रामायण गान प्रतियोगिता के फाइनल में शामिल हुए महापौर और जिला पंचायत सभापति, तिफरा की मानस मंडली प्रथम, अंकित ने कहा – भारत एक समृद्ध संस्कृति और विरासत वाला देश

बिलासपुर। जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन लालबहादुर शास्त्री स्कूल परिसर स्थित पंडित देवकीनंदन दिक्षित सभा भवन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विकासखंड स्तर पर हुए रामायण मंडली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त विजेता टीमों ने भाग लिया। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में बिल्हा विकास खंड के राम सुधा रस मानस मंडली तिफरा ने प्रथम, तखतपुर के तुलसी चौरा मानस मंडली सिलतरा ने द्वितीय एवं मस्तूरी के जय मां काली मानस मंडली परिवार वेद परसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मानस मंडली को ₹50000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
महापौर रामशरण यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति लोक परंपरा खेल खानपान एवं जीवन शैली को सहेजने और बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को मानस मंडलीयों एवं कलाकारों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य भर में रामायण मानस मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस पहल से निश्चित ही हमारे युवा पीढ़ी को अपने परंपरा और संस्कृति से परिचित होने का मौका मिलेगा।
जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने कहा कि हमारा भारत देश एक समृद्ध संस्कृति और विरासत वाला देश है और हमारी परंपरा एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मानस मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है मुख्यमंत्री की यह पहल बहुत ही सराहनीय है। इससे युवाओं को अच्छी शिक्षा के साथ अच्छा संस्कार भी मिलेगा। जिला पंचायत के सीईओ अजय अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया।
प्रतियोगिता में कोटा विकासखंड से अंगना के तुलसी मानस मंडली ग्राम पंचायत चुरेली, तखतपुर विकासखंड से तुलसी के चौरा मानस मंडली सिलतरा, मस्तूरी विकासखंड से जय मां काली मानस मंडली परिवार वेद परसदा एवं बिल्हा विकासखंड से राम सुधा रस मानस मंडली तिफरा ने श्रीरामचरितमानस के अरण्य कांड पर आधारित प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्यगण, सहायक परियोजना अधिकारी आनंद पांडे सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे मंच का संचालन सौरभ सक्सेना एवं कौशलेंद्र उपाध्याय ने किया।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *