7 करोड़ के एक्वाडक्ट में लीकेज, नहर में पानी छोड़ते ही फेंक रहा तुरतुरी, सिंचाई विभाग के अधिकारियों को खबर तक नहीं

बिलासपुर। अरपा भैंसाझार परियोजना की मुख्य नहर में सात करोड़ रुपए की लागत से बने एक्वाडक्ट में लीकेज आ गया है। पीछले कई दिनों से तुरतूरी फेंक रहा है लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी खबर तक नहीं है। कभी भी पानी के दबाव से पूरा एक्वाडक्ट धसक सकता है।
चीफ इंजीनियर अजय सोमावार की देखरेख में बने नहर निर्माण में फिर से गड़बड़ी सामने आ रही है। जी हां बात कर रहे है अरपा भैसाझार बराज के लिए बने मुख्य नहर की। बराज का मुख्य नहर जोगीपुर, पिपरपारा, खुरदुर, खरगहनी, पथर्रा, लेमर, घुटकू और भाड़म होते हुए बिल्हा तक गया है। हालांकि अभी नहर का काम पूरा नही हुआ है लेकिन कई जगह से लीकेज की शिकायतें आने लगी है। ग्राम खरगहनी के पास लमेर नाले के ऊपर से नहर गुजरी है। आमतौर पर नदी या नालों के ऊपर से नहर निकलने के लिए नाले के ऊपर क्रांकीट का एक्वाडक्ट बनाया जाता है। यहां भी लमेर नाले के ऊपर करीब सात करोड़ रुपये की लागत से एक्वाडक्ट का निर्माण किया गया है। घटिया निर्माण होने के कारण इस एक्वाडक्ट में लीकेज आ गया है। पिछले कुछ दिनों से भैंसाझार बराज से पानी छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़ने के बाद से एक्वाडक्ट में लीकेज आ गया है और लगातार पानी बह रहा है। पहले लीकेज वाले स्थान से निकलने वाला पानी की धार पतला था लेकिन अब इसकी धार मोटी हो गई है। इस लीकेज से अब तक हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह चुका है। दूसरी ओर पानी की धार यूं ही बढ़ता रहा और सिंचाई विभाग के अधिकारी बेपरवाह रहे तो पूरा एक्वाडक्ट भसक सकता है। विडंबना तो ये है की लीकेज से पीछले कई दिन से पानी निकल रहा है लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं है। आपको बता दें अरपा भैंसाझार परियोजना की शुरुआत 2013-14 में हुई थी। शुरू में इसकी लागत 606 करोड़ रुपये थी। वर्तमान में बढ़कर इसकी लागत 1400 करोड़ तक जा पहुंची है। परियोजना में अब तक 1,400 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। लेकिन अब तक सिंचाई के लिए किसानों को पानी नहीं मिल रहा है। परियोजना के निर्माण के दौरान यह दावा किया गया था कि 25 हजार हेक्टेयर में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। वर्तमान में यह दावा कागजों तक ही सीमित होकर रह गया है।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *