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल शामिल हुए।

पत्रकारों के लिए निर्मित कॉलोनी में संचालक मंडल एवं गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष इरशाद अली द्वारा विभिन्न विकास कार्य संपन्न कराए गए। इसके तहत क्षेत्र के विधायक रजनीश सिंह के विधायक मद से प्राप्त 5 लाख रुपये से निर्मित सामुदायिक भवन, मेयर रामशरण यादव द्वारा 15.8 लाख की लागत से पेयजल हेतु पाइपलाइन विस्तार, सहकारी समिति और शासन द्वारा प्राप्त सहायता के तहत 21 लाख रुपए की लागत से गार्डन, फेंसिंग, स्ट्रीट लाइट, गेट डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। अपने उद्बोधन में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ सालों में पत्रकारों की यह कॉलोनी पूरे बिलासपुर के लिए नज़ीर होगी। इसके लिए अभी से मास्टर प्लान तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से मकान बनाने का सुझाव दिया, ताकि आने वाले सालों में शासन की योजनाओं, ड्रेनेज, सीवरेज, प्लांटेशन आदि के लिए पर्याप्त व्यवस्था हो सके। गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष इरशाद अली की मांग पर अटल श्रीवास्तव में जल्द ही अतिरिक्त 5 एकड़ जमीन आवंटन के रास्ते में आने वाली अड़चनों को भी दूर करने का आश्वासन दिया।

अपने उद्बोधन में क्षेत्रीय विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि वित्तीय संकट के बावजूद उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए ₹5 लाख प्रदान किया है और भविष्य में भी पत्रकारों की इस कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं के लिए यथासंभव मदद करेंगे। उनसे ₹20 लाख की मांग की गई है। उन्होंने भविष्य में इस पर उदारता पूर्वक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए बिलासपुर महापौर रामशरण यादव ने वादा किया कि उनके द्वारा इस कॉलोनी में सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा। साथ ही अन्य बुनियादी जरूरतों के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाने का भरोसा उन्होंने दिलाया है।
राज्य आवास संघ के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में बिलासपुर प्रेस क्लब और गृह निर्माण सहकारी समिति के उद्देश्यों का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि पत्रकारों के लिए गठित सहकारी समिति को ही जमीन आवंटन का अधिकार प्राप्त है और हमेशा बिलासपुर प्रेस क्लब एवं गृह निर्माण सहकारी समिति आपस में तालमेल बनाकर चलती रही है। उन्होंने भविष्य में भी आपस में यही समन्वय कायम रखने पर जोर दिया। बिलासपुर प्रेस क्लब के सचिव एवं बिलासपुर प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष इरशाद अली ने अपने स्वागत भाषण के दौरान अपने कार्यकाल के आरंभ से लेकर अब तक हुए विकास कार्यों की सिलसिलेवार जानकारी दी। साथ ही उन्होंने भविष्य की योजनाओं के लिए अतिथियों से सहायता की गुहार भी लगाई। मंच पर मौजूद अटल श्रीवास्तव से उन्होंने शेष बचे पत्रकारों के लिए 5 एकड़ अतिरिक्त भूमि की मांग की। इसकी प्रक्रिया काफी हद तक पूरी हो चुकी है। वहीं उन्होंने विधायक रजनीश सिंह से विभिन्न विकास कार्यो के लिए ₹20 लाख की मदद मांगी। महापौर से भी उन्होंने अलग-अलग कार्यों के लिए मदद की उम्मीद लगायी। मंचीय कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों द्वारा नवनिर्मित सामुदायिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। वहीं अतिथियों द्वारा शिलालेख पट्टिका का भी अनावरण किया गया। इस अवसर पर बिल्हा जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय, अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या सहित तमाम पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन संचालक मंडल में शामिल वरिष्ठ पत्रकार कमलेश शर्मा द्वारा किया गया।
Author Profile

Latest entries
बिलासपुरSeptember 19, 2026जबरिया चंदाखोरी वसूली के खिलाफ व्यापारी हुए लामबंद, 23 को बाजार बंद रखने का ऐलान
दुर्गSeptember 19, 2026BSP से लोहा चोरी करने वाले प्राइवेट स्टील प्लांट के MD और डायरेक्टर गिरफ्तार, करोड़ो रूपए का लोहा चोरी का मामला
बिलासपुरSeptember 18, 2026जानलेवा हमला करने वाले तीन युवक गिरफ्तार, थी पुरानी रंजिश, बदला लेने कर दिया लोहे की पाइप से हमला
बिलासपुरSeptember 17, 2026मुख्यमंत्री के क्षेत्र में भाजपा को बड़ा झटका, 8 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, कहा – बिजली, पानी, सड़क के लिए तरस गए
