7 लाख की सुपारी लेकर की BJP नेता असीम राय की हत्या, कांग्रेस नेता समेत 11 लोग गिरफ्तार, शूटर पुलिस की पकड़ से बाहर

कांकेर। पखांजूर में बीजेपी नेता असीम राय की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कांग्रेसी नेताओं ने 7 लाख रुपए में सुपारी देकर हत्या करवाई थी। इस मामले पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के साथ 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस खुलासे के बाद छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांकेर का दौरा किया और असीम राय के परिजनों से मुलाकात की है।

जिले के पखांजूर में 7 जनवरी को बीजेपी जिला उपाध्यक्ष असीम राय की हत्या कर दी गई थी। मामले में कांकेर पुलिस ने आज बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार कांग्रेस नेताओं ने सुपारी देकर बीजेपी नेता असीम राय की हत्या करवाई है। इस राजनीतिक षडयंत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली और कांग्रेस पार्षद विकास पाल समेत 11 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लेकिन मुख्य शूटर विकास तालकुदार अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, यह हत्या 7 जनवरी को पखांजूर के पुराना बाजार इलाके में रात आठ बजे के करीब की गई थी। घटना के वक्त असीम राय बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। राय जब अचानक वाहन से गिरे, तो आसपास के लोगों की मदद से उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। प्रारंभिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने राय के सिर पर गोली लगने की पुष्टि की थी तब जाकर हत्या का पता चला था।
कांकेर एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया, “हाई प्रोफाइल मर्डर केस होने के कारण मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। पखांजूर शहर के सीसीटीव्ही कैमरों को खंगला गया। इस दौरान पता चला कि बाईक से दो आरोपियों ने असीम राय का पीछा किया था। बाईक चलाते हुये पीछे बैठे आरोपी ने मृतक को पिस्टल से शूट किया था। बाईक में पीछे बैठकर पिस्टल चलाने वाले आरोपी की पहचान विकास तालुकदार के रुप में किया गया। जिसे अक्सर नीलरतन मंडल के साथ घुमते देखा गया। नीलरतन मंडल को हिरासत में लेकर कडाई से पूछताछ करने पर उसने पूरे षड़यंत्र का खुलासा किया।
पुलिस की पूछताछ में नीलरतन मंडल ने बताया कि पखांजूर निवासी मंडल मेडिकल के प्रोपराईटर सोमेन्द्र मंडल, सर्वजीत उर्फ सुरजीत एवं रीपन तीनों ने उससे मुलाकात की। उन्होंने पखांजूर के कांग्रेस नेता बप्पा गांगुली, विकास पाल और जितेन्द्र बैरागी तीनों मिलकर भाजपा नेता असीम राय की हत्या करवाना चाहते हैं। नीलरतन ने असीम राय की हत्या के लिये अपने मौसेरे भाई शार्प शूटर विकास तालुकदार और जयंत विश्वास की मुलाकात सोमेन्द्र से करवायी। जिसके बाद असीम राय की हत्या के लिये नीलरतन मंडल, विकास तालुकदार एवं जयंत विश्वास ने 7 लाख रुपये में सुपारी लिया।
सोमेन्द्र मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर असीम राय की हत्या के षड़यंत्र में शामिल होना कुबूल किया है। उसने बताया कि 03 दिसंबर 2024 को सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस नेता एवं नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। उनकी कुर्सी खतरे में थी। इसी प्रकार पार्षद विकास पाल को इस बात का डर था कि उसका पखांजूर इन होटल का अवैध निर्माण भी तोड़ा जायेगा। दोनों ही इस बात के लिये असीम राय को ही जिम्मेदार मानते थे। जितेन्द्र बैरागी की भी असीम राय के साथ पुरानी रंजिश थी, जिसके कारण बप्पा गांगुली, विकास पाल और जितेन्द्र बैरागी ने मिलकर सोमेन्द्र मंडल को असीम राय की हत्या करवाने की जिम्मेदारी दी थी। हत्या के लिये पैसे की व्यवस्था बप्पा गांगुली एवं विकास पाल ने किया था।
जितेन्द्र वैरागी को मृतक की रेकी करने की जिम्मेदारी दी गयी। जितेन्द्र बैरागी ने अपने साथी तपन मंडल एवं समीत मांझी के साथ मिलकर मृतक की गतिविधियों की रेकी की। बप्पा गांगुली एवं विकास पाल ने सोमेन्द्र मंडल के माध्यम से 07 लाख रुपये नीलरतन को भेजा। जिसमें उक्त रकम में से करीब 01 लाख रुपये में पिस्टल खरीदा। इसके बाद विकास तालुकदार ने अपने साथी गोपीदास के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
हत्या में शामिल 11 आरोपियों में बप्पा गांगुली, विकास पाल, सोमेन्द्र मंडल, नीलरतन मंडल, रीपन सदियाल, सुरजीत बाला, समीत मांझी, तपन मंडल, जितेन्द्र बैरागी और जयंत विश्वास शामिल थे। असीम राय की हत्या के लिये नीलरतन मंडल, विकास तालुकदार एवं जयंत विश्वास ने 7 लाख रुपये में सिपारी ली थी।
असीम राय पखांजुर नगर पंचायत के अध्यक्ष भी रहे हैं। पहले वे पार्षद भी रहे हैं और बीजेपी की जिला इकाई उपाध्यक्ष भी रहे हैं। असीम राय पर 2014 में भी दो लोगों ने इसी तरह के हमले किये थे, लेकिन तब वे सुरक्षित बच गए थे।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *