शिवरीनारायण के चौपाटी एवं रिटेर्निंगवॉल के पुनर्निर्माण पर उठने लगे सवाल, पूर्व अध्यक्ष पर लग रहे गंभीर आरोप

शिवरीनारायण। छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी शिवरीनारायण के नगर पंचायत क्षेत्र में चौपाटी एवं बाम्बे मैरिन ड्राइव रोड पर महानदी तट की संरक्षण हेतु बनी रिटेनिंग वॉल के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत को पत्र लिखकर इस कार्य की पारदर्शिता, प्रशासकीय व तकनीकी स्वीकृति, लागत राशि आदि की जानकारी मांगी गई है।

पत्र के अनुसार शिवरीनारायण के ऐतिहासिक मेला मैदान स्थित चौपाटी और रिटेनिंगवाल का पुनर्निर्माण बिना स्पष्ट जानकारी के प्रारंभ कर दिया गया है। इन निर्माण स्थलों पर निर्माण की प्रक्रिया व प्रावधान का पालन नहीं किया गया है। यहां पर निर्माण एजेंसी, प्रशासकीय व तकनीकी स्वीकृति, मद व लागत राशि संबंधी सूचना पटल भी नहीं लगने से नागरिकों में संदेह की स्थिति बन रही है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 9 पर श्रीराम प्रतिमा के पास बॉम्बे मैरिन ड्राइव रोड पर भी पुराने रिटेनिंग वॉल को आंशिक रूप से तोड़कर पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके पीछे की प्रक्रिया पर भी प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं। नपं. अध्यक्ष थवाईत से इन निर्माण को तोड़कर इसके पुनर्निर्माण बाबत सक्षम तकनीकी अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन की प्रति भी यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।

इसके अतिरिक्त, पत्र में बताया गया है कि 15 जून 2025 से शासन द्वारा रेत उठाव प्रतिबंध है। फिर भी इन कार्यों में रेत का उपयोग हो रहा है, जिसकी आपूर्ति के स्रोत व रेत रॉयल्टी सहित यह रेत कहां से लाई जा रही है इसकी वैधता की जानकारी भी मांगी गई है। नगर के एक प्रबुद्ध नागरिक अश्वनी केशरवानी द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत को दिए गए इस मांग पत्र में जनहित और निर्माण कार्य में पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। जिसकी सोशल मीडिया में काफी सराहना हो रही है और नगर वासी भी नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत से उक्त जानकारी यथाशीघ्र उपलब्ध कराने और सार्वजनिक करने की मांग कर रहे है। साथ ही चौपाटी से टेका टाइल्स आदि को तोड़ने के कारण मलबे व निर्माण की अन्य सामग्रियां बिखरी होने एवं यह निर्माण कार्य रोके जाने से चौपाटी अवस्थित और गंदगी पसरी हुई है। इससे यह चौपाटी अपने आकर्षक और सौंदर्यता को खो चुकी है और नागरिकों सहित अन्य स्थानों से आने वाले सैलानी पर्यटकों को अनेक असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसे दृष्टिगत रखते हुए सब्र धरा शिवरीनारायण के नागरिकों ने नगर पंचायत के अध्यक्ष को इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान वार्ड क्रमांक 9 में महानदी तट संरक्षण कार्य के अंतर्गत शबरी सेतु से डोंगाघाट तक किए सीसी रोड-मैरिन ड्राइव , नाली और रिटेर्निंगवाल निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्रियों के उपयोग किए जाने को लेकर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डॉ.शांति कुमार कैवर्त्य उसी समय नवंबर 2019 को पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल को पत्र लिखकर ध्यानाकर्षण कर रिटेनिंगवॉल में 30 दरारें होने का अपने पत्र में उल्लेख किए थे। जिसे तोड़कर गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण कर संबंधित ठेकेदारों पर प्रावधान अनुसार कड़ी कार्यवाही करने का आग्रह किए थे। लेकिन नगर पंचायत शिवरीनारायण के पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने इसे नजर अंदाज कर दिया। परिणाम आज नपं. के वर्तमान अध्यक्ष राहुल थवाईत को इसे तोड़कर बनवाना पड़ रहा है। जिससे शासन/नगर पंचायत को लाखों रुपए की राशि का अपव्यय हो रहा है जिसकी भरपाई कौन करेगा।

Author Profile

नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794
नीरजधर दीवान /संपादक - मोबाइल नंबर 8085229794

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *