बेरोजगारी भत्ता के लिए ऑनलाईन आवेदन शुरू, पहले दिन 314 लोगों ने किया आवेदन

बिलासपुर। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना बेरोजगारी भत्ता के लिए आज से ऑनलाईन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसे लेकर जिले के युवाओं में खासा उत्साह है। योजना के तहत शिक्षित बेरोजगार युवाओं को अप्रैल माह से 2500 रूपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। अप्रैल महीने में किसी भी दिन किए गए आवेदनों पर घोषणा अनुसार भत्ता 1 अप्रैल से ही देय होगा। चॉइस सेंटर में बड़ी संख्या में युवा ऑनलाइन आवेदन भरने पहुंच रहे हैं। युवाओं ने कहा कि राज्य सरकार की इस योजना से हमारे सपनों को नई उड़ान मिलेगी। आर्थिक तंगी के चलते हमारे सपने पूरे नहीं हो पा रहे थे, इस योजना से अब हमारे दिन बहुरेंगे। जिला रोजगार अधिकारी श्री ए.सी. पहारे ने कोनी सहित आसपास के च्वाईस सेंटरों का दौरा कर बेरोजगारी भत्ता के लिए भरे जा रहे आवेदनों की जानकारी ली और युवाओं से चर्चा की। उन्होंने युवाओं से कहा कि आवेदन के लिए कोई समय-सीमा नही है, इसलिए किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें। बेरोजगारी भत्ता के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेकर ही आवेदन करें।
जिले के चॉइस सेंटर में आवेदन करने पहुंचे कोनी निवासी कन्हैया कोसले ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दी जा रही बेरोजगारी भत्ता से हम जैसे गरीब परिवार के युवाओं को बहुत राहत मिलेगी। इससे हमें आगे की पढ़ाई में भी मदद मिलेगी। कोनी निवासी श्री सूरज ठाकुर ने बताया कि मैं गुरू घासीदास विश्वविद्यालय में पी.जी. की पढ़ाई कर रहा हूं। सरकार द्वारा जो बेरोजगार युवाओं को 2500 रूपए प्रतिमाह दी जाएगी, इससे हमें पढ़ाई के लिए छोटी-छोटी आवश्यकताओं में बहुत सहयोग मिलेगा। इस पहल के लिए मैं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देता हूं। बिरकोना निवासी राहूल सूर्यवंशी ने बताया कि मैं बेरोजगारी भत्ता के लिए आवेदन करने पहुंचा हूं। बेरोजगारी भत्ता मिलने से जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण आगे की पढ़ाई नहीं कर पाते उन्हें बहुत राहत मिलेगी। ग्राम सिंघरी निवासी ओम प्रकाश साहू ने बताया कि राज्य सरकार की यह बहुत अच्छी पहल है। इससे बेरोजगार युवाओं को फायदा होगा।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *